Thursday 15 August 2024

खेलों की प्रेम कहानियां

 



खेल मैदान खिलाड़ियों के कौशल और प्रतिभा प्रदर्शन के मंच होते हैं। और इसका सबसे बड़ा मंच है ओलम्पिक खेल। ओलम्पिक खेलों का लक्ष्य ही सिटियस,अल्टियस,फोर्टियस है। क्या ही कमाल है कि और तेज़,और ऊँचा,और मजबूत बनने के इस यज्ञ में आहुति देते हुए भी खिलाड़ियों के हृदय में बहती प्रेम की धारा सूखती नहीं है।

फिर ये खेल 'प्रेम के शहर' पेरिस में हो रहे हों तो बात ही क्या है। एक ऐसा शहर जिसकी प्रेम की एक ऐतिहासिक परंपरा रही हो। एक ऐसा शहर जिसका साहित्य, कला, वास्तु, संस्कृति सब मिलकर शहर में अदभुत रोमान पैदा करते हों। एक ऐसा शहर जो अनगिनत रोमांटिक  उपन्यासों,कहानियों और फिल्मों का बैकड्रॉप रहा हो। शहर जो एमिल जोला का है। शहर जो  फ्रेडरिक बैरन का है। शहर जो क्लेयर कीटो का है। शहर जो मेरी एंटोनेट और लुई चौदहवे के प्रेम का है। शहर जिसमें प्रेम का प्रतीक बन चुका एफिल टावर हो। शहर जिसमें  प्रेम का पुल पोंट डेस आर्ट्स हो जिस पर खड़े होकर प्रेमी अपने प्रेम को ताला लगाकर हमेशा के लिए सुरक्षित रखने की कामना करते हों और जिसका नाम ही 'लव लॉक ब्रिज' पड़ गया हो। शहर जिसमें मोंटमार्टे जैसा कोई रोमानी इलाका हो और उसके केंद्र में एक प्रेम की दीवार 'ले मूर डेस जे टाइमे' हो जिस दुनिया की अढ़ाई सौ से भी ज्यादा भाषाओं में तीन शब्दों को ही बार बार लिखा गया हो 'आमी तोमाको भालोबाशी'। 

एक ऐसा शहर ए मोहब्बत जहां दुनिया भर के प्रेमी अपनी मोहब्बत का इजहार करने आते हों। उस शहर में दुनिया के कोने कोने से सद्भाव और मैत्री का संदेश लाए खिलाड़ियों को अगर प्यार ना हो जाता तो फिर क्या होता। और क्या वजह रही होगी कि इस शहर में इन खेलों के दौरान एक नहीं, दो नहीं, बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों के सात जोड़ों ने अपने साथियों को प्रपोज किया। 

क्या ही खूबसूरत वे दृश्य रहे होंगे जो खेलों की दुनिया को रोमान के रंगों से सराबोर कर रहे थे।

दृश्य एक

ये इश्क़ नहीं आसाँ इतना ही समझ लीजे

इक आग का दरिया है और डूब के जाना है

                                      जिगर मुरादाबादी।

ये जुलाई की चौबीसवीं तारीख थी। अभी भी ओलंपिक खेलों के औपचारिक उद्घाटन में दो दिन बाकी थे। हां कुछ खेलों के मुकाबले जरूर शुरू हो गए थे। फुटबॉल और रग्बी के। अगले दिन हैंडबॉल के मुकाबले भी शुरू होने थे। 

समय शाम गौधूली। जगह पेरिस का खेल गांव। अर्जेंटीना की पुरुष हैंडबाल टीम और महिलाओं की हॉकी टीम के खिलाड़ी एक जगह इकट्ठे हैं। अचानक पाब्लो सिमोनेट घुटने के बल बैठते हैं और अपनी फियांसे हॉकी खिलाड़ी मारिया कैंपॉय का हाथ पकड़ विवाह प्रस्ताव रखते हैं। मारिया चौकती हैं और फिर इस प्रताव का स्वीकार कर लेती हैं। वातावरण में प्रेम की नमी घुल जाती है। आठ सालों से पल रही प्रेम कथा के रंग कुछ और गाढ़े हो जाते हैं।

