Thursday, 21 April 2016

गुडबॉय माम्बा

                  
(गूगल से साभार)

          







 बीते बुधवार 13 अप्रैल 2016 की गहराती जाती रात में लॉस एंजिलिस के स्टेपल्स सेंटर एरीना में ज़ाहिरा तौर पर तो दो टीमों-उथाह जैज और लॉस एंजिलिस लेकर्स के बीच एनबीए का मैच भर होना था। लेकिन वास्तव में स्टेपल्स सेंटर एरीना एक ऐतिहासिक और अविस्मरणीय  घटना के घटने का साक्षी ही नहीं बन रहा था बल्कि उसका भागीदार  भी बन रहा था। दरअसल वहां उस समय 28 मीटर लम्बे और 15 मीटर चौड़े मैदान, नौ फ़ीट ऊँचे बोर्ड पर टंगी 45 सेंटीमीटर दो रिंग और 39 सेंटीमीटर व्यास वाली एक अदद गेंद के साथ 6 फ़ीट 6 इंच लंबे दुबले पतले एक खिलाड़ी के अटूट सम्बन्धों की कहानी का उपसंहार लिखा जाना था।यहां पर केवल ये इतिहास भर नहीं लिखा जाना था कि अमेरिकी बास्केटबाल खिलाड़ी माइकल जॉर्डन के बाद दूसरा सबसे बड़ा खिलाड़ी खेल जीवन से संन्यास लेने जा रहा था बल्कि उस मैच में खुद उसके द्वारा अपने असाधारण खेल से एक इतिहास रचा जाना था । उसने इस मैच में 60 अंक बनाए और तीसरे क्वार्टर तक 12 अंकों से पिछड़ने के बाद भी लेकर्स को 101-96 से जीत दिला दी। अमेरिकी खेल इतिहास की और विशेष रूप से एनबीए इतिहास में ये किसी भी खिलाड़ी की अब तक की सबसे शानदार विदाई थी। उस एरीना की दर्शक दीर्घा में बैठे  18 हज़ार दर्शक उस खिलाड़ी के जादुई खेल को मंत्र मुग्ध से देख रहे थे और उस अद्भुत खेल की अपने भीतर प्रतिच्छायाएं स्थायी तौर पर बसा रहे थे क्योंकि वे जानते थे कि उस खिलाड़ी द्वारा कोर्ट में जो स्पेस अपने लिए बनाया गया है वो अब  खाली ही रहना है। जब भी उस स्पेस में उस खिलाड़ी को देखना चाहेंगे तो वे प्रतिच्छायाएं ही काम आनी थी जो उन्होंने आज अपने मन में स्थापित की हैं।वो खिलाड़ी  कोई और नहीं बल्कि  कोबे बीन ब्रायंट था जो अपना आखरी मैच खेल रहा था और इस बीस साल लम्बी कहानी का आरम्भ 1996 में उस समय था जब 17 साल के युवा कोबे को एनबीए में ड्राफ्ट किया गया था।


(गूगल से साभार)


          दरअसल कुछ खिलाड़ी  में इतने बड़े हो जाते हैं वे खेल के नाम से नहीं जाने जाते बल्कि खेल उनके नाम से जाना जाता है। फुटबाल में पेले और माराडोना,क्रिकेट में ब्रेडमैन और सचिन,हॉकी में ध्यानचंद,बैडमिंटन में रूडी हार्टोनो और लिम स्वी किंग,एथलेटिक्स में पावो नूरमी और जैसी ओवेन्स,टेनिस में ब्योन बोर्ग,पीट सैम्प्रास या रोजर फेडरर और बास्केटबाल में माइकल जॉर्डन।  निसंदेह कोबे ब्रायंट भी उसी श्रेणी के खिलाड़ी हैं। जिसके हिस्से में 5एनबीए चैंपियनशिप,एक एमवीपी,दो फाइनल एमवीपी,18 एनबीए आल स्टार और दो ओलम्पिक स्वर्ण पदक हो और जिसने 33643 अंक बनाए हो जो एनबीए में तीसरे सबसे ज्यादा पॉइंट हैं, जिसने एक मैच में अकेले 81 अंक बनाए हो जो एनबीए इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा व्यकिगत स्कोर है वो महानतम ही हो सकता है। ऐसे खिलाड़ी जब भी अपना बनाया स्पेस खाली करते हैं तो उसे भरना बहुत मुश्किल होता है।  उनका जाना एक ऐसा निर्वात बना देता है जिसकी सीमाओं पर प्रतिभाओं की हवाएं लगातार प्रहार करती हैं लेकिन उसमें प्रवेश नहीं कर पाती,उस स्पेस का अतिक्रमण नहीं कर पाती। कोबे ने भी जो स्पेस खाली किया है उसे भरना असम्भव नहीं भी हो तो भी उसे भरना अत्यन्त दुष्कर अवश्य है। अब खेल के मैदान में तुम खेलते नहीं दिखाई दोगे ,ये तो बस मन में बसी प्रतिच्छायाओं में ही संभव होगा। खेल के  मैदान से अलविदा माम्बा,ब्लैक माम्बा।
(गूगल से साभार)


