Monday, 15 June 2026

फीफा विश्व कप २०२६ डायरी ०३: एक खूबसूरत परंपरा



जिस तरह से दुनिया भर के प्रसंशक अपनी टीमों की हौंसला अफजाई के लिए अमेरिका,कनाडा और मेक्सिको पहुंच रहे हैं,वो फीफा विश्व कप 2026 के सुंदर दृश्य रच रहे हैं। बोस्निया हर्जेगोविना के हजारों समर्थकों ने जिस तरह से यूरोप से आकर टोरंटो में मार्च किया वो जितने सुंदर दृश्य को बना रहे थे ठीक वैसे ही खूबसूरत दृश्य न्यूयार्क की सड़कों पर ब्राजील के समर्थक भी निर्मित कर रहे थे। लेकिन सबसे खूबसूरत दृश्य जापानी टीम के समर्थक बना रहे हैं।

जापानी लोग अपने संयमित और अनुशासित और सरल जीवल के लिए जाने जाते हैं। वे फुटबॉल के मैदान पर भी सार्वजनिक जीवन की सुचिता और गरिमा के दृष्टांत बना रहे हैं। जापानी समर्थकों ने 1998 फ्रांस में हुए विश्व कप फुटबॉल के दौरान  शानदार परम्परा कायम की । वे स्टेडियम को खेल के अंत में वैसा ही साफ़ सुथरा छोड़ कर आते है,जैसा कि उन्हें मिला था। वे मैच के बाद दर्शकों द्वारा छोड़ी गई खाने पीने की चीजों और बाकी फैलाई गई गंदगी को साफ करने के बाद ही स्टेडियम छोड़ते हैं। प्रतियोगिता के चौथे दिन जापान और नीदरलैंड का मैच था। एक बेहतरीन मैच हुआ। 18वें नंबर की विश्व रैंकिंग टीम जापान ने विश्व रैंकिंग में नंबर आठ की टीम से कड़ा मुकाबला किया। मैच में जापान की टीम दो बार पिछड़ी, लेकिन दो बार गोलकर बराबरी पर आई। मैच 2-2 गोल की बराबरी पर छूटा। लेकिन सुंदर दृश्य उनके समर्थक बना रहे थे जिन्होंने मैच की समाप्ति की व्हिस्ल बजते ही वे स्टेडियम साफ करने में जुट गए। खुद फीफा ने अपने एक्स हैंडल पर जापानी समर्थकों की स्टेडियम साफ करने की एक वीडियो पोस्ट की है।

दो,कैरेबियन सागर में वेनेजुएला से करीब 60 किलोमीटर की दूरी पर एक बहुत छोटा सा अदभुत प्राकृतिक सौंदर्य वाला एक स्वायत्त देश है काराकाओ। इसका क्षेत्रफल है करीब 450 @वर्ग किलोमीटर और कुल जनसंख्या है एक लाख साठ हज़ार। इसने पहली बार फाइनल्स के लिए क्वालीफाई किया है और अब तक क्वालीफाई करने वाला सबसे छोटा देश है। इस समय इसकी विश्व रैंकिंग 82वीं है। चौथे दिन काराकाओ का विश्व कप का पहला मैच चार बार की चैम्पियन जर्मनी से था। हालांकि ये मैच वे 1-7 से हार गए। लेकिन इस मैच का एक सबसे खूबसूरत क्षण था जर्मनी के खिलाफ़ किया गए पहला और एकमात्र गोल था। जर्मनी के फेलिक्स नेमचा ने छठवें मिनट में ही एक शानदार घुमावदार शॉट से जर्मनी को  1-0 की बढ़त दिला दे। लेकिन 21वें मिनट में कराकाओ के लिवानो कॉमेनेंशिया ने बॉक्स के किनारे से बाये पैर से एक शानदार शॉट लगाया जिसे जर्मनी के गोल कीपर मैनुअल नेउर। नहीं रोक पाये और कॉमेनेंशिया ने अपना नाम इतिहास में लिखा लिया।

तीन इस बार विश्व कप में खूब गोल हो रहे हैं। पहले चार दिनों में कुल 14 लीग मैच में कुल 38 गोल हुए है। प्रति मैच 3.17 की औसत से। सबसे कम गोल वाला मैच में स्कॉटलैंड ने हैती को 1-0 से हराया। जबकि सबसे ज्यादा गोल वाले मैच में जर्मनी ने कराकाओ को 7-1 से हराया। एडुआर्डो लगियानो एक जगह कहते हैं “मैं दुनिया भर में घूमता हूँ, हाथ फैलाए हुए, और स्टेडियमों में प्रार्थना करता हूँ: 'भगवान के लिए, एक शानदार मूव तो बनाओ।' और जब भी मैदान पर बेहतरीन फुटबॉल देखने को मिलती है, तो मैं इस चमत्कार के लिए ईश्वर को धन्यवाद देता हूँ, और मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि यह मूव किस टीम या देश के खिलाड़ी ने किया है।”

 हर फुटबॉल प्रेमी यही चाहता है एक शानदार मूव और  उससे बना एक गोल। और उसे क्या चाहिए। कुछ भी तो नहीं। यही उसकी चरम आनन्दानुभूति है।

No comments:

Post a Comment

फीफा विश्व कप २०२६ डायरी ०३: एक खूबसूरत परंपरा

जिस तरह से दुनिया भर के प्रसंशक अपनी टीमों की हौंसला अफजाई के लिए अमेरिका,कनाडा और मेक्सिको पहुंच रहे हैं,वो फीफा विश्व कप 2026 के सुंदर दृश...