खेलों से पहले प्रेम का उत्सव शुरू हो जाता है। खेलों के उत्साह और उमंग पर प्रेम का रंग भी चढ़ जाता है।


दृश्य दो

मोहब्बत में नहीं है फ़र्क़ जीने और मरने का 

उसी को देख कर जीते हैं जिस काफ़िर पे दम निकले                                      

                                         मिर्ज़ा ग़ालिब

तारीख दो अगस्त की। समय गहराती रात। स्थान ला चैपल अरीना। चीन की बैडमिंटन खिलाड़ी हुआंग या क्वॉन्ग अपने साथी झेंग सिवेई के साथ दक्षिण कोरिया की किम वोन हो और जियांग ना यून के विरुद्ध मिश्रित युगल का फाइनल मैच आसानी से 21- 08,21- 11 से जीत लेती हैं। दर्शकों में हुआंग या क्वांग के फियोंसे बैडमिंटन खिलाड़ी चीन के लियू यू चेन मैच देख रहे होते हैं। वे अपनी जगह से उठते हैं और अपनी मित्र हुआंग के सामने पहुंचते हैं। बधाई के लिए पहले फूलों का गुलदस्ता भेंट करते हैं और फिर घुटनों के बल बैठकर उन्हें प्रस्तावित करते हुए इंगेजमेंट रिंग उनकी अंगुली में पहना देते हैं। पूरा अरीना खुशियों से भर जाता है। प्रेम के रंग और गाढ़े होते जाते हैं।

प्रेम में डूबी हुआंग स्वर्ण पदक के साथ साथ इंगेजमेंट रिंग को भी लेकर घर वापस लौटती हैं।


दृश्य तीन

इक लफ़्ज़-ए-मोहब्बत का अदना ये फ़साना है 

सिमटे तो दिल-ए-आशिक़ फैले तो ज़माना है 

                                                   जिगर मुरादाबादी

तारीख 10 अगस्त। स्थान पोर्ते दे ला चैपल अरीना जहां चीन के लियू यू चेन ने हुआंग को प्रस्तावित किया था। बस फ्लोर बदला हुआ था। ये बैडमिंटन कोर्ट की जगह लयबद्ध जिमनास्ट का फ्लोर था।

इटली की लयबद्ध जिमनास्ट एलेसिया मौरेली का वो सपना पूरा हो रहा था जिसे वे बचपन से देखा करती थीं और उसके चित्र बनाया करती थीं। बचपन में उनसे उनके सबसे बड़े सपने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने ओलंपिक रिंग्स के अंदर स्प्लिट्स करते हुए खुद की एक तस्वीर बनाई थी। 

हो भी क्यों ना जो तस्वीर वे खुद बनाया करती थीं,उन्हें आज दुनिया भर के फोटोग्राफर जो उतार रहे थे। उन्होंने लयबद्ध जिम्नास्टिक का कांस्य पदक जीता था। उनका सपना पूरा हुआ था। लेकिन तस्वीर अभी भी पूरी नहीं थी। इसमें प्रेम के रंग भरे जाने थे। और उनके कांसे के धूसर रंग को चमकीला जो बनाया जाना था।

जैसे ही वे पोडियम से उतरी। उनके फियोंसे मास्सिमो बर्टेलोनी ने उनके समक्ष प्रस्ताव रखा और मौरेली की उंगली पर एक चमकदार हीरे की सगाई की अंगूठी। अब वे एक पदक के अलावा चमकदार अंगूठी के साथ विदा हो रही थीं। उनका चेहरा जीत की खुशी से ही नहीं दमक रहा था बल्कि प्रेम के रंग से सुर्ख भी हुआ जाता था।

वे कह रही थीं "यह अंगूठी और यह पदक भविष्य की खुशबू है और मैं अपने सबसे अच्छे दोस्तों, टीम के साथियों और अपने भावी पति के साथ इसे जीकर बहुत खुश हूं।"