Friday, 1 April 2016

प्रेम


ताजमहल को देख समझ आता है 
कितना मुश्किल है एक शब्द को 
आकार दे पाना 
लैला मजनू ,हीर रांझा ,शीरी फरहाद के किस्से पढ़ समझ आता है 
कितना मुश्किल है एक शब्द को 
निभा पाना 
पद्मावती के जौहर को जान समझ आता है 
कितना मुश्किल है एक शब्द से 
गीलेपन को सोख पाना 
खाप पंचायतों के फतवों को सुन समझ आता है
कितना मुश्किल है एक शब्द को 
जी पाना  
फिर भी ज़ुर्रत होती है 
एक शब्द को गले लगा पाने की 
आओ 
मैं और तुम भी करें वही ज़ुर्रत 
हम भी एक शब्द को दें 
आकार 
विस्तार 
छुअन 
कुछ रंग
जीवन  
और लिख दें ज़िंदगी पर एक शब्द 
प्रेम। 
--------------------------------------------------------

Monday, 28 March 2016

इंतज़ार



तेरे इंतज़ार के सफर में 
यादें मील के पत्थर बनती गयीं 
ना सफर मुकम्मल हुआ 
ना यादों का सिलसिला रूका। 

(गूगल से साभार)

Tuesday, 26 January 2016



उस जगह
जहाँ हमने कभी
गुनगुनाया था प्रेम
और
बोए थे कुछ सपने
एक ज़िंदगी उगाने को


अब वो जगह
पड़ी हैं वीरान वीरान
कुछ उदास उदास
बह रहा है
एक शोर धीमा धीमा
सूखे पत्तों का
मोजार्ट और बीथोहोवेन की उदास धुनों सा
और मैं सुन हूँ बहका बहका सा ।
---------------------------------
नितांत खालीपन वाले इस समय में

Sunday, 24 January 2016

पुस्तक समीक्षा:दो सुल्तान,दो बादशाह और उनका परिणय परिवेश

               

             बीते 27 दिसम्बर को इलाहाबाद पुस्तक मेले में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मध्यकालीन और आधुनिक इतिहास विभाग में प्रोफेसर हेरम्ब चतुर्वेदी सर की दो पुस्तकों का विमोचन हुआ।ये दो पुस्तकें थीं -'मुगल शहजादा ख़ुशरू' और 'दो सुल्तान,दो बादशाह और उनका परिणय परिवेश'।इनमें से दूसरी पुस्तक 'दो सुल्तान •••'फिलहाल मैंने पढ़ी है और आज इसी के बारे में।


