Tuesday, 23 July 2019

ये लड़की तो पारस है


-----------------------
कभी आप राष्ट्रिय राजमार्ग 37 से गुवाहाटी से पूरब की तरफ जोरहाट की यात्रा कीजिए। पूरे रास्ते दोनों तरफ दूर दूर तक धान के खेत और चाय के बागानों की कभी ना खत्म होने वाली एक गहरी हरियाली और उसके पार समानांतर चलती पहाड़ों की श्रृंखला से समृद्धि के साथ चलते कॉरीडोर का भ्रम उत्पन्न होता है। भ्रम इसलिए कि पहली नज़र में आपको उस हरियाली के नीचे अभावों,गरीबी,दुखों और शोषण का स्याह रंग दिखाई नहीं देता है। इसी राजमार्ग पर जब गुवाहाटी से लगभग सवा सौ किलोमीटर की यात्रा कर चुके होते हैं तो नौगांव ज़िला आता है। इसी ज़िले में एक गांव है ढिंग। और इसी गांव में  जोमाली और रोनजीत दास नाम की एक कृषक दंपति है जो धान उगाते हैं और मेहनत करके उसके हरे रंग को पका के सुनहरे रंग में बदल देते हैं पर अपनी किस्मत में सुखों के सुनहरे रंग लाने में लाख कोशिशों के बावजूद  कामयाब नहीं हो पाते। लेकिन वे संयोग से अपने यहां एक ऐसा पारस पत्थर उत्पन्न करते हैं जो भले ही धान के हरे रंग को सुनहरे रंग में ना बदल पाए पर जहां भी उसके चपल कदम पड़ते हैं धातुओं का रंग सुनहरा और रुपहला होने लगता है। उस पारस का नाम 'हिमा रोनजीत दास' है।

हिमा ने पिछले बीस दिनों में यूरोपीय सर्किट में दो सौ और चार सौ मीटर की रेस में पांच स्वर्ण पदक जीते। 18 साल की उम्र में टेम्पेरे में पिछले साल जब  वे अंडर 20 विश्व चैंपियनशिप में 400 मीटर का स्वर्ण  पदक जीत रहीं थीं तो वे एक इतिहास बना रहीं थीं। ऐसा करने वाले वे पहली भारतीय एथलीट थीं। तब से वे लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं और आने वाले समय में वे एथेलेटिक्स में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद बनकर उभरी हैं।
         
 फ़िलहाल वे अपने हाल के प्रदर्शन से चर्चा में हैं।दरअसल यूरोपीय सर्किट में ये प्रदर्शन अगर विशुद्ध खेल की दृष्टि से देखें तो कोई बड़ा प्रदर्शन नहीं है। जो भी स्वर्ण उन्होंने जीते उनमें से वे एक में भी अपना सर्वश्रेष्ठ समय नहीं  निकाल सकीं हैं। जिस 400 मीटर में उन्होंने गोल्ड जीता उसमें तीनों पदक भारतीय बालाओं ने जीते। विस्मया दूसरे और सरिता बेन गायकवाड़ तीसरे स्थान पर रहीं। दरअसल वे जिन प्रतियोगिताओं में भाग ले रहीं थी वे कोई बड़ी महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं थी ही नहीं और उसमें जो प्रतिद्वंदिता थी वो भी स्तरीय नहीं थी। इन प्रतियोगिताओं में अनस मोहम्मद ने भी स्वर्ण पदक जीते और अपने समय में सुधार किया। जबकि कई अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। इन्हीं में से एक मे एम पी जाबिर ने 400 मीटर बाधा दौड़ में स्वर्ण जीता।फिलहाल जो प्रदर्शन है ,ये कटु सत्य है कि, उससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की कोई संभावना नहीं है मेरा मतलब ओलंपिक से या इसी स्तर की अन्य प्रतियोगिता से है। दरअसल इस तरह के टूर एथेलेटिक्स संघ द्वारा सांस्कृतिक आदान प्रदान और खिलाड़ियों को एक्सपोज़र देने के लिए होते हैं। निसंदेह इससे खिलाड़ियों को बेहतरीन एक्सपोसर मिलता है। वे उनके तौर तरीके,स्टाइल,तकनीकी और माहौल से रूबरू होते हैं और एक बड़े स्टेज पर स्वयं को प्रस्तुत करने को तैयार होते हैं और उससे जो अनुभव खिलाड़ी को प्राप्त होते हैं वो सबसे बड़ा फ़ायदा होता है। वे अभी 19 साल की हैं और आने वाले समय में अगर उन्हें सही ट्रेनिंग मिली तो निसंदेह वे बेहतर करेंगी। इस समय की सबसे बड़ी जरूरत है कि उन्हें उम्मीदों के अतिशय बोझ में दबने से बचाना है।

