Monday, 27 June 2022

भारत का दिल,क्रिकेट का सिरमौर


                                                   (गूगल से साभार)

        जीवन बहुत बार एक ही मौका देता है। लेकिन कई बार किस्मत आप पर मेहरबान होती है और आपको दूसरा मौका भी देती है। अब ये व्यक्ति पर  निर्भर करता है कि वो इन मौकों को किस तरह से लेता है। किस्मत ने चंद्रकांत पंडित को एक दूसरा मौका दिया और इस बार उन्होंने चूक नहीं की। चंद्रकांत पंडित ने 1998-99 में कप्तान के रूप में पहली खिताबी जीत के जिस मौके को खो दिया था,उसे 2021-22 सत्र में एक कोच के रूप में पूरा कर रहे थे। 

आज बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में मध्यप्रदेश की टीम ने 41 बार की चैंपियन मुम्बई टीम को 6 विकेट से हराकर पहली बार रणजी ट्रॉफी जीत ली। आदित्य श्रीवास्तव इस टीम के कप्तान थे और चंद्रकांत पंडित कोच। 

1951 से रणजी खेल रही मध्य प्रदेश की टीम पहली बार 1998-99 सत्र में पहली बार फाइनल में पहुंची थी। तब चंद्रकांत पंडित मध्यप्रदेश टीम के कप्तान थे। उनका मुकाबला कर्नाटक से था। लेकिन टीम चूक गयी। शायद ये एक बेहतर और नामी गिरामी टीम कर्नाटक के सामने एक युवा टीम की अनुभवहीनता थी कि बेहतर स्थिति में होते हुए भी मध्यप्रदेश की टीम पहली बार चैंपियन नहीं बन सकी। उस बार मध्यप्रदेश की टीम ने पहली पारी में 75 रनों की बढ़त ले ली थी और अंतिम दिन उन्हें जीत के लिए केवल 249 रनों का लक्ष्य मिला। लेकिन टीम चूक गयी और पूरी टीम 150 रनों पर ढेर हो गयी।

इस बार मध्यप्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर एक बार फिर से फाइनल में प्रवेश किया। लेकिन फेवरिट पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली मुम्बई की टीम ही थी। 41 बार की चैंपियन टीम मुम्बई। पर इतिहास मध्यप्रदेश की टीम को बनाना था। 

टॉस मुम्बई ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 374 रन बनाए। पिछले सत्र से ही शानदार बल्लेबाजी कर रहे सरफराज के 134 रनों और यशस्वी जायसवाल के 78 रनों की मदद से। जवाब में मध्यप्रदेश की टीम ने एक बड़ा स्कोर खड़ा किया। 536 रनों का। इसमें तीन शतक बने। यश दुबे ने 133,शुभम शर्मा ने 116 और रजत पाटीदार ने 122 रन बनाए। चौथे दिन की समाप्ति पर मुंबई के 2 विकेट पर 113 रन बने थे और अभी भी वो मध्यप्रदेश से 49 पीछे थी। मध्यप्रदेश की टीम बहुत बेहतर स्थिति में थी। लेकिन उन्हें कहीं ना कहीं 1998-99 की स्मृति हॉंट कर रही होगी। लेकिन उन्होंने शानदार गेंदबाजी की और मुम्बई को 249 रनों पर आउट कर दिया। उसने 108 रनों  के लक्ष्य को आसानी से 04 विकेट खोकर पा लिया।

अब मध्यप्रदेश की टीम पहली बार रणजी चैंपियन थी और प्रदेश के क्रिकेट इतिहास की नई इबारत  लिखी जा रही थी।

 आखरी ओवर इस सत्र के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सरफराज़ कर रहे थे जिन्होंने इस सत्र में सर्वाधिक 983 रन बनाए थे। इस समय जीत के लिए टीम को केवल 05 रन चाहिए थे। सरफराज के सामने इस सत्र में दूसरे सर्वधिक 658 रन बनाने वाले रजत पाटीदार थे। टीम के कप्तान आदित्य श्रीवास्तव सामने के छोर पर अपनी कप्तानी में इस नए इतिहास के लिखे जाने के गवाह बन रहे थे। रजत ने सरफराज के इस ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगाया। अब स्कोर बराबर था। उसके बाद अगली दो गेंद डॉट बॉल थीं। उसके बाद रजत ने सामने की ओर बॉल को टैप किया और एक रन ले लिया।