         साल 2013 में उनकी एक पुस्तक आई थी 'मुग़ल महिलाओं की दास्तान:हाशिए से संवरता इतिहास'।ये पुस्तक काफी चर्चित हुई।इस किताब में उन्होंने अजानी और कम चर्चित मुग़ल महिलाओं के मुग़ल इतिहास में अवदान की बड़ी शिद्दत से वर्णन किया है। वे उन सात महिला किरदारों को चुनते हैं,जिन्हें इतिहास में संभवतः सायास उपेक्षित कर दिया गया था,और मुग़लों के वैभवशाली इतिहास निर्माण में उनकी भूमिका को स्थापित करते हैं।इतना ही नहीं,इस क्रम में वे मुग़ल हरम की अंदरूनी तस्वीर की एक झलक भी प्रस्तुत करते हैं। इस मायने में ये पुस्तक 'दो सुल्तान दो बादशाह•••' उस किताब की अगली कड़ी प्रतीत होती है कि इसमें भी तमाम महिलाओं के सल्तनत और मुग़ल इतिहास पर प्रभाव की बात को आगे बढ़ाया है,विशेष रूप से हरम की राजनीति और राजसत्ता में दखल और उसके प्रभाव की ,उसके भीतर चल रहे षड्यंत्रों की ,उसकी दशा बल्कि दुर्दशा की। लेकिन इस बार केंद्र में महिलाएं नहीं हैं,वे आनुषंगिक रूप से सामने आती हैं,केंद्र में हैं सुलतान और बादशाह।उनके जीवन में आने वाली महिलाओं का उन पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन है इस पुस्तक में ।फिर पहली किताब में वे भारत से निकल कर मध्य एशिया तक जाते हैं जबकि इसमें वे भारत की हरी भरी समृद्ध धरती से बाहर नहीं निकलते और शुरू से ही प्रेम की एक अजस्र धारा बहनी शुरू हो जाती है।हाँ,कालाक्रम में वे उसी तरह काफी पीछे जाते हैं और यहां वे अपनी बात 13वीं शताब्दी से शुरु करते हैं।अपनी बात कहने के लिए प्रो.चतुर्वेदी मध्यकालीन भारतीय इतिहास की चार मुख्य शख्सियतों को चुनते हैं।इसमें से दो सल्तनत काल की और दो मुग़ल काल की यानी दो सुल्तान-अलाउद्दीन ख़लजी और शेरशाह सूरी तथा दो बादशाह-बाबर और औरंगजेब हैं।इस सूची में जो सबसे रोचक नाम है वो निसंदेह औरंगजेब का है जैसा कि प्रो. चतुर्वेदी भी स्वीकारते हैं और मेरे हिसाब से एक रोचक नाम जो होना चाहिए था और नहीं है वो मु•तुग़लक का है। ख़ैर।
          पहली कहानी अलाउद्दीन ख़लजी की है।उसके जीवन के उस महत्वपूर्ण कालखंड की कहानी जब उसका रूपांतरण एक साधारण अमीर से सुल्तान के रूप में हो रहा था।उस इतिहास की निर्मिति में एक तरफ उसकी पत्नी जो कि उसके मालिक सुलतान जलालुद्दीन खलजी की बेटी और सास यानि जलालुद्दीन की पत्नी 'मलिका ए जहां' थीं और दूसरी तरफ उसकी प्रेयसी महक और ये मिल कर अलाउद्दीन के भाग्य निर्माण की परिस्थितियों में अविकल रूप से योगदान कर रही थीं।वे बताते हैं कि किस प्रकार अन्य परिस्थितियों के साथ-साथ उसकी पत्नी और सास मलिका ए जहाँ के उसके प्रति खराब व्यवहार और अपनी प्रेयसी महक के प्रति बढ़ते प्रेम ने उसे एक ऐसी बंद गली में धकेल दिया था जहाँ उसके पास अपने चाचा और सु्ल्तान जलाल की हत्या कर सुल्तान की गद्दी प्राप्त करने का ही एक मात्र उपाय बचा।इस किताब के इस पहले अध्याय में प्रेम और राजनीति के घात प्रतिघात से निर्मित एक ऐसा सुंदर संसार रचते है कि पाठक उसमें डूबने उतराने लगता है।शेरशाह के प्रसंग में उल्लेखनीय है कि उसके जीवन में माँ के अलावा कम से कम चार महिलाओं का पदार्पण होता है-विधवा रानी दूदू,चुनार की लाड मलिका,गाजीपुर के वीर सेनानी नासिर खाँ लोहानी की विधवा गौहर गोंसाई और बीबी फतेह मलिका का,लेकिन इसमें अपेक्षाकृत एक सपाट वातावरण निर्मित होता है।उसका कारण शायद ये है कि उसके जीवन में घटनाएं इतनी अधिक और तेजी से घटित होती हैं और ये महिलाएं उसके जीवन में अनायास आती जाती हैं और उसके लक्ष्य की प्राप्ति में सहायक होती हैं।इसी तीव्रता के कारण उसके जीवन में प्रेम का वो उत्कर्ष नहीं ही दिखाई देता जो अलाउद्दीन या अन्य शासकों के जीवन में है।
       बाबर के जीवन में भी अनेक महत्वपूर्ण महिलाओं का प्रवेश होता है जिसमें उसकी पहली पत्नी आयशा सुल्तान बेग़म, एक लौंडा बाबरी,उसका वली अहद देने वाली पत्नी माहिम बेग़म,मासूमा बेग़म और दो कम जानी बेग़में दिलदार बेग़म और गुलबदन बेग़म।पहले बाबर आयशा बेग़म और लौंड़े बाबरी का अंतर्संबंधों का खूबसूरत त्रिकोण बनता है।एक तरफ बाबर अपनी उच्च संस्कारों वाली खूबसूरत पत्नी आयशा बेग़म की ओर आकर्षित नहीं होता है और सही मान नहीं देता है दूसरी तरफ वो एक लौंडे बाबरी की ओर आकर्षित होता है ।इस प्रकरण में स्त्री पुरुष के अंतर्संबंध और द्वंद का और उसका आदमी के व्यक्तित्व पर प्रभाव का और फिर उससे प्रभावित होती परिस्थितियों का खूबसूरत वर्णन है ।ये महत्वपूर्ण है कि बाबर स्वयं अपनी आत्मकथा में अपने समलैंगिक यौनाकर्षण का उल्लेख करता है।अपने इन प्रारंभिक संबंधों की अपूर्णता के अपराध बोध के चलते अपने आगे के संबंधों में बेहतर संबंध बनाने की कोशिश करता है और मासूमा बेग़म से प्रेम कहानी का जन्म होता है।