दरअसल उनका हालिया प्रदर्शन  इस बात के लिए रेखांकित किया जाना चाहिए कि सुदूर उत्तर पूर्व की 55 किलो और 5 फुट 5 इंच लंबी दुबली पतली सी लड़की जिसके पिता अपनी लड़की को सिर्फ इसलिए अपने से कई सौ किलोमीटर दूर भेज देते हैं कि उसे तीनों समय भरपेट  भोजन मिलेगा,वो आज  अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एथेलेटिक्स में पदक जीतने की भारत की सबसे बड़ी आशा बन कर उभरी है। उसकी सफलता की कहानी स्वप्न सरीखी है। अभावों और विपरीत परिस्थितियों में हौसले और धैर्य को बनाये रख कर कैसे सफलता पाई जाती है,ये उससे सीखा जा सकता है। उस पर सोने में सुहागा ये कि एक स्टार बन जाने के बाद भी उसके भीतर की मानवीयता,उसके भीतर की खेल भावना मर नहीं जाती है। वो असम के लोगों के दुख दर्द को समझती है क्योंकि वो सब उसने खुद भोगा है और इसलिए अपनी सैलरी का आधा भाग असम के बाढ़ पीड़ितों के लिए दान कर देती है।
----------------------
उसकी सफलता और उदारता के लिए उसे सलाम करना तो बनता है ना।

Saturday, 20 July 2019

कुछ हार जीत ही होती हैं।


कुछ हार जीत ही होती हैं या कुछ जीत हार हो जाती हैं
----------------–
14 जुलाई को खेल इतिहास की पुस्तक में दो ऐसे पृष्ठ जुड़ रहे थे जिनके  हरूफ रोमांच की अतिरिक्त स्याही में डूबकर कुछ ज्यादा बड़े और मोटे हो गए थे। और क्या ही संयोग है कि ये घटनाएं एक ही शहर में एक ही समय पर कुछ ही दूरी पर घट रहीं थी और वो भी गज़ब की समानता के साथ। वो शहर था लंदन। और घटनाएं ! कहने की ज़रूरत नहीं क्रिकेट विश्व कप का फाइनल और विम्बलडन टेनिस ग्रैंड स्लैम का पुरुष फाइनल। 

दोनों फाइनल रोमांच की पराकाष्ठा थे और ये दोनों अपने अपने खेलों के 'मक्का'में यानी लॉर्ड्स के मैदान और विम्बलडन के आल इंग्लैंड क्लब के सेन्टर कोर्ट पर खेले जा रहे थे। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात ये दोनों ही मैच अपने अपने विजेताओं की अपेक्षा हारने वालों के लिए यानी न्यूजीलैंड और फेडरर के याद किये जायेंगे। 

ये शायद इंग्लैंड का दुर्भाग्य ही है कि वे विश्व कप शुरू होने के 44 वर्षों बाद 12वे संस्करण में जीत हासिल कर रहे थे।और जीत भी कैसी कि जीत से पहले याद आये निर्धारित 50 ओवरों में टाई, उसके बाद सुपर ओवर में टाई,अधिक बाउंड्रीज से मैच के विजेता का निर्धारण, सुपर ओवर में ओवर थ्रो में बॉल का  बैट से लगकर चौका हो जाना और अंपायर द्वारा 5 की जगह 6 रन दे देना। दरअसल फाइनल के उस रोमांच और मैदान में घटने वाली इतनी घटनाओं के बीच इंग्लैंड की जीत गुम सी हो गई। 