टीम मध्यप्रदेश जीत चुकी थी। सारे खिलाड़ी दौड़ कर मैदान में आ गए। उनके पीछे धीरे धीरे चंद्रकांत पंडित आए और पूरी टीम ने उन्हें कंधों पर उठा लिया।

ये 1998-99 में होना था,नहीं हो सका था,अब हो रहा था। 1998-99 में अधूरा छूट गया सपना साकार रूप ले रहा था। एक टीम की अपने कोच को इससे बेहतर गुरु दक्षिणा और क्या हो सकती थी कि वे उसके अधूरे छूट गए कार्य को पूरा कर रहे थे। 

जीत के बाद पंडित भावुक थे। वे कह रहे थे'लोग कहते हैं जो पिता नहीं कर सका वो बेटे ने कर दिखाया। आदित्य श्रीवास्तव ने ये कर दिखाया।'

                                                      (गूगल से साभार)

अब मध्यप्रदेश की टीम राष्ट्रीय चैंपियन है। रणजी क्रिकेट की राष्ट्रीय प्रतियोगिता है। हर क्रिकेट खिलाड़ी का राष्ट्रीय टीम में खेलने का सपना रणजी ट्रॉफी से होकर ही गुज़रता है। आज भले ही इसकी अहमियत आईपीएल के चलते थोड़ी कम ज़रूर हुई है। लेकिन एक समय था जब इसमें किया गया खिलाड़ी का परफॉर्मेंस उसके राष्ट्रीय टीम में प्रवेश का टिकट हुआ करता था। आज भी है। हर खिलाड़ी का पहला सपना रणजी में खेलना होता था। जैसे आज आईपीएल खेलना है। आज उसकी अहमियत आधी आईपीएल ने बांट ली है। इसके बावजूद आज भी रणजी में खेलना कम गौरव की बात नहीं है और रणजी चैंपियन होना भी।

हर उस खिलाड़ी ने जिसने रणजी में परफॉर्म किया,भारत के लिए खेला। लेकिन इस सब के बावजूद क्या ही कमाल है कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं जो रणजी के अद्भुत परफॉर्मर रहे हैं, वे रणजी के चमकते सितारे रहे,पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेल सके और अगर एक आध मौका भी मिला तो चल ना सके। हांलाकि उनमें प्रतिभा कूट कूट कर भरी थी। वे क्रिकेट जीनियस थे। याद कीजिए राजेन्द्र गोयल, राजिंदर सिंह हंस, आशीष विंस्टन जैदी, पद्माकर शिवालकर, जलज सक्सेना, वसीम जाफर या फिर अमोल मजूमदार जैसे खिलाड़ियों को। यही नियति है।

वे सभी जिन्होंने 1983 से पहले क्रिकेट को फॉलो किया है,जानते हैं कि ये वो समय था जब रेडियो कमेंट्री क्रिकेट को धीरे धीरे लोकप्रिय बना रही थी। लेकिन अभी भी क्रिकेट बड़े नगरों तक सीमित था। तब क्रिकेट और रणजी विजेता का मतलब मुम्बई,दिल्ली और कर्नाटक हुआ करता था। और तब आता है साल 1983। क्रिकेट विश्व कप भारत क्या आता है,क्रिकेट भारत के हर छोटे बड़े शहर की गलियों तक पहुंच जाता है। अब  इन टीमों को जबरदस्त चुनौती मिलती है। अब उत्तर प्रदेश, हरयाणा,पंजाब से लेकर सौराष्ट्र गुजरात और बंगाल तक चैंपियन बनते हैं और कर्नाटक और दिल्ली के ही नहीं बल्कि मुम्बई के वर्चस्व को भी पूरी तरह समाप्त कर देते हैं।

क्रिकेट के तीन फॉर्मेट की टीम घरेलू प्रतियोगिताएं है- टेस्ट फॉर्मेट की रणजी ट्रॉफी,एक दिवसीय फॉर्मेट की विजय हज़ारे ट्रॉफी और टी-20 फॉर्मेट की मुश्ताक़ अली ट्रॉफी।  वर्तमान सत्र की रणजी चैंपियन मध्य प्रदेश की टीम है तो विजय हज़ारे चैंपियन हिमाचल प्रदेश और मुश्ताक़ अली ट्रॉफी चैंपियन तमिलनाडु है।  धुर उत्तर से सुदूर दक्षिण तक क्रिकेट के चैंपियन मौजूद हैं। दरअसल खेल की सबसे खूबसूरत बात यही वैरायटी और लोकप्रियता है।