   अलाउद्दीन और महक की प्रणय कहानी से जिस परिवेश की निर्मिति का आरंभ होता है वो दारा शिकोह और राना ए दिल तथा औरंगजेब और जैनाबादी व औरंगजेब और राना ए दिल की दिलफरेब कहानियों से पूर्णता को प्राप्त होता है जो कि इस किताब की सबसे खूबसूरत,सरस और करुण प्रेम कथाएँ हैं जिन्हें स्वतंत्र रूप से किसी भी प्रसिद्ध प्रेम कहानी के समकक्ष रखा जा सकता है।
            दरअसल इस किताब में जिस इतिहास की रचना की है वो है तो परंपरागत तरीके का चरित्र प्रधान इतिहास ही ,लेकिन इस की निर्मिति के लिए जिन टूल्स का प्रयोग किया है वे महत्वपूर्ण हैं।वे इतिहास की घटनाओं का स्थूल कारणों से विश्लेषण नहीं करते हैं। वे स्त्री पुरुषों के अंतर्संबंधों का इन घटनाओं की निर्मिति और उनके उस रूप में घटने पर पड़ने वाले प्रभाव का और इन अंतर्संबंधों तथा घटनाओं के घटने के अंतर्संबंध का विश्लेषण करते हैं। यहां वे चरित्रों के भीतर घुसते हैं ,ठहरते हैं जीते हैं फिर अपने जीवनानुभवों की कसौटी पर कसते हैं और फिर काग़ज़ पर उनको पुनर्जीवित कर देते हैं। वे चरित्रों का मनोविश्लेषण करते हैं और घटनाओं के घटने से उनका कार्य कारण सम्बन्ध जोड़ते हैं। और ऐसा वे इन चारों सुल्तानों और बादशाहों के रागात्मक प्रेम संबंधों के परिप्रेक्ष्य में करते हैं। यही इस किताब की खूबसूरती है और वैशिष्ट्य भी।दरअसल एक कुशल चित्रकार की भांति वे इन सुल्तानों और बादशाहों के काल खंड की घटनाओं को एक कैनवस पर बिखेर देते हैं और उसमें विविध प्रेम कथाओं के रंग से  उसे इतिहास की एक खूबसूरत तस्वीर में बदल देते हैं।एक तरफ वे इतिहास की घटनाओं को उपन्यास की तरह आँखों के समक्ष चलचित्र की भाँति उपस्थित कर देते हैं और इसके बीच प्रेम कथाओं की काव्यात्मक प्रस्तुति करते हैं।और ये चार खूबसूरत  चित्र  एक इतिहास पुस्तक में तब्दील हो जाती है। इसमें एक तरफ औपन्यासिक विराटता और भव्यता है और दूसरी तरफ  महाकाव्य का औदात्य और कोमलता भी।राजसत्ता की कठोर और रूक्ष भूमि पर बहता रक्तरंजित संघर्ष भी है और दिल से बहती प्रेम की निर्मल धारा भी। रोमांचक और प्रामाणिक इतिहास भी है और कलात्मक साहित्य भी। 
                उनकी भाषा पर गजब की पकड़ है।वो पानी की तरह बहती है।विशेष रूप से प्रेम कथाओं के वर्णन में उनका गद्य भी काव्य का आनंद देती है •••"उसे लगा कि वह पहली बार ज़िंदगी की एक अनजानी राह पर चल पड़ा है।राजपूताना,दक्खन,बल्ख़ बदख़्शां से लेकर कंधार तक का यह विजयी योद्धा आज हार चुका है।उसके घुटने काँपे,साँसें अस्थिर हुईं ।पहली ही नज़र में उसने जैनाबादी कोदेखा तोउसका दिल तार तार हो गया ।'करने गए थे,उससे तगफ्फुल खा गिला / कि इक नज़र की,कि बस ख़ाक हो गए!'दुखी और निराश मन,सन्यास को उद्धत जैसे औरंगजेब को शायद किसी ने उबारा था तो मौसी के घर के इस उद्यान में इस नवयौवना ने •••" युवा कथाकार और कवि विमल चन्द्र पांडे की एक कविता 'सूपनखा' को पढ़ते हुए मैंने टिप्पणी की थी कि इतिहास के इतने घृणित रूप में चित्रित पात्र को प्रेम का प्रतीक बना कर वही कविता वही लिख सकता है जो आपादमस्तक प्रेम में डूबा हो।यही बात मैं यहाँ दोहराऊँगा कि इसमें वर्णित प्रेम कथाओं को इतने सरस और काव्यात्मक रूप में प्रेम में आपादमस्तक डूबा व्यक्ति ही लिख सकता है।
           दो बातें और,कई बार वाक्यों और प्रसंगों में दोहराव है।शायद इसलिए कि वे विवरणों में इतने गहरे उतर जाते हैं कि जब वे वापस आते हैं तो सूत्र को पकड़ने के लिए दोहराव ज़रूरी बन जाती है।दूसरे,चारों की कहानी उनके सत्ता के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच कर अचानक खत्म हो जाती है।वे केवल उनके सत्ता के सर्वोच्च स्तर तक की घटनाओं और उनके रागात्मक संबंधों का मनोविष्लेषण ही करते हैं।वे अपने पाठक को शिखर पर पहुँचा कर छोड़ देते हैं जहाँ से पाठक नए शिखर पर जाने को तैयार होता है।यानि ये कहानियाँ उनके सुलतान और बादशाह बनने के जीवन के पूर्वार्द्ध तक सीमित हैं। सत्ता के सर्वोच्च स्तर पहुंचने के बाद की घटनाएं किस रूप में घटती हैं ,इसके लिए अलग से पढ़ना पड़ेगा। 
               अंत में एक बात और।अभी हाल ही में कृष्ण कल्पित जी (कल्बे कबीर )की फेसबुक पर एक श्रृंखला चल रही है 'हिन्दनामा-एक महादेश का महाकाव्य'आई है।इसमें बड़े रोचक ढ़ंग से भारत के इतिहास को प्रस्तुत करते हैं। वे भारतीय इतिहास के विभिन्न प्रसंगों को कविता /किस्सों के रूप में कहते हैं।कहन का ढंग कुछ भी हो सकता है।बस पाठक से कनेक्ट होना चाहिए।हेरम्ब सर ने इतिहास को प्रेम कथाओं में पिरो कर जिस तरह से प्रस्तुत किया है वो  अद्भुत है।
                            दरअसल जब वे ये किताब लिख रहे होते हैं तो एक तरफ तो प्रामाणिक इतिहास लिख रहे होते हैं और दूसरी तरफ  प्रेम का महाकाव्य रच रहे होते हैं।वे जीवन के महासागर के खारेपन को प्रेम की असंख्य नदियों के मीठे जल से न केवल कम कर रहे होते हैं बल्कि उसे कुछ और मीठा कर रहे होते हैं और आप उसमें अवगाहन कर असीम आनंद प्राप्त कर सकते हैं। 