तो दूसरी तरफ नोवाक जोकोविच की जीत से पहले फेडरर याद आएंगे,उनका फाइनल में शानदार खेल याद आएगा,उनका फाइनल तक का सफर याद आएगा,उनकी राफा के ऊपर जीत याद आएगी,याद आएगा 5 सेटों तक चला संघर्ष जो पांचवें सेट में 12-12 गेमों के बाद अंततः टाई ब्रेकर  निर्णीत हुआ और इन सब से पहले याद आएगा कि 38 वर्ष की उम्र में भी फेडरर किसी युवा खिलाड़ी की तरह बल्कि उससे भी कहीं शानदार टेनिस खेल रहे थे।
----------------
आधिकारिक विजेता भले ही नोवाक और इंग्लैंड हो पर मेरी ओर से विजेता फेडरर और न्यूजीलैंड भी बल्कि ही समझे जाएं।

Wednesday, 17 July 2019

जोड़ घटा बाकी


जोड़ घटा बाकी
-----------------


मौन की तरलता में
शब्द हैं कि घुले जाते हैं
और अर्थ हैं कि
इश्तेहार की तरह बहे जाते हैं।

कुछ अर्थ अपनी चीख में भी अनसुने रह गए
और दूसरे अर्थ अपने मौन में भी
सबसे ज्यादा सुने गए।

सुने गए अर्थ
जो सबसे भारी थे हवा हो गए रुई की तरह 
और सुने गए सबसे हल्के अर्थ
मन की सबसे भीतरी तहों में 
 दर्ज किए गए चोट की तरह।

बड़ी चोट करने वाले अर्थ निरर्थक पदबंधों की तरह  हल्की खराशों में अभिव्यक्त हुए 
और छोटी चोट वाले अर्थ 
लोकोक्तियों के तरह मर्म पर 
गहरे घाव से अंकित हुए ।

ये दीगर बात है समय के अंतराल में 
सभी ने अपने अर्थ खो दिए 
और एक मौन रिक्तता से 
निशान छोड़ गए 
अपनी विरासत में
पर कहीं दूर से लौट आने वाली अनुगूंज
अभी भी शेष है
उम्मीद की किरण सी
कि उनमें अर्थ लौट आएंगे 
एक दिन।

Tuesday, 16 July 2019



दुनिया की वे जगहें सबसे खूबसूरत होती हैं जहां प्रकृति की उदारता अपने सबसे तरल और मानवीय श्रम की गरिमा अपने सबसे सघन रूप में होती है।अम्बाला से पटियाला जाते हुए हाईवे के दोनों तरफ दूर दूर तक तक बारिश के पानी से लबालब भरे खेत और उसके ऊपर हाल ही में रोपी गई धान की पौध हरे रंग की चादर आदमी के पेट की भूख की कालिमा का सबसे सुंदर आवरण प्रतीत होता है। पहली नज़र में पटियाला शहर समृद्धि का बहता दरिया से लगता है और ये भी कि पंजाब के शहर किसी भी अन्य प्रान्त के शहरों की तुलना में अधिक सुनियोजित ढंग से विन्यस्त हैं।