००००

फिलहाल तो रणजी के नये चैंपियन को बहुत बधाई। एक ऐसी टीम को उसके खिलाड़ियों को बहुत बधाई, जिसमें कोई बड़ा नामी गिरामी खिलाड़ी नहीं, पर हर खिलाड़ी चैंपियन है।

Monday, 20 June 2022

बॉलीवुड गीत_09







एक पल तुमको जो ना देखें

-----------------------------            


सूरज दहक रहा है। ताप से सारी कायनात झुलसी जाती है।


लेकिन जीवन है सुर्ख हुआ पलाश में गमका जाता है। बासंती सा अमलतास पर खिलखिलाता जाता है। मुस्कान सा हरसिंगार से झरता जाता है।


वो इश्क़ से क्या मिला कि फूलों से उड़कर पर्वतों पर हिम सा बिखरने लगा । नदी में पिघलकर पानी सा बहने लगा। चांदनी सा कायनात पर फैलने लगा।


जीवन है कि हुलस हुलस जाता। पर मोहब्बत है कि कुछ उदास उदास हुई जाती है।


जीवन ने मोहब्बत को हौले से छुआ और खुद में समेट लिया। उसकी उदासी अब किसी जादू सी छूमंतर हुई जाती है।


जीवन ने मोहब्बत से कहा 'तेरे होने से कुछ ना होने का ग़म ज़रा सा लगे। कि घर भरा भरा सा लगे।'


जीवन और मोहब्बत हौले हौले एक दूसरे में घुल रहे हैं। वे कहे जाते हैं-'जो इक पल तुमको ना देंखे तो मर जाये हम'।


इरशाद कामिल अपने शब्दों से इक जीवन बुनते हैं और संदेश शांडिल्य संगीत से इश्क़ का इक दरिया बहाते हैं। श्रद्धा मिश्रा और पापोन अपने सुरों की किश्ती में जीवन को पनाह दे उसे इश्क़ के दरिया में क्या उतारते हैं कि लब गुनगुना उठते हैं-


'खो गई है तू मुझमें आ गई तू वहां

मिल रहे हैं जहां पे ख्वाब से दो जहां'



Sunday, 5 June 2022

एक खबर:एक पाती

                                                    (गूगल से साभार)


खबर

------


 ये 28 मई 2022 का दिन था। पेरिस के स्टेडियम फ्रांस में चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल लिवरपूल और रियाल मेड्रिड के बीच खेला जा रहा था। उस मैच में रियाल ने लिवरपूल को  1-0 से हराकर 14 वीं बार चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। रियाल राफेल नडाल की पसंदीदा टीम है और उस दिन राफा अपनी पसंदीदा टीम का समर्थन करने के लिए वो मैच देख रहे थे। ठीक आठ दिन बाद अपनी पसंदीदा टीम की तरह वे भी 14वीं बार मस्केटियर ट्रॉफी जीत रहे थे। संयोग ऐसे ही होते हैं।

आज शाम रोलां गैरों के फिलिप कार्टियर अरीना में  36 वर्षीय राफेल नडाल अपने से 13 साल छोटे 23 वर्षीय नॉर्वे के कैस्पर रड को बहुत आसानी से 6-3,6-3,6-0 से हराकर अपना 22वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीत रहे थे। रड अपना पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल खेल रहे थे। वे राफा की टेनिस अकादमी के पूर्व छात्र थे। यानी ये गुरु शिष्य के बीच मुकाबला था। और गुरु ने बताया कि गुरु गुरु ही होता है।