Saturday, 23 January 2016

इस सर्द




इस सर्द मौसम
तेरी याद की
भीनी भीनी खुशबू 
घुल रही है सांसों में 
नरम नरम धूप के 
अहसास सी



समय की धार से 
मन के उस पार 
संघनित होती जाती 
धुंध सी उदासी
आहिस्ता आहिस्ता
उड़ती जाती
भाप सी।

------------------------------------
यादों का मौसम से कोई रिश्ता तो नहीं

Monday, 21 December 2015

विदा सहवाग ,खेल के मैदान से अलविदा।


गूगल से साभार

                      एक ऐसे समय में जब विद्वान श्री कालबुर्गी की ह्त्या और व्यक्ति के अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार पर हमले के विरोध में तमाम बुद्धिजीवी सडकों पर उतरे हों और सांप्रदायिकता,असहिष्णुता और महंगाई के मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा कर रहे हो, इन महत्वपूर्ण मुद्दों से हट कर किसी और विषय पर बात करना थोड़ा अश्लील हो सकता है।इस समय इन गंभीर मुद्दों पर बड़े बड़े विद्वान और प्रबुद्ध वर्ग आंदोलित है,लेकिन आम आदमी के लिए शायद महंगाई को छोड़कर बाकी मुद्दे उतने प्रासंगिक नहीं ही हो पाते हैं ।वो तो अपनी रोज़मर्रा की कठिनाईयों से दो चार होता रहता है और उनसे दो चार होता हुआ उनसे पार पाने की कोशिश में ही उसकी ज़िंदगी बीत जाती है और कई बार तो उनसे पलायन करने की जुगत में भी लगा रहता है।अपनी कठिनाइयों से पलायित करने के लिए आसान और सुलभ शरणगाह हैं सेक्स,शराब और सिनेमा।आप चाहे तो इस सूची में अब क्रिकेट को भी जोड़ सकता हैं । गंभीर मुद्दों के बीच आम आदमी के लिए ये चीजें भी उतनी ही महत्वपूर्ण बनी रहती हैं। यही ज़िंदगी है और ऐसे ही चलती रहती है। तो चलिए गंभीर मुद्दों से हट कर हम भी क्रिकेट की कुछ बात कर लेते हैं।
                        