Saturday, 29 June 2019

लम्हा लम्हा ज़िन्दगी यूं मचलती है

------------------------------------

"कोई अगर तुमसे पूछे 
मेरे बारे में
तो कहना एक लम्हा था
जो बीत गया
अगर कोई मुझसे पूछेगा 
तुम्हारे बारे में
तो मैं कहूंगा 
एक ही लम्हा था 
जो मैंने जी लिया"
-----------
ये ज़िन्दगी आखिर लम्हों का जोड़ घटाव ही तो है,जमा  बाकी ही तो है। आप लम्हा लम्हा जीते जाते हो। एक लम्हा ज़िन्दगी में जुड़ता जाता है और एक लम्हा ज़िन्दगी कम होती जाती है। किसी लम्हे में पूरी ज़िंदगी जी ली जाती है और कोई एक लम्हा पूरी ज़िंदगी भी नही जिया जाता। एक लम्हे प्रेम के समंदर में डूब जाते हो तो एक लम्हे ग़म के दरिया में। एक लम्हा ख्वाब का,एक लम्हा खराशों का। एक लम्हा मुस्कुराती सुबह का,एक लम्हा उदास शाम का। एक खुशनुमा लम्हा आस का, एक उदास लम्हा निराशा का। 
--------------
एक खुशनुमा लम्हे में कलम ने प्यार का शाहकार रचा अगले लम्हे एक राग ने धड़कना सिखाया और अगले लम्हे स्वर के दरिया में कल कल बह निकला।
 --------------
कुणाल-प्रशांत एक लम्हा शब्दों से प्रेम की इमारत बनाते हैं,उसे एक लम्हे में जावेद-मोहसिन अपनी धुन से रंग देते हैं तो प्रेम के अनेकों रंग बिखर बिखर जाते हैंऔर अगले लम्हे जब अरिजीत-श्रेया अपने सुरों की रोशनी से भर देते हैं तो वे रंग खिलखिला उठते हैं
     "तू इश्क़ के सारे रंग दे गया
      फिर खींच के अपने संग ले गया"
----------------
#बॉलीवुड_गीत_7

Sunday, 23 June 2019

'तुमसा नहीं देखा'