इस साल जब जनवरी में राफा ऑस्ट्रेलियाई ओपन खेल रहे थे तो 21 नंबर की चर्चा सबसे ज़्यादा थी। उन्होंने वो नंबर अविश्वसनीय ढंग से प्राप्त किया। लेकिन इस बार 22 से ज़्यादा 14 नंबर महत्वपूर्ण था। 2005 में उन्होंने पहला फ्रेंच ओपन जीता था और वे ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी थे। इन 18 सालों में वे 14वां फ्रेंच ओपन जीत रहे थे तो वे सबसे अधिक उम्र फ्रेंच ओपन जीतने वाले खिलाड़ी बन रहे थे। ये अविश्वसनीय है। लेकिन महान खिलाड़ी वही होता है जो असंभव को इतना आसान बना देता है कि अविश्वसनीय उपलब्धि भी साधारण प्रतीत होने लगती है। 

दरअसल एक प्रतियोगिता को 18 में से 14 बार जीतना  उन्हें टेनिस का 'गोट'नहीं बनाई बल्कि सम्पूर्ण खेल जगत का 'गोट'भी बनाती है। ये असाधारण उपलब्धि है।

दरअसल लाल मिट्टी पर राफा खेलते नहीं बल्कि वे अपने खेल से किसी राग की बंदिश रचते है,कोई प्रेम में पगा पत्र लिखते है,जादू का कोई खेल दिखाते है और आप हैं कि उसके खेल के सम्मोहन में पड़ जाते हैं। 


आज राफा पर क्या लिखना बल्कि राफा को लिखना है। एक पत्र। राफा के नाम।

                                       (ट्विटर से साभार)

पाती

-----

प्रिय राफा,

      मैं जानता हूँ कि तुम 'मस्केटियर ट्रॉफी' के अनन्य प्रेम में हो। और मैं तुम्हारे खेल के प्रेम में आपादमस्तक डूबा हूँ।

शायद तुम जानते हो प्रेम में दो चीजें सबसे अनोखी और ज़रूरी होती हैं जिनकी वजह से प्रेम में सघनता और तरलता दोनों एक साथ बनी रहती है? 

एक प्रतीक्षा! 

और दूसरा प्रेम पत्र!

प्रेम में प्रतीक्षाएँ होती हैं। और खूब होती हैं। प्रतीक्षाएँ बेचैनियां पैदा करती हैं। और इन बेचैनियों में अलग सुख है। अपने यथार्थ को तसव्वुर में जीने का सुख। लोग जो प्रेम में हैं,वो समझते हैं कि तसव्वुर में जीना यथार्थ को कितना बेहतर,कोमल और खूबसूरत बना देता है। ये प्रेम को घनीभूत करता। सघन बनाता है।

और प्रेम में पत्र भावनाओं की अभिव्यक्ति को उड़ान देता है। प्रेम में पत्र मन की अंतरतम भावनाओं को जुबान देता है। पत्र जिसमें भावनाएं किसी नदी की तरह बह निकलती हैं, बारिश की तरह बरसने लगती हैं,खुशबू की तरह महकने लगती हैं,धूप की तरह चमकने लगती हैं। पत्र जो अंतर्मन को भिगो भिगो  देता है। प्रेम में पत्र प्रेम को सूखने से बचाते हैं। उसे बदरंग होने से बचाते हैं। दरअसल 'प्रेम पत्र' प्रेम को तरल बनाये रखते हैं।

हम जानते हैं , तुम चाहे दुनिया के किसी भी कोने में खेलते रहो, किसी भी मैदान पर अपने खेल सेसम्मोहित करते रहो, तुम प्रतीक्षारत रहते ही हो कि कब वो घड़ी आए कि तुम रोलां गैरों की लाल मिट्टी पर अपने प्रेम के सुर छेड़ सको,'मस्केटियर' को रिझा सको और उसका स्पर्श पा सको। अपने हाथों में उठाकर अपने अंक में समेट सको, उसको चूम सको,उसके प्रेम में रो सको,अपने आंसुओं से बहे प्रेम से उसे सराबोर कर सको। कितनी खूबसूरत होती है ना ऐसी प्रतीक्षाएं। तुमसे बेहतर और कौन जान सकता है।

और फिर प्रतीक्षा खत्म होती है। तुम किसी पागल दीवाने से रोलां गैरों चले आते हो, अपने रैकेट और बॉल से लाल माटी पर एक ऐसा खूबसूरत प्रेम में पगा पत्र लिखते हो कि उसे बांचने 'मस्केटियर' किसी दीवानी सी तुम्हारे पास चली आती है। यूं उसे  रिझाने तो ना जाने कितने चले आते हैं। पर तुम सा संगीत कौन छेड़ पाता है। तुम सा पत्र लिखने  की सलाहियत किसी में कहां आ पाती है। तुम सा प्रेमी कौन हो पाता है। साल दर साल यही चला होता चला आता है। हैं ना।