                                       पिछली 20 अक्टूबर को विस्फोटक बल्लेबाज़ वीरेंदर सहवाग ने अंतर्राष्ट्रीय  क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर के लोगों को थोड़ा सा चकित कर दिया, खासकर अपने समर्थकों को जो अब भी उनकी वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे। ये घोषणा उनकी अपनी बैटिंग की शैली जैसी थी,आश्चर्य में डालने वाली जिसके बारे में कोई भी सही सही कुछ भी नहीं कह सकता था। उनके जाने से जो खालीपन क्रिकेट में पसरा है उसे जल्द नहीं भरा जा सकेगा। वे एक शानदार खिलाड़ी ही नहीं बल्कि एक बड़े एंटरटेनर भी थे और इसी वजह से वे अपने साथ के अन्य खिलाड़ियों से अलग मुकाम पर खड़े दिखाई पड़ते हैं। जिस समय वे भारतीय क्रिकेट में अपना मुकाम बना रहे थे उस समय इंडिया टीम में सचिन,सौरव,द्रविड़ और लक्ष्मण 'फैबुलस फोर' का जलवा था और इनकी छाया से निकल कर उन्ही के समकक्ष जगह बनाना और टीम में उतना ही महत्वपूर्ण सदस्य वो ही बन सकता था जिसमें 'कुछ बात' हो और सहवाग में वो काबिलियत और सलाहियत थी। अपने दमदार खेल की बदौलत वे उन चारों के साथ टीम के लिए उनके जितने ही महत्वपूर्ण बने रहे। ये बात उन्हें  महान खिलाड़ियों में शामिल करने के लिए पर्याप्त है।जब वे राष्ट्रीय परिदृश्य  उभरे तो  वे मैदान में सचिन की छाया लगते थे, कद काठी में  ही नहीं बल्कि हाव भाव और खेलने  तरीके में भी। लेकिन ये सहवाग   में माद्दा था कि वे उससे बाहर आए  अलग पहचान बनाई।
           उनके खेल की सबसे बड़ी विशेषता ये थी कि वे बहुत ही आक्रामक बल्लेबाज़ थे। वे अपने आक्रामक खेल से बड़े से बड़े बॉलर को अदना  साबित देते थे। उनके ऑफ साइड के कट्स उनके सबसे शानदार शॉट्स थे। उनकी खेल शैली एक दिवसीय क्रिकेट के लिए ज़्यादा मुफ़ीद थी पर वे टेस्ट क्रिकेट में ज़्यादा सफल रहे। वे अपने समय के सबसे बड़े मैच विनर थे।उनके रिकॉर्ड बताते हैं कि वे कितने बड़े खिलाड़ी थे।सहवाग ने 104 टेस्ट मैचों में  49.34 की औसत और 82.23 की स्ट्राइक रेट से 8586 रन और 251 एक दिवसीय मैचों में 104.33 की स्ट्राइक रेट से 8273 रन बनाए।किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा टेस्ट मैच में गए तीन सबसे बड़े स्कोर सहवाग ने ही बनाए हैं-319,309 और 293 रन। क्रिकेट इतिहास में दो तिहरे शतक बनाने वाले डॉन ब्रैडमैन और ब्रायन लारा के बाद तीसरे खिलाड़ी थे। बाद में ये कारनामा क्रिस गेल  ने किया। एक दिवसीय मैचों में भी उन्होंने दोहरा शतक (219 )बनाया।
स्वभाव से सीधे सरल सहवाग बल्ले के हाथ में आते ही आक्रामक हो उठते थे। 'बॉल देखो और मारो उनके खेल का मूल मंत्र था।आक्रमण उनके खेल का स्वाभाविक भाव था। '2010 में दक्षिण अफ्रिका की टीम भारतीय दौरे पर थी और डेल स्टेन अपनी 150 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आग उगल रहे थे। उस समय क्रिकेट इतिहासकार बोरिया मजूमदार ने जब सहवाग से पूछा आप स्टेन का सामना कैसे करेंगे तो सहवाग ने कहा "आप हो या स्टेन क्या फ़र्क़ पड़ता है। बॉलर का काम गेंद डालना और मेरा काम मारना। वो डालेगा मैं मारूंगा।" दरअसल उनका माइंड सेट ही ऐसा था। इनिंग की पहली गेंद पर भी सिक्स लगा सकते थे और 300 रन भी सिक्स लगा कर पूरे कर सकते थे। एक दिवसीय मैचों का भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक(60 गेंद) उन्होंने ही लगाया है. टेस्ट मैचों में सबसे तेज तिहरा शतक और सबसे तेज 250 रन भी उन्होंने बनाए। 'बात 2004 की है चेन्नई टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की टीम चौथे दिन का खेल समाप्त होने से कुछ ही समय पहले आल आउट हो गयी। भारत को तीन ओवर खेलने थे सहवाग और युवराज बैटिंग करने गए। ऐसी स्थिति में कोई भी बल्लेबाज़ खेलना पसंद नहीं करता  अगर खेलना भी पड़े तो किसी तरह विकेट बचाकर अगले दिन नए सिरे से अपनी पारी शुरू करना चाहेगा।लेकिन सहवाग ने इस दौरान तीन ज़बरदस्त चौके लगाए। शाम को जब आकाश चोपड़ा ने उनसे पूछा अब आप काफी रहत महसूस कर रहे होंगे तो आकाश की आशा के विपरीत सहवाग का जवाब था काश कुछ और देर खेल होता तो मुझे कुछ और स्कोर करने का मौक़ा मिलता।'