         'पूर्ण' शब्द अपने आप में बहुत ही सकारात्मक होने के बावजूद अनेक संदर्भों में  उतना ही नकारात्मक लगने लगता है। एक ऐसा शब्द जो अक्सर खालीपन के गहरे भावबोध में धकेल देता है,कुछ छूट जाने का अहसास कराता है और मन को  अन्यमनस्यकता से भर भर देता है। पिछले दिनों जब युवराज सिंह मुम्बई के एक होटल में जब अपनी मैदानी खेल पारी के पूर्ण होने की घोषणा कर रहे थे तो केवल ये घोषणा ही उनके फैन्स के दिलों में गहन उदासी और खालीपन का भाव नहीं भर रही थी बल्कि वो जगह भी,जहां वे ये घोषणा कर रहे थे,उनके दुख का सबब भी बन रही थी। निसंदेह ये नितांत दुर्भाग्यपूर्ण ही था युवराज जैसे प्रतिभावान खिलाड़ी को जिस पारी के पूर्ण होने की घोषणा खेल मैदान में  गेंद और बल्ले से करनी थी वो एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में माइक के ज़रिए कर रहा था।
              यूं तो उनके खेल आंकड़े स्वयं ही बयान देते हैं कि वे भारतीय क्रिकेट के और खासकर छोटे प्रारूप वाली क्रिकेट के एक बड़े नहीं बहुत बड़े खिलाड़ी हैं। लेकिन उनका ये 'बड़ापन' इन आंकड़ों का मोहताज है ही नहीं। दरअसल वे आंकड़ों के नहीं उपस्थिति के खिलाड़ी हैं। उनका व्यक्तित्व इतना आकर्षक है कि वे मैदान पर अपनी उपस्थिति भर से दर्शकों के दिल में चुपके से घुस जाते हैं और फिर अपने सकारात्मक हावभाव,अथलेटिसिज्म और कलात्मक खेल से दिमाग पर छा जाते हैं। उनके चेहरे पर फैली  स्मित मुस्कान और मैदान पर उनकी गतिविधियों से इतनी पॉज़िटिव ऊर्जा निसृत होती कि दर्शकों के दिलोदिमाग उससे ऐसे आवृत हो जाते कि उन्हें कुछ और नहीं सूझता और उनके प्यार में पड़ जाते।
              वे एक आल राउंडर थे। आल राउंडर मने ऐसे खिलाड़ी जो खेल के हर महकमे में बराबर की दखल और दक्षता रखता हो। और उन जैसा खिलाड़ी एक शानदार आल राउंडर ही हो सकता था। वे आला दर्जे के कलात्मक बल्लेबाज़,अव्वल दर्जे के बेहतरीन क्षेत्ररक्षक और एक अच्छे गेंदबाज़ थे। एक खिलाड़ी के रूप में उनके व्यक्तित्व का कोई एक कुछ हद अनाकर्षक पहलू था तो वो उनका बॉलिंग एक्शन था अन्यथा उन्हें बैटिंग और फील्डिंग करते देखना अपने आप में किसी ट्रीट से कम नहीं होता। वे मोहम्मद कैफ और सुरेश रैना के साथ मिलकर क्षेत्ररक्षकों की ऐसी त्रयी बनाते हैं जिसने केवल फील्डिंग के दम पर भारतीय क्रिकेट की तस्वीर बदल दी। सन 2000 के बाद से क्रिकेट की सफलताओं में फील्डिंग का भी उतना ही योगदान है जितना बैटिंग और बॉलिंग का और निसंदेह इसके श्रेय का बड़ा हिस्सा युवराज के खाते में आता है। युवराज पॉइंट गली या कवर के क्षेत्र में एक ऐसी अभेद्य दीवार थे जिसे किसी भी बैट्समैन के लिए भेद पाना दुष्कर होता था। वे चीते की फुर्ती से गेंद पर झपटते और बल्लेबाजों को  क्रीज के बिल में ही बने रहने को मजबूर कर देते और यदि गलती से गेंद  हवा में जाती तो उसका पनाहगाह सिर्फ उनके हाथ होते। और जब बल्ला उनके हाथों में होता तो बाएं हाथ से बल्लेबाज़ी की सारी एलिगेंस मानो उनके खेल में साकार हो उठती। वे बॉल के जबरदस्त हिटर थे और पावर उनका सबसे बड़ा हथियार। एक ओवर में छह छक्के और 12 गेंदों में फिफ्टी उनके हिस्से में नायाब रिकॉर्ड हैं। लेकिन उनकी पावर हिटिंग  रॉ नही थी।उसमें अद्भुत लालित्य और कलात्मकता होती। वो इस कदर मंजी होती कि देखने वाले को उनके चौके छक्के बहती हवा से सहज लगते।मानो उसमे शक्ति लगाई ही नहीं। उनके कवर में पंच आंखों के लिए ट्रीट होते और और उनके पसंदीदा पुल शॉट नायाब तोहफा। 
          वे जब भी मैदान में होते गतिशील रहते,वे अदम्य उत्साह शक्ति से भरे होते, ऊर्जा उनसे छलक छलक जाती।ये उन जैसे खिलाड़ी का ही माद्दा था जो कैंसर जैसी बीमारी से लड़कर  खेल में शानदार वापसी कर सका। मां बाप के अलगाव की त्रासदी से जूझते हुए वे जिस व्यक्तित्व और और खिलाड़ी के रूप में उभरते हैं और भारतीय क्रिकेट परिदृश्य पर छा जाते हैं वो अपने आप मे बेमिसाल है।
---------------------------
खेल मैदान से अलविदा भारतीय क्रिकेट के युवराज।बहुत आए और गए पर 'तुमसा नहीं देखा'।