दृश्य चार

तुम्हें ज़रूर कोई चाहतों से देखेगा 

मगर वो आँखें हमारी कहाँ से लाएगा 

                                                  बशीर बद्र

तारीख  पांच अगस्त। दिन सोमवार। दिन का उजला समय। स्थान खूबसूरत सीन का किनारा।बैकड्रॉप एफिल टावर। 

अमेरिका के जस्टिन बेस्ट ने 01 अगस्त को अपने साथियों निक मीड,माइकल ग्रैडी और लियाम कॉरिगन के साथ मिलकर रोइंग की पुरुषों की कॉक्सलेस फोर स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता था। ये 64 वर्षों में इस स्पर्धा में अमेरिका का पहला स्वर्ण पदक था।

इस खूबसूरत जगह पर अपने दोस्तों और पारिवारिक सदस्यों के साथ इससे बेखबर प्रेमिका को लैनी डंकन को 2738 पीले गुलाबों के साथ प्रपोज किया। इतने गुलाब इसलिए कि वे इतने दिनों से स्नैपचैट पर एक दूसरे से प्रेम का इजहार कर रहे थे और पीले इसलिए कि स्नैपचैट के नोटिफिकेशन का बिंदु पीले रंग का होता है।

सीन नदी के किनारे 2738 दिनों की एक प्रेम यात्रा अब अपने अंजाम को प्राप्त हो चुकी थी। सीन नदी के किनारे एक और धारा बहने लगी थी प्रेम की और गुलाबों की खुशबू में घुल कर प्रेम महकने लगा था।


दृश्य पांच

बहुत दिनों में मोहब्बत को ये हुआ मा'लूम 

जो तेरे हिज्र में गुज़री वो रात रात हुई 

                                         फ़िराक़ गोरखपुरी

तारीख छह अगस्त। दिन मंगलवार। स्थान स्टेड डी फ्रांस।  स्थानीय धावक 33 वर्षीया 

एलिस फिनोट एक रोमानी अंदाज में खुद से किया गया एक वादा पूरा कर रही थीं।

वे पहली बार ओलंपिक में भाग ले रही थीं। स्पर्धा थी महिलाओं की 3,000 मीटर स्टीपलचेज़। वे उसमें चौथे स्थान पर रही। केवल तीन सेकंड से पदक चूक गईं। हालाँकि उन्होंने 8:58.67 के समय के साथ यूरोपीय स्टीपलचेज़ रिकॉर्ड तोड़ दिया था।

लेकिन दौड़ से पहले उन्होंने स्वयं से भी एक वादा किया था कि "नौ मेरा भाग्यशाली अंक है और हमारे साथ के भी नौ वर्षों हो चुके हैं। (अगर) मैं नौ मिनट से कम समय में ये दौड़ पूरी कर लूं तो मैं प्रपोज करूंगी।"

और खुद से किए गए वादे को पूरा करने के लिए  दौड़ के कुछ ही क्षणों बाद फिनोट ट्रैक पर एक घुटने के बल बैठी और पानी भरी आंखें लिए  अपने स्पेनी प्रेमी ब्रूनो मार्टिनेज बार्गीला को, जो ट्रायथलीन के खिलाड़ी हैं,एक पिन भेंट की। इस पर लिखा था "प्यार पेरिस में है।" बाद में उन्होंने वो पिन बारगीता शर्ट में टांक दिया मानो ये पिन ना हो उनका दिल हो कि अब दो दिल एक साथ धड़कने लगे थे।


दृश्य छह

दिल पे आए हुए इल्ज़ाम से पहचानते हैं 

लोग अब मुझ को तिरे नाम से पहचानते हैं 

                                         क़तील शिफ़ाई

तारीख 30 जुलाई। दिन मंगलवार। पेरिस में कोई जगह। अमेरिका की महिला रग्बी सेवन खिलाड़ी अलेव केल्टर ने अपनी स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के बाद साथी खिलाड़ी कैथ ट्रेडर के सामने घुटनों के बल बैठी और अपनी 96 साल की दादी की मौजूदगी में शादी का प्रताव रखा।