             अक्सर उनके आलोचक उनकी इस बात के लिए आलोचना करते है कि उनका फुटवर्क ठीक नही था। ये बात सही है। उनके खेलने की शैली पारम्परिक या शास्त्रीय नहीं थी बल्कि उनका हैंड-आई कोर्डिनेशन कमाल का था और रिफ्लेक्शन बहुत ही तेज। दरअसल उनकी जो खेल शैली थी वो वैसी ही हो सकती थी जैसी उनकी थी और वो उनकी अपनी पृष्ठभूमि से उपजी थी।
          1975 वो साल है जब हमारा राष्ट्रीय खेल हॉकी अपनी बुलंदियों पर था। उस साल भारत ने कुआलालम्पुर मलेशिया में संपन्न हॉकी विश्व कप जीता था। उसके बाद की कहानी हॉकी के ढलान की कहानी है। 1980 में  हॉकी में ओलम्पिक स्वर्ण पदक जीता ज़रूर था लेकिन उस मास्को ओलम्पिक का पश्चिमी देशों ने बहिष्कार किया था और हॉकी खेलने वाले सभी प्रमुख देश वहां से नदारद थे। ये वो समय था जब क्रिकेट देश में लगातार लोकप्रिय हो रहा था। कहना गलत नहीं होगा काफी कुछ हॉकी की कीमत पर। और तब 1983 का साल आया। कपिल देव के नेतृत्व में भारत ने क्रिकेट का पहली बार क्रिकेट विश्व कप जीता। इसने भारत में क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने में ट्रिगर का  काम किया। देखते ही देखते भारत में क्रिकेट बहुत ज्यादा लोकप्रिय हो गया। यही वो समय है जब क्रिकेट का चरित्र भी बदल रहा था। सामान्यतः क्रिकेट भद्र जनों  का खेल माना जाता था जिसे पहले अंग्रेज और राजा महाराजा और राज परिवार के लोग ही अधिक खेलते थे। खेलने के तौर तरीकों और अभिजात्य के कारण ही इसे जेंटलमैन गेम कहा जाता था/है । अस्सी के दशक तक कमोवेश इस खेल का चरित्र यही बना रहा और भद्र लोगों के बीच लोकप्रिय बना रहा। लेकिन हॉकी के पराभव और 1983 के क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत से इसकी लोकप्रियता बढ़ने से इसके चरित्र में भी परिवर्तन आने लगा था। अब ये खेल जन साधारण के बीच भी अपनी पैठ बनाने लगा। इस समय तक ये खेल मुख्यतः बड़े बड़े शहरों और क्लबों तक सीमित था। भारतीय टीम के ज़्यादातर खिलाड़ी दिल्ली,मुंबई,बंगलोर जैसे बड़े बड़े शहरों से होते थे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मुंबई दिल्ली और कर्नाटक तीन टीमों का बोलबाला होता था। लेकिन 1983 की जीत ने सारा परिदृश्य बदल दिया। इस जीत ने क्रिकेट को बड़े बड़े शहरों से निकाल कर छोटे छोटे शहरों और कस्बों तक पहुंचा दिया। अब ये खेल बड़े बड़े क्लबों के मैदानों से निकल कर गली मोहल्लों तक पहुँच गया। जैसे जैसे लोगों की भागीदारी बढ़ रही थी वैसे वैसे इसका चरित्र बदल रहा था। भद्र जनों का खेल अब जनसाधारण के खेल में तब्दील हो रहा था। खेलने के तौर तरीके बदल रहे थे। मैदानों में पसरी नफासत  कुछ कुछ भदेसपन में बदल रही थी। खिलाड़ियों की भक्क सफ़ेद पोशाकों पर  मिटटी और घास के हरे दाग दिखाई देने लगे थे। अब क्षेत्ररक्षक गेंद को रोकने के लिए जी जान लगा देने लगे थे। अब पैर या हाथ की जगह पूरा शरीर इस्तेमाल करने में कोई गुरेज नहीं होता था। वे लम्बी लम्बी डाइव लगा कर भी गेंद रोकना चाहते थे। बल्लेबाज अब बेसिक्स पर उस तरह से ध्यान नहीं देने लगे थे। उनके लिए रन बनाना अधिक महत्वपूर्ण हो गया था। बैटिंग में शास्त्रीयता की जगह नैसर्गिकता ने ले ली। मैदान में पसरे एक तरह के अलसायेपन की जगह फुर्ती ने ले ली। अब मैदान में  अभिजात्य साधारणता में तब्दील हो रही था। पहले लोग शौकिया खेलते थे अब ये लोगों का लक्ष्य बन रहा था। और यही इसकी असाधारणता थी,असामान्यता थी। पांच दिनी क्रिकेट के मुक़ाबिल एकदिनी क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता इसका परिणाम भी है और कारण भी।
भारतीय क्रिकेट में अभिजात्य खेल के जनसाधारण के खेल में परिवर्तन के दो बिंदु स्पष्ट दिखाई देते हैं। ये दो बिंदु हैं भारतीय क्रिकेट के दो महानायक सुनील गावस्कर और कपिल देव। गावस्कर अपनी पृष्ठभूमि,अपने व्यक्तित्व,अपने खेल की शैली तीनों में क्रिकेट के अभिजात्य स्वरुप का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे मुंबई से थे,अंग्रेजीदां थे,उनकी बैटिंग शास्त्रीय शैली का उत्कृष्ट नमूना थी,मैदान में उनके खेल चाल ढाल,व्यवहार सबमें एक खास किस्म की नफासत और अभिजात्य आप साफ़ साफ़ लक्षित कर सकते हैं। जिस समय गावस्कर ढलान पर थे उस समय क्रिकेट का नया सितारा उभार पर था और एक नया महानायक बन रहा था। ये कपिल देव थे।वे क्रिकेट  के उस नए स्वरुप का प्रतिनिधित्व कर रहे जो क्रिकेट को जनसाधारण की भागीदारी ने दिया था। वे हरयाणा से थे। ठेठ गँवई अंदाज़ था। ये अंदाज़ उनकी खेलने की शैली में भी परिलक्षित होता है।