तुम्हारी तरह हम भी साल भर प्रतीक्षारत रहते हैं।  तुम्हारे खेल को जीने की प्रतीक्षा में, लाल मिट्टी पर तुम्हारे खेल के जादू से सम्मोहित होने प्रतीक्षा में, तुम्हारे रैकेट से निकले संगीत को सुनने की प्रतीक्षा में, तुम्हारे प्रेम पत्र को पढ़ने की प्रतीक्षा में, 'मस्केटियर' को तुम्हारे हाथों में देखने की प्रतीक्षा में,उसके मिलन से निकले खुशी के आंसुओं में डूब जाने की प्रतीक्षा में,तुम्हें उसे चूमता हुए देखने की प्रतीक्षा में। ये तुम्हारी जीत की गंध इतनी मादक होती है ना कि साल भर मदहोशी बनी रहती है।

तुम साल दर साल आते हो और एक प्रेम पत्र लिख जाते हो। तो तुम्हारे खेल के प्रेम में पड़कर इस बार मैंने भी एक चिट्ठी तुम्हारे नाम लिखी है। जानते हो पहली बार बचपन में पहले क्रश को लिखा था 'तुम बहुत ख़ूबसूरत हो'। दूसरी बार, जवानी में प्रेमिका को लिखा 'तुम मुझे खत लिखना'। तीसरा,जीवन के तीसरे पहर तुम्हारे खेल की दीवानगी में,तुम्हारे नाम 'तुम सा कोई नहीं'।

पर इस बार ये दीवानगी चार शब्दों में कहां समा पाएगी। और इस लंबी पाती में भी कहाँ समा पाएगी भला।

तुम जानते हो कितने ही लोग दुनिया भर में कितनी कितनी जगहों पर जाते हैं किसी खास मकसद से। राहुल सांकृत्यायन खोए ज्ञान को खोजने के लिए दुनिया भर की यात्रा करते हैं। असगर वजाहत अपनी जड़ों को खोजने और पांच सौ साल पहले भारत आए अपने पूर्वजों के निशान ढूंढने ईरान के दुर्गम इलाकों की यात्रा करते है। अमृत लाल बेगड़ भक्ति भाव से नर्मदा के सौंदर्य लोक में अवगाहन करने के लिए नर्मदा परिक्रमा करते हैं। ओमा शर्मा अपने अनन्य प्रेरणा स्रोत और गुरु स्टीफेन स्वाइग की आत्मा को महसूसने को ऑस्ट्रिया के चप्पे चप्पे को छान मारते हैं। मानव कौल खुद को ढूंढने यूरोप की खाक छानते हैं। उधर अनिल यादव पूर्वोत्तर भारत को पूर्वोत्तर भारत में खोजने में बरसों बिता देते हैं। एक अकेली लड़की अनुराधा बेनीवाल 'एकला चलो' की तर्ज़ पर बिना संसाधनों के यूरोप भर में भटकती है और  दुनिया भर की लड़कियों से घुमक्कड़ बन जाने का आह्वान करती है। 

जानते हो राफा ऐसे ही मैं भी दुनिया भर की अनेकानेक जगहों पर जाना चाहता हूँ,उन्हें महसूसना चाहता हूँ।  मैं हिसार की उन गलियों को देखना चाहता हूँ जिनमें साइना ने सारे बंधनों को तोड़कर आकाश में उन्मुक्त उड़ान सीखी।  पयोली की मिट्टी को छूकर धन्य होना चाहता हूँ जिसने उषा के पैरों को असीमित गति और शक्ति भरी। मणिपुर के गांव कंगथेई की उस हवा को महसूस करना चाहता हूँ जिसमें मैरी कॉम के मुक्कों को फौलादी ताकत मिली। मैं पाकिस्तान में लाहौर के उस ट्रैक को अपनी आंखों से देखने का सुख चाहता हूँ जहां मिल्खा 'उड़न सिख' बने थे।  