एलेव केल्टर तीसरी बार ओलंपिक खेलने पेरिस आई थीं। उनका पदक जीतने का सपना तब पूरा हुआ जब उन्होंने कांस्य पदक मैच में 30 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया को 14-12 से हराकर एक इतिहास रचा। अमेरिकी सेवन्स स्क्वाड के लिए ये अब तक का पहला पदक था। इस जीत में केल्टर ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अमेरिका की ओर से पहला स्कोर किया। 

इस जीत के बाद वे सीधे अपनी दोस्त ट्रेडर के पास पहुंचीं और उन्हें प्रपोज किया। ट्रेडर उसी अमेरिकी महिला XVs टीम के लिए खेलती हैं, जिसके लिए केल्टर भी खेलती हैं और यहीं पर इनके बेवच प्रेम की नींव पड़ी। 

ये प्रपोजल अन्य प्रपोजल से अलग बहुत ही वैयक्तिक रहा और इसका पता तब चला जब 06 अगस्त को उन्होंने एक वीडियो के जरिए इस बात को साझा किया।

एक और प्रेम कहानी अपनी मंजिल  पर पहुंची अमेरिका से बहुत दूर सिटी ऑफ लव पेरिस में।

दृश्य सात

मोहब्बत एक ख़ुशबू है हमेशा साथ चलती है 

कोई इंसान तन्हाई में भी तन्हा नहीं रहता 

                                                 बशीर बद्र

तारीख चार अगस्त। दिन रविवार। समय एक चमकीला दिन। स्थान सुप्रसिद्ध एफिल टावर का बैकड्रॉप। इस दिन एक और खिलाड़ी प्रेमी घुटनों के बल झुका और प्रेम निवेदन किया।

ये अमेरिका के शॉट पटर पेटन ऑटरडल थे। वे शॉट पुट में भाग लेने वाले तीन अमेरिकियों में से एक थे। वे बहुत मामूली से अंतर से जमैका के आर कैंपबेल से पीछे रह कर पदक से चूक गए। पहले दो स्थानों पर अमेरिकी खिलाड़ी रहे।

अगले दिन ही एफिल टावर के बैकड्रॉप में उन्होंने अपनी प्रेमिका मेडी नील्स के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा। वे उनके साथ इन दिनों पेरिस में ही हैं। एक बार फिर सीन नदी के किनारे दो दिल मिले, प्रेम की ऊष्मा से पिघले, और सीन के समानांतर प्रेम की एक और धारा बह निकली।


यों प्रेम के इस शहर में प्रेम की कुछ कहानियां अपने अंजाम को पहुंची। कहने को तो इनकी गिनती एक दर्जन तक पहुँचती हैं। पर कुछ सामने आईं, कुछ पर्दे में रह गईं। 

पर कहते हैं ना प्यार के दुश्मन हज़ार। इन प्रस्तावों के चर्चा में आते ही इनकी आलोचना शुरू हो गयी कि इनकी सुर्खियों ने ओलंपिक में महिलाओं की वास्तविक उपलब्धियों को पृष्ठभूमि में धकेल दिया।

जो हो इस प्रेम नगर में कितनी ही प्रेम कहानियाँ पूरी हुई। लेकिन  ऐसा भी हुआ होगा कि इन सोलह दिनों में और ना जाने कितनी नई प्रेम कहानियों ने जन्म लिया होगा। जो कहीं और उनके अपने प्रेमनगर में, अपने सपनों के शहर में पूरी होंगी।

और ये भी कि पेरिस में बने इन सुंदर दृश्यों की तरह ऐसे ना जाने कितने दृश्य आगे भी आने वाले समय में बनते रहेंगे और लोगों की स्मृति का हिस्सा भी कि बकौल मिर्ज़ा ग़ालिब

इश्क़ पर ज़ोर नहीं, है ये वो आतिश 'ग़ालिब'

कि लगाए न लगे और बुझाए न बने !

No comments:

Post a Comment

यूएस ओपन की नई चैंपियन

  रंग खुद में अभिव्यक्ति का शक्तिशाली माध्यम हैं। उतने ही शक्तिशाली जितने उच्चरित शब्द हो सकते हैं या लिखित शब्द। हर रंग एक कहानी कहता है,ए...