मदनलाल,मोहिन्दर अमरनाथ,एकनाथ सोलकर,रोज़र बिन्नी की नफासत भरी माध्यम तेज गति की गेंदबाज़ी के मुक़ाबिल कपिल देव तूफानी गेंदबाज़ी पर ध्यान दें तो गावस्कर और कपिल देव  दोनों के खेलने की शैली में अंतर साफ़ साफ़ परिलक्षित होगा।भारतीय क्रिकेट की कमान गावस्कर से कपिल देव के हाथ में आयी। इसे आप एक रूपक के रूप में ग्रहण कर सकते हैं। भारतीय क्रिकेट के ये दो महानायक इलीट क्रिकेट से पॉपुलर क्रिकेट तक के सफर के दो प्रतीक माने जा सकते हैं और इन दो खिलाडियों की दो पारियां - गावस्कर की 1975 के वर्ल्ड कप  के इंग्लैंड के विरुद्ध पहले मैच की  60  ओवरों में नॉट आउट 36 रनों की पारी  (172 बॉल ) और 1983 वर्ल्ड कप में कपिलदेव की ज़िंबाबवे के विरुद्ध लाजवाब धुआंधार 175 रनों की पारी और फाइनल मैच में 30-35 गज़ पीछे भागकर लिया गया वो ऐतिहासिक कैच भारतीय क्रिकेट के इस सफर के दो प्रस्थान बिंदु।
    सहवाग का जन्म 1978  में होता है। 1983 में भारत क्रिकेट विश्व कप जीतता है। उस समय सहवाग के हाथ में पहली बार बल्ला आता है। जब उनकी क्रिकेट की उनकी शिक्षा दीक्षा हो रही थी उस समय क्रिकेट का चरित्र जनसाधारण के खेल के रूप में बदल रहा था। जिसमें  शास्त्रीयता से अधिक संघर्ष का स्थान था और महत्त्व भी। सहवाग में वही आया। फिर जिस वर्ग से वे आते थे उससे इसी तरह के सहवाग का जन्म हो सकता था। उस वर्ग के आगे बढ़ने के लिए अभिजात्य तौर तरीके और नियम काम नहीं आते,उन्हें अपनी योग्यता और क्षमता के भरोसे आगे बढ़ना होता है। वे बाहरी दिल्ली की निम्नमध्यम वर्गीय बस्ती नज़फगढ़ के एक निम्नमध्यम वर्गीय संयुक्त परिवार से आते हैं जहां वे अपने 16 कज़िन्स के साथ रहते थे। क्रिकेट का ककहरा उन्होंने नज़फगढ़ की उन सँकरी  गलियों में ही सीखा जहाँ वे आड़ा बल्ला भी नहीं चला सकते थे। जिस समय और परिस्थितियों में सहवाग क्रिकेट सीख रहे थे उससे किसी 'क्लासिक सहवाग' का जन्म नहीं हो सकता था,बल्कि वही सहवाग बन सकता था जैसे सहवाग आज हैं।दरअसल सहवाग इलीट क्लास के बल्लेबाज़ नहीं थे वे मास  के बल्लेबाज़ थे।   
       दरअसल जो भी क्रिकेट जानकार उनका मूल्यांकन परम्परागत रूप से करते है वो शायद गलती करते हैं। जिस तरह से नई कविता का मूल्यांकन आलोचना के शास्त्रीय सिद्धांतों के आधार पर नहीं किया जा सकता था उसके लिए नए प्रतिमान गढ़ने पड़े।उसी तरह सहवाग का  और उनके जैसे तमाम खिलाड़ियों का आकलन किताबी शॉट्स के आधार पर नहीं किया जा सकता। उनके खेल में अगर आप रागों की बंदिशें ढूढेंगे तो निश्चय ही निराशा हाथ लगेगी। उनके खेल में आपको शास्त्रीयता का ठहराव,निबद्धता और गंभीरता मिलेगी ही नहीं। उनके खेल में आपको मिलेगा तो लोक संगीत का नैसर्गिक सौंदर्य मिलेगा, उसका ओज,उसकी सहजता और सरलता,उसका आवेग,उसकी मस्ती मिलेगी,उसका निर्द्वंद बहाव,लय और गति मिलेगी,उसका उत्साह और उल्लास मिलेगा ।
  जिस समय सचिन ने संन्यास लिया तो ऐसा लगा था 'कि सचिन मैदान में नहीं होंगे तो उनके चाहने वालों के लिए क्रिकेट वैसा नहीं रहेगा जैसा उनके खेलने से हुआ करता था। लेकिन मैं शायद गलत था। उनके बाद भी सहवाग मैदान में थे वे क्रिकेट खेल रहे थे और क्रिकेट वैसा ही था,कुछ मायने में उससे भी शानदार,उससे अलग। हाँ अब सहवाग नहीं हैं।  क्रिकेट अब भी वैसे ही चलता रहेगा। भारत जीतता और हारता रहेगा। किसी के खेलने या ना खेलने से क्या फ़र्क़ पड़ता  है। फ़र्क़ पडेगा तो सिर्फ  सहवाग के उन चाहने वालों पर जिनके लिए क्रिकेट सहवाग का पर्याय होती थी। उनके लिए क्रिकेट वो क्रिकेट नहीं होगी जो उनके  खेलने पर होती थी। अब उनके लिए वे एक याद बन कर रहेंगे उनकी स्मृतियों में, उनके ज़ेहन में, उनके ख्वाबों में, उनके सपनों में।मेरे जैसे न  जाने कितने लोग उनके खेल के प्यार में थे, हैं और रहेंगे। अगर चन्दन पाण्डेय के शब्द उधार लेकर कहूँ तो  'तुम्हारे खेल के प्यार में तो स्वयं समय भी पड़ गया था ,फिर मेरी क्या बिसात। '
                       विदा सहवाग ,खेल के मैदान से अलविदा।
गूगल से साभार




फीफा विश्व कप 2026 डायरी 16: ओरलैंडो गिल

ये विश्व कप जितना फॉरवर्ड्स का है,उतना ही गोलकीपर्स का भी है। जितना मेस्सी,क्रिश्चियनों रोनाल्डो,म्बापे,हॉलैंड,विनिसियस जूनियर, उस्मान डेंब...