और इंग्लैंड में लॉर्ड्स के मैदान के पवेलियन में भी तो एक बार बैठना बनता है जिसमें 1983 जीत ने भारत में एक खेल को धर्म बना दिया और कुआलालंपुर के मरडेका स्टेडियम का एक चक्कर लगाकर दो आँसू भी तो बहाने हैं जहां भारत के राष्ट्रीय खेल हॉकी का सितारा अंतिम बार चमका। 

और जर्मनी में बर्लिन के ओलंपिक स्टेडियम जाकर एक बार गर्व करना चाहता हूँ जहां ध्यानचंद ने हिटलर के ऑफर को ठुकराया था।

मैं अर्जेंटीना के सांता फे प्रान्त में पारणा नदी के पश्चिमी तट के उस सौंदर्य को निहारना चाहता हूँ जहां मेस्सी और रोजुक्के कि प्रेम कथा ने जन्म लिया और अर्जेंटीना के शहर लानुस को भी तो देखे बिना कैसे रहा जाएगा जहां माराडोना जैसा खिलाड़ी जन्म लेता है। ब्राजील के साओ पाउलो प्रांत के कस्बे बोरु में चाय की चुस्कियों के साथ महसूस करना चाहता हूँ कि कैसे चाय की दुकान पर काम करते हुए पेले ने फुटबॉल के गुर सीखे और दुनिया का महानतम फुटबॉलर बना। और अमेरिका के कैलिफोर्निया के जंगलों में जाकर एक बार ज़ार ज़ार रोकर कोबे को श्रद्धांजलि देना चाहता हूँ।

दिल मे ऐसी ही हज़ारों ख्वाहिश हैं जिन्हें पूरा होना है। पर जानते हो राफा अगर ये ख्वाहिश ना भी पूरी हों तो बस एक ही ख्वाहिश रहेगी फ्रांस के शहर पेरिस को देखने की। इसलिए नहीं कि सीन नदी के किनारे बसा पेरिस दुनिया का सबसे सुंदर शहर है,कि वो दुनिया की फैशन राजधानी है,कि रोमन सभ्यता की विरासत के सबसे खूबसूरत अवशेष इस शहर में हैं,बल्कि इसलिए कि ये दो 'लिविंग लीजेंड' का शहर है। ये मेस्सी शहर है, राफा का शहर है। इस शहर में 'पार्क द प्रिंसेस'है इस शहर में 'रोलां गैरों' है। और इन दो जादू घरों में अनंत काल तक के लिए दो जादूगरों के जादू के तिलिस्म में खो जाने की ख्वाइश से इतर और कोई क्या ख्वाईश हो सकती है।

 और ये भी कि अगर इन दोनों में भी किसी एक को चुनना हो तो 'फिलिप कार्टियर अरीना' से खूबसूरत चयन क्या हो सकता है। फिलिप कार्टियर अरीना, मैं और तुम्हारे खेल का जादू। इससे बेहतर दुनिया में और क्या हो सकता है।

विंसेंट नवार्रो अपरिसिओ हो जाने की चाहत के अलावा और क्या चाहा जा सकता है।

नवार्रो, सुपर फैन नवार्रो। जानते हो ना। वही नवार्रो जो स्पेनिश फुटबॉल क्लब वेलेंसिया का अनोखा फ़ैन था। वेलेंसिया क्लब का मेम्बर नंबर 18,  जो  साठ के दशक से अपनी मृत्यु तक लगातार वेलेंसिया के हर मैच में उपस्थित रहा था। सबसे बड़ी बात तो यह कि 54 साल की उम्र में दृष्टिहीन हो जाने के बावजूद  उसने वेलेंसिया का कोई भी मैच नहीं छोड़ा। वेलेंसिया के घरेलू मैदान मेस्तला स्टेडियम के ट्रिब्यूना सेंट्रल सेक्शन की 15वीं पंक्ति की सीट न.164 पर बैठकर अपनी दृष्टिहीनता के बावजूद स्टेडियम के वातावरण और बेटे के आंखों देखे हाल से हर मैच का आनंद लेता। 2017 में वेलेंसिया के उसकी मृत्यु हुई।और तब क्लब ने उसके सम्मान में 2019 में उसकी उस सीट पर उसकी कांसे की मूर्ति स्थापित कर दी।

