Monday, 22 June 2026

फीफा विश्व कप 2026 डायरी_08

 


फीफा विश्व कप 2026 का नौवां दिन। अभी तक टीमों के पास दो विकल्प थे। एक आगे जाने का। दूसरा ठहरकर इंतजार करने का कि उनके पास कौन सा विकल्प रहेगा आगे जाने का या वापस जाने का।यहां से टीमों के लिए वापस जाने का विकल्प खुल रहा था। अब से केवल आगे बढ़ने के उल्लास का कोलाहल ही सुनाई नहीं देगा, बल्कि वापसी की उदास पदचापें भी सुनाई देगी। यहां से उम्मीदों के रंग कुछ और गुलाबी होंगे तो उम्मीदों के चिटकने के स्याह रंग भी नजर आने लगेंगे। कुछ की उम्मीदों के पंखों को ऊंची उड़ान भरने की आजादी होगी। कुछ के सपनों की परवाज खत्म होगी।

एक

ब्राजील फीफा विश्व कप की सबसे सफल टीम है जिसने सबसे ज्यादा  पांच बार विश्व कप जीता है, बल्कि एकमात्र ऐसी टीम है जिसने हर बार विश्व कप फाइनल्स में भाग लिया। एक ऐसी टीम जो हमेशा ही आकर्षण के केंद्र में होती है। जिससे उसके प्रशंसकों को बहुत ज्यादा अपेक्षाएं होती हैं। ब्राजील ने विश्व कप के अपने पहले मैच में अपने समर्थकों को निराश किया था। उन्होंने मोरक्को के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला था। लेकिन कल फ़िलाडेल्फिया में अपने दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन किया और हैती की टीम को 3-0 से पराजित किया। ब्राजील की टीम अपने रंग में लौट चुकी है। उसने अपनी लय पा ली है जिसके लिए वो जानी जाती है। 

सेलेकाओ ने हैती के विरुद्ध शुरू से ही खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और पहले हाफ में ही तीन गोल कर मैच का नतीजा तय कर दिया। ब्राजील के तेज आक्रमण और लगातार दबाव का सामना करने में हैती को काफी मशक्कत करनी पड़ी। 

इस मैच से पहले,दिन के दूसरे मैच में मोरक्को ने स्कॉटलैंड को 1-0 से हराया। मोरक्को ने शुरुआत से ही मैच पर अपना दबदबा बनाए रखा। टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और स्कॉटलैंड को संभलने का मौका नहीं दिया। मुकाबले की शुरुआत में ही स्कॉटलैंड के डिफेंस से चूक हुई। स्कॉटिश कप्तान ग्रांट हैनली सही पोजीशन में नहीं थे, जिसका पूरा फायदा मोरक्को ने उठाया। ब्राहिम डियाज के बेहतरीन पास पर इस्माइल सैबारी ने तेजी से आगे बढ़ते हुए शानदार शॉट लगाया और गेंद को गोल पोस्ट के भीतर भेज दिया। ये गोल 71वें सेकेंड में आया जो इस विश्व कप का सबसे तेज गोल था। हालांकि कुछ देर बार इसे विश्व कप का सबसे तेज गोल की जगह दूसरा सबसे तेज गोल हो जाना था।

ग्रुप सी के इन दो मुकाबलों के परिणामस्वरूप हैती के नॉकआउट चरण में पहुंचने की कोई भी संभावना नहीं रह गई। इस तरह हैती इस प्रतियोगिता से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है।

दो

दिन का पहला मैच सिएटल में मेजबान अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के बीच था। इस मैच में अमेरिका ने शानदार खेल दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर नॉक आउट के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। विश्व कप के इतिहास में यह दूसरा मौका है, जब अमेरिका ने प्रतियोगिता के लगातार पहले दो मैचों में जीत हासिल की। अमेरिका ने पहले मैच में पैराग्वे को 4-1 से हराया था। 

अमेरिका ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और ऑस्ट्रेलिया के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाए रखा। इस दबाव के चलते 11वें मिनट में ही अमेरिका को इसका फायदा भी मिला। ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर कैमरन बर्गेस फोलारिन बालोगुन के शॉट का बचाव करते हुए अपना ही गोल कर बैठे। उसके बाद दूसरा गोल पहले हाफ के अंतिम क्षणों में आया। 

पहले हाफ में ही 0-2 से पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिल सकी। अमेरिका के डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। 

तीन

आज के सबसे महत्वपूर्ण मुकाबले में पैराग्वे ने बड़ा उलटफेर करते हुए तुर्की को 1-0 से हरा दिया। पैराग्वे ने अपनी इस शानदार जीत से ग्रुप की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है और टीम की नॉकआउट दौर में खेलने की उम्मीदों को कायम रखा है।

