
घटनाएं बीत जाती हैं। उनकी स्मृतियां बाकी रह जाती हैं। पेरिस ओलम्पिक का भी समापन हो गया। लेकिन इसमें भाग ले रहे खिलाड़ियों द्वारा इसके भीतर बनी संवेगों की रंग बिरंगी छवियां और उनके जुनून,साहस,ताकत व कौशल से किए गए हैरतंगेज और रोमांचक कारनामों की बेहद खूबसूरत तस्वीरें हमेशा के लिए हृदय पटल पर अंकित हो चुकी हैं।
टॉम डेली जाने माने ब्रिटिश डाइवर हैं जिन्होंने पेरिस ओलम्पिक से पहले एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते थे। इस बार उन्होंने डाइविंग की 10 मीटर सिंक्रोनाइज्ड प्लेटफार्म स्पर्धा में अपने जोड़ीदार नोआह विलियम्स के साथ मिलकर रजत पदक जीता।
वे हवा में अपने शरीर के साथ शानदार कलाबाजियां करते हैं और डाइव करते हैं किसी बहुत ही दक्ष नर्तक की तरह। लेकिन कमाल की बात ये है कि वे जितनी दक्षता के साथ हवा और पानी में अपने शरीर से कलाबाजी दिखाते हैं उतनी ही दक्षता से और खूबसूरती से क्रोशिए और धागे के साथ अपनी उंगलियों से करामात दिखाते हैं। वे शायद दुनिया के एक प्रसिद्ध एथलीट होने के साथ एक सिद्धहस्त बुनाई करने वाले हैं। वे बुनाई के क्षेत्र में स्त्रियों को मात देते हैं। डाइविंग के बाद बुनाई उनका दूसरा पैशन है।
अपनी बुनाई के लिए वे पहली बार टोक्यो ओलम्पिक में चर्चा में आए। वहां उन्होंने अपनी स्पर्धा के दौरान बैठे बैठे अपने पदक रखने के लिए एक सुंदर पाउच बना दिया था।
लेकिन इस बार तो वे और भी दो हाथ आगे निकल गए। अपना इवेंट खत्म करने के बाद उन्होंने अधिकांश समय अपने साथियों को प्रोत्साहित करने और अपने दूसरे पैसाइयों को पूरा करनेए दिया। इस बार तो उन्होंने बाकायदा अपना पूरा पुलोवर ही बुन दिया। सफेद,लाल और नीले रंग के इस पुलोवर का पहले उन्होंने एक स्केच बनाया और फिर उसको साकार रूप दे डाला।
लाल रंग की पृष्ठभूमि के इस पुलोअर में सफेद रंग से सामने चेस्ट पर एफिल टावर पेरिस 2024 लिखा है और नीचे लाल और सफेद रंग से ब्रिटेन का राष्ट्रीय ध्वज बनाया है। एक आस्तीन पर अंग्रेजी के अक्षर टी डी हैं जो उनके नाम के आरंभिक अक्षर है और एक आस्तीन पर 5 है जो उनके ओलम्पिक में पांचवे मेडल का प्रतीक है।
वो क्या ही सुंदर दृश्य रहा होगा जब एक खिलाड़ी पवेलियन में दर्शकों के बीच बहुत ही चपलता और कुशलता से अपनी उंगलियों से कुछ धागों के साथ एक खूबसूरत सपना बुन रहा होगा। और ये भी प्रतिभा स्त्री पुरुष के बीच कोई भेदभाव नहीं करती।
No comments:
Post a Comment