Saturday, 15 June 2019

क्वाही का जादू बनाम चोटों का दंश



लगभग 15 दिन पहले जब एनबीए फाइनल्स गोल्डन स्टेट्स वारियर्स और टोरंटो रप्टर्स के बीच होना तय पाया गया था उस समय बास्केटबॉल के सभी बड़े विशेषज्ञ और जानकार ये अटकललें लगा रहे थे की 'बेस्ट ऑफ सेवन' का फाइनल्स आखिर कितने गेमों में खत्म हो जाएगा।ज़्यादातर विशेषज्ञों का मानना था कि ये फाइनल्स 6 गेमों में समाप्त होगा।और अमेरिका के कैलिफोर्निया के ओरेकल एरीना में बृहस्पतिवार की रात्रि में रप्टर्स टीम वारियर्स को 114 के मुकाबले 110 अंको से हराकर एनबीए 2019 का समापन किया तो विशेषज्ञों के अटकलें सच्चाई में तब्दील हो गईं थीं।बस फ़र्क़ सिर्फ इतना था कि जीतना वारियर्स को था जीत रप्टर्स गई।
दरअसल रप्टर्स लगभग आधी रात को जब 4 के मुकाबले 2 गेमों से वारियर्स को हराकर एनबीए के नए चैंपियन बन रहे थे तो तो वे वहां से हज़ारों मील दूर टोरंटो में खुशियों और उत्साह का सवेरा ला रहे थे। ये पहला अवसर था जब लैरी ओ ब्रायन ट्रॉफी देश से बाहर की यात्रा कर रही है।टोरंटो रप्टर्स एकमात्र विदेशी फ्रेंचाइजी है और इसके 24 साल के इतिहास में पहली बार टीम फाइनल्स में पहुंची और ट्रॉफी अपने नाम की।
12 महीने पहले लियोनार्ड क्वाही के फ्री एजेंट हो जाने के बाद जब रप्टर्स ने सान एंटोनियो स्पर्स से अपने लिए ट्रेड किया तो शायद ही किसी को ये अनुमान हो कि वे एक इतिहास की निर्मिती करने जा रहे हैं। वे उन्हें उनके शानदार खेल के लिए फाइनल्स का एमवीपी (मोस्ट वैलुएबल प्लेयर) घोषित किया गया तो ऐसा करने वाले एनबीए इतिहास के अब्दुल जब्बार क्रीम और लेब्रोन जेम्स के बाद ऐसे तीसरे खिलाड़ी थे जो दो अलग अलग टीमों से फाइनल्स  एमवीपी घोषित किया गया।दरअसल उन्होंने अपने खेल की शानदार कलाओं से वारियर्स के किले थॉम्पसन,डुरंट और स्टीफन करी की कलाओं की चमक को इस कदर फीका कर दिया कि खुद तो पूर्णिमा के चाँद से एनबीए के आसमान में छा गए और बाकी खिलाड़ी दूज और तीज की चंद्र कला भर से रह गए।  इतना ही नहीं जब क्वाही जब रप्टर्स को जॉइन कर रहे थे उन्होंने शहयड ही सोचा होगा कि वे एक इतिहास को दोहराते हुए एक उम्मीदों के  बड़े संहारक के रूप में स्थापित हो जाएंगे। 2012 में वे सान एंटोनियो स्पर्स की और से फाइनल्स मियामी हीट के विरुद्ध खेल रहे थे। मियामी हीट में उस समय लेब्रोन जेम्स और ड्वाने वेड जैसे खिलाड़ी खेल रहे थे। उस समय स्पर्स ने हीट को हराकर लगातार तीसरे साल चैंपियन बनने से रोक दिया था।और आज ठीक उसी तरह का कारनामा दोहरा रहे थे वारियर्स को लगातार तीसरे साल और पिछले पांच ससलों में चौथी बार चैंपियन बनने से रोक दिया।
इसमें कोई शक नही रप्टर्स की ये जीत जितनी क्वाही,सीएकम,लारी और मार्क गसोल के खेल की वजह से है उतनी ही वारियर्स के सबसे उम्दा खिलाड़ी दो बार के एमवीपी केविन डुरंट तथा अन्य खिलाड़ियों की चोट के कारण भी है। पर आदुनिक खेलों में चोट एक अनिवार्य चीज है और जीत तो जीत होती है।एनबीए को एक नया चैंपियन मुबारक।

एक प्रतिद्वंदिता:दो विदाई

  एक कशमकश है कि अब इख़्तिताम पज़ीर हुआ चाहती है। एक द्वंद्व है जो विराम लिया चाहता है। एक प्रतिद्वंदिता है जो अनिर्णीत समाप्त हुआ चाहती है। द...