फीफा विश्व कप 2026 का आठवां दिन। लीग स्टेज का दूसरा चरण शुरू हो गया है। जैसे जैसे समय आगे बढ़ रहा है संघर्ष अधिक सघन,अधिक तीव्र और अधिक कठिन होते जा रहा है। हनीमून पीरियड अब टीमों के लिए भी और खिलाड़ियों के लिए खत्म हो गया है। अब परिणाम अधिक निर्णायक होते जा रहे हैं। करो या मरो वाली स्थिति में खेल पहुंच रहा है, जिसमें अब एक छोटी सी गलती भी आगे बढ़ने के रास्ते बंद कर सकती है। उम्मीद की लौ बुझ सकती है। जीत के सपने बिखर सकते हैं।
एक
कतर में आयोजित पिछले विश्व कप की तुलना में मेजबान अधिक सफल हो रहे हैं। पिछली बार मेजबान कतर लीग स्टेज में ही तीनों मैच हारकर बाहर हो गया था। लेकिन यहां तीनों होस्ट अगले चरण जाने की कोशिश में हैं। अगले चरण में यानी राउंड ऑफ 32 में पहुंचने वाली सह मेजबान मेक्सिको पहली टीम बन गई है। कनाडा भी अपने ग्रुप में शीर्ष पर है। यूएस ने अपना पहला मैच जीतकर उम्मीदें बढ़ा दी है।
कल के दिन के आखिरी मैच में मेक्सिको ने ग्वाडालाजारा में एक तनावपूर्ण और संघर्ष भरे मुकाबले में दक्षिण कोरिया को एक 1-0 से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की। इस ग्रुप कल का एक दूसरा मैच दक्षिण अफ्रीका और चेक गणराज्य के बीच 1-1 से अनिर्णीत रहा। इस कारण से मेक्सिको का इस ग्रुप में शीर्ष पर रहना निश्चित हो गया है।
दक्षिण कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग ग्यू की एक गलती टीम की हार का कारण बन गई। दूसरे हॉफ के 50वें मिनट में गोलकीपर किम के हाथ से फिसली गेंद पर लुईस रोमो ने गोलकर मैक्सिको को बढ़त दिला दी। ये मैच का एकमात्र गोल था। एक गोल से पिछड़ने के बाद दक्षिण कोरिया ने वापसी की जोरदार कोशिश की। मैच के अंतिम कुछ समय में गोलकीपर राउल रेंगल ने दो शानदार बचाव किए और अपनी गोलशीट क्लीन रखी।
दो
प्रतियोगिता के दूसरे सह मेजबान कनाडा ने भी अपनी आगे बढ़ने की उम्मीद बनाए रखी है। उसने आज कतर को 6-0 से हरा दिया। ये मैच कतर के लिए उनकी शर्मनाक हार,उनके रफ टफ खेल के कारण दो रेड कार्ड के बाद केवल नौ खिलाड़ियों से खेलना, और उनके खिलाड़ी मोहम्मद मनाई द्वारा आत्मघाती गोल के लिए याद किया जाएगा तो कनाडा के लिए जोनाथन डेविड की हैट्रिक और उनके प्रमुख मिडफील्डर इस्माइल कोने को असिम मदीबो की टक्कर के बाद बाएं पैर के निचले हिस्से में लगी गंभीर चोट के लिए याद किया जायेगा।
मेस्सी के बाद कनाडा के डेविस हैट्रिक लगाने वाले इस प्रतियोगिता के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। डेविस अपने शांत और संयमित स्वभाव के कारण 'द आइसमैन' के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने हैट्रिक बनाने का सौ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले CONCACAF के अंतर्गत आने वाली टीमों में अमेरिका के टीम के बर्ट पटेनाउड ने 1930 में उरुग्वे में आयोजित विश्व कप में ये कारनामा किया था।
तीन
स्विट्जरलैंड की टीम ने बोस्निया व हर्जेगोविना के विरुद्ध मैच में अपनी लय प्राप्त कर ली है। उसने ये मैच 4-1 से जीता। ये मैच इस बात के लिए जाना जाएगा कि इस मैच के पांचों गोल खेल के 74वें मिनट के बाद आए।
मैच के अधिकांश समय तक स्विस टीम बोस्निया के आक्रमण को भेदने के लिए संघर्ष करती रही और गोलकीपर निकोला वासिलज ने उन्हें बार-बार निराश किया। अंततः 74वें मिनट में निर्णायक क्षण आया जब रुबेन वर्गास के क्रॉस से स्थानापन्न खिलाड़ी जोहान मंज़ांबी ने गोल दाग दिया। मंज़ाम्बी के मैदान में आने से मैच का रुख बदल गया। उन्होंने दो गोल किए।
चार
और अंत में बात एक फुटबॉल दर्शक की। यूँ तो दुनिया भर से फुटबॉल देखने और अपनी टीम का समर्थन करें अमेरिका पहुंच रहे हैं। लेकिन जर्मनी के दक्षिण पूर्वी क्षेत्र कार्ल्सरुहे के जैकब अल्बर्टी की बात ही अलग है। ये हवाई यात्रा के माध्यम से नहीं बल्कि साइकिल से ह्यूस्टन पहुंचे हैं, 14 जून को जर्मनी और केप वर्डे मैच देखने के लिए। इस यात्रा में उन्हें दो साल का समय लगा, 25000 किमी की दूरी तय की, चार महाद्वीप और 27 देशों को पार किया।
26 साल के जैकब ने अगस्त 2024 में एक लक्ष्य के साथ अपनी यात्रा शुरू की। लक्ष्य था दुनिया भर की यात्रा करते हुए फीफा विश्व कप 2026 के समय तक यूएस पहुंचना। ये एक ऐसा लक्ष्य था जो अंततः फुटबॉल प्रेम की असाधारण कहानी बन गई। वे कहते हैं "मेरे लिए फुटबॉल का मतलब है कभी हार न मानना, लगातार संघर्ष करते रहना और एकजुट रहना। विश्व कप की तरह हर देश एक साथ आते हैं, मिलकर जश्न मनाता है, और यही फुटबॉल की खूबसूरती है।”
फुटबॉल के प्रति ये लगाव,ये जुनून,ये प्यार ही फुटबॉल की खूबसूरती है, जो फुटबॉल को केवल एक खेल भर नहीं रहने देता, बल्कि लोगों के जीवन का एक अविभाज्य हिस्सा बना देता है।
और चलते चलते ये की वोजिन्हा के फॉलोअर 13 मिलियन हो गए हैं।उधर टिम पेन के कोलंबिया में जाने की खबर कन्फर्म हो गई है।

No comments:
Post a Comment