मुकाबले की शुरुआत होते ही पैराग्वे ने आक्रामक तेवर दिखाए। मैच के दूसरे मिनट में मैथियास गलार्जा ने बॉक्स के बाहर से शानदार शॉट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचा दिया। महज 65 सेकंड में आया यह गोल टूर्नामेंट के सबसे तेज गोल था। इससे पहले आज ही खेले गए मैच में मोरक्को के सैबारी के 71सेकेंड में किए गए गोल को पीछे छोड़ दिया। तुर्की के गोलकीपर उगुरकान काकिर गेंद की दिशा भांपने में नाकाम रहे और उनकी टीम शुरुआती झटके से उबर नहीं सकी।

हालांकि शुरुआती गोल खाने के बाद तुर्की ने खेल पर पकड़ बनाने की कोशिश की।  टीम ने गेंद पर नियंत्रण रखा और लगातार हमले किए। 33वें मिनट में मेर्ट मुल्डुर का हेडर गोलपोस्ट से टकराकर बाहर आ गया, जिससे तुर्की बराबरी का सुनहरा अवसर गंवा बैठा। दूसरे हाफ में अर्दा गुलेर और केनान यिल्डिज ने भी कई बार पैराग्वे के डिफेंस को चुनौती दी, लेकिन गोलकीपर ऑरलैंडो गिल और रक्षापंक्ति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हर प्रयास को विफल कर दिया। तुर्की पूरे मैच में गोल के लिए संघर्ष करती रही। पैराग्वे के अनुभवी खिलाड़ी मिगुएल अल्मिरोन को रेड कार्ड के कारण बाहर जाना पड़ा और इसके बाद पैराग्वे को पूरा दूसरा हाफ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। इसके बावजूद तुर्की इसका फायदा नहीं उठा सकी। 

चार

इस विश्व कप का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर आज हुआ। तुर्की की टीम आज अपना दूसरा मैच पैराग्वे से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई। इस टीम को अंडरडॉग माना जा रहा था और ये माना जा रहा था कि ये टीम इस बार अंतिम आठ तक तो पहुंचेगी ही। हैती के बाद विश्वकप से बाहर होने वाली तुर्की दूसरी टीम है। तुर्की की टीम में बहुत ही प्रतिभाशाली और स्टार खिलाड़ी थे। स्पेनिश क्लब रियल मैड्रिड के लिए खेलने वाले युवा मिडफील्डर अर्दा गुलेर के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक हैं। इंटर मिलान के अनुभवी कप्तान हकन चालहानोग्लु शानदार मिडफील्डर थे और अपनी फ्री-किक और प्लेमेकिंग के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। बेसिकटास और बेनफिका में अपना जलवा बिखेरने वाले मिडफील्डर  ओर्कुन कोककु  टीम के मुख्य रणनीतिकारों में से थे। और ब्राइटन और फेनरबाहस के बेहतरीन डिफेंडर फेरडी कादियोग्ल भी इस टीम में शामिल थे।

पांच

गुलाबी रंग को सामान्यतः लड़कियों के साथ जोड़ा जाता है। लेकिन इस विश्व कप में ये रंग अपना जलवा बिखेर रहा है। अब इसे अघोषित रूप से इसे विश्व कप का आधिकारिक रंग माना जा रहा है। जूते बनाने वाले सभी प्रमुख कंपनियों नाइकी, एडिडास, प्यूमा सभी ने इस विश्व कप में अपने नए कलेक्शन लॉच किए हैं और सभी ने खिलाड़ियों को गुलाबी रंग के जूते उपलब्ध कराए हैं। यही कारण है कि इस समय ज्यादातर टीमों के खिलाड़ी चमकीले गुलाबी रंग के जूतों में नजर आ रहे हैं। और फुटबॉल मैदान गुलाबी रंग में रंगे नज़र आ रहे हैं।  इन टीमों में इंग्लैंड, जापान, अर्जेंटीना,पुर्तगाल,फ्रांस और मेजबान यूएस की टीम भी शामिल हैं। हालांकि मेस्सी सफेद रंग के जूतों में ही नजर आ रहे हैं। 

दरअसल बरसों के शोध और मार्केटिंग अनुभव के बाद लगभग सभी जूते बनाने वाली कंपनियां इस निष्कर्ष पर पहुँची हैं कि फुटबॉल मैदान पर ब्राइट पिंक अन्य किसी भी रंग के मुकाबले अधिक प्रभावी होते हैं। क्योंकि घास के हरे रंग के कंट्रास्ट में पिंक कलर टीवी,मोबाइल पर हर जगह अधिक चमकता और ध्यान खींचता है।

बस अब देखना है कि ये पिंक सूट किसे करता है। कौन जीत की पिंकी आभा लिए आगे बढ़ता है और किसके चेहरे हार की टीस से मलिन हो अपनी गुलाबी आभा खो बैठेंगे।

No comments:

Post a Comment

फीफा विश्व कप 2026 डायरी_10

  फीफा विश्व कप 2026 का ग्यारहवां दिन। कल भी संघर्षपूर्ण मुकाबले। शानदार जीत भी और चकित कर देने वाले परिणाम भी। इन मुकाबलों के चलते कुछ आगे ...