 दस मार्च 2020 को चैंपियंस लीग के प्री क्वार्टर फ़ाइनल मैच के दूसरे चरण के मैच में वेलेंसिया क्लब अतलांता क्लब को अपने घरेलू मैदान मेस्तला स्टेडियम में होस्ट किया। कोरोना के कारण ये मैच बिना दर्शकों के आयोजित करने का निर्णय लिया गया। लेकिन यह कैसे संभव हो सकता था कि मेस्तला स्टेडियम में नवार्रो उपस्थित न हो. सेंट्रल ट्रिब्यूना सेक्शन की 15वीं पंक्ति की सीट नंबर 164 पर वेलेंसिया टीम का अनोखा दीवाना नवार्रो  इस बार भी बैठा था। सच में क्या ही कमाल है उस मैच का नवार्रो एकमात्र दर्शक था, जो अकेले किसी राजा की तरह उस मैच का आनंद ले रहा था।

मैं भी नवार्रो की तरह एकांत में उस अद्भुत संगीत का आनंद लेना चाहता जो तुम अपने खेल से रचते हो। जब तुम लाल बजरी पर लय में खेलते हो तो वो किसी राग की बंदिश से कम कहाँ होता है। ऐसी बंदिश जिसके सम्मोहन में एक बार बंध जाएं तो फिर कभी मुक्त ही ना होना चाहें। कितनी बंदिशें तुमने उस अरीना में बिखरे दी है जो अब हमेशा के लिए रोलां गैरों में कोने कोने में व्याप गयी होंगी जिन्हें आने वाले अनंत काल तक सुना जा सकता है।

इस बार तुम यहाँ आये तो आये। आगे शायद तुम ना आ पाओ। समय हाथों से फिसल जो रहा है। जब तुम कहते हो कि 22वां खिताब कुर्बान करके तुम नया पैर लेना चाहोगे तो समझ में आता है तुम्हारी चोटों का क्या हाल है।

तुम्हें तुम्हारा ये प्यार मुबारक। ये जीत मुबारक।

राफा तुम खिलाड़ी कहां तुम तो कमाल हो।

                                              


                                                     तुम्हारा प्रशंसक

Saturday, 28 May 2022

खेल भावना

 



'कोई भी जीत आपके आशीर्वाद के बिना अधूरी है।'

 निखत ज़रीन के ये शब्द उनके हाल में जीते स्वर्ण पदक की चमक को इस कदर बढ़ा देते हैं कि उसकी चमक में सारे गिले-शिकवे,अहम, ईर्ष्या,राग-द्वेष सब घुल जाते हैं।

निसंदेह निखत की जीत बड़ी है। लेकिन निखत के ये शब्द उसकी जीत को बहुत बहुत बड़ा बना देते हैं।

दरअसल ये खेल ही है जो खिलाड़ी को थोड़ा ज्यादा विनम्र बनाते हैं,उसे कुछ और ज़्यादा झुकना सिखाते हैं,उसे थोड़ा अधिक मनुष्य बनाते हैं।

इन शब्दों ने एक बार फिर सिद्ध किया कि हमारे जीवन के सद्भावना, मैत्री, प्रेम और सहयोग के सबसे ख़ूबसूरत दृश्य खेल मैदानों से ही आते हैं।

---------------

निखत को और उसकी खेल भावना को सलाम।


Wednesday, 18 May 2022

'पहली जीत' की त्रयी



ऐसा कई बार होता है कि कोई खास क्षण, कोई दिन या फिर समय का कोई खास काल खंड खास आप के लिए बना होता है। आज का तो हर क्षण, आज का पूरा दिन और 09 से 15 मई,2022 का काल खंड केवल और केवल भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम के लिए ही बना था। एक ऐसा क्षण,एक ऐसा दिन और एक ऐसा काल खंड जिसने भारतीय खेल पटल पर एक नए इतिहास को


लिख देना था। नहीं तो 09 मई से पहले किसने सोचा था कि टीम इंडिया 'टीम चैंपियन' बनने जा रही है।

थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उपनगर नॉनताबूरी के इम्पैक्ट अरीना में थॉमस कप में आज पहली बार फाइनल खेल रहा भारत, 14 बार के चैंपियन इंडोनेशिया पर 2-0 की बढ़त बना चुका था। अब तीसरे मैच में भारत के. श्रीकांत इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी के विरुद्ध दूसरे गेम में 22-21 के स्कोर पर चैंपियनशिप के लिए सर्विस कर रहे थे। उन्होंने सर्विस की। एक छोटी रैली हुई। क्रिस्टी के एक डीप हाई रिटर्न पर श्रीकांत ने ऊंची छलांग लगाई और शानदार क्रॉस कोर्ट स्मैश लगाया। इस स्मैश का क्रिस्टी के पास कोई जवाब नहीं था। दरअसल श्रीकांत का ये  स्मैश ना केवल बैडमिंटन की चैंपियन टीम का मानमर्दन कर रहा था बल्कि पूर्व विजेता इंडोनेशिया पर  3-0 की जीत दिला कर भारत को नया चैंपियन भी बना रहा था। श्रीकांत की ये छलांग सही मायने में भारतीय टीम की बैडमिंटन के आसमां पर शोहरत की नई उड़ान थी जिससे भारत के बैडमिंटन को नई बलन्दी पर पहुंच जाना है।

जैसे ही किदाम्बी श्रीकांत ने विजयी स्मैश लगाया,सबसे पहले दौड़कर लक्ष्य सेन कोर्ट पर आए और किदाम्बी से लिपट गए। उसके पूरी टीम कोर्ट पर थी। वे जीत का जश्न मना रहे थे। तिरंगा लहरा रहे थे। भारत की जीत और खुशियों के रंग से पूरा इम्पैक्ट अरीना सराबोर था। 

इस बार भारत की टीम सफेद और काले रंग की पोशाक में खेल रही थी। मानो वे इस बार ये निश्चय करके आएं हो कि या तो चैंपियन बनना है या तो हार जाना है। कोई आधी अधूरी जीत नहीं। श्वेत या स्याह। बीच का कोई ग्रे शेड नहीं। खिलाड़ियों के जोश,जज़्बे और हुनर से उनके हिस्से सुफेद रंग आया जिसमें जीत के चमकीले रंग भर जाने थे,तिरंगे के रंग बिखर जाने थे।

ऐसा नहीं है कि भारतीय बॅडमिंटन का ये कोई पहला स्वर्णिम क्षण था। प्रकाश पादुकोण, सैय्यद मोदी,पुलेला गोपीचंद,साइना नेहवाल,पीवी सिंधु और के. श्रीकांत ने विश्व पटल पर भारत को स्वर्णिम उपलब्धियां दिलाईं हैं। भारत को एक पहचान दी। लेकिन ये सब खिलाड़ियों की वैयक्तिक उपलब्धियां थी। एक टीम के रूप में भारत कहां ठहरता था। ये पहली बार है टीम में इतनी गहराई है कि भारत के नंबर एक खिलाड़ी लक्ष्य सेन के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मैच हारने के बाद भी टीम पहली बार फाइनल में पहुंचती है और जीत हासिल करती है।

आज फाइनल में पहला मैच लक्ष्य सेन और एंथोनी जिनटिंग के बीच था। पहला गेम वे 08- 21 से हार गए। लगा सेन अपने पहले दो मैच का परफॉर्मेंस दोहराने वाले हैं। लेकिन बड़ा खिलाड़ी वही होता जो ऐन बड़े मौके पर परफॉर्म करता है। आज लक्ष्य ने ऐसा ही किया। उन्होंने अगले दो गेम 21-17 और 21-16 से जीतकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। ये मैच 65 मिनट चला। अगला युगल मैच  भारतीय नंबर एक जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसाइराज रैंकिरेड्डी का इंडोनेशियाई जोड़ी अहसान और सुकोमुलजो से था। भारतीय जोड़ी इस समय ज़रबर्दस्त फॉर्म में थी और इस बार भी उसने निराश नहीं किया। 70 मिनट चले संघर्षपूर्ण मैच मैच में भारतीय जोड़ी ने 18-21, 23-21 और 21-19 से जीत हासिल कर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। अब भारत का खिताब लगभग तय हो गया था। क्योंकि अगला मैच किदाम्बी श्रीकांत का था  जो इस समय शानदार फॉर्म में थे और अभी तक अजेय थे। उन्होंने केवल 48 मिनट में जोनाथन क्रिस्टी को 21-15 और 23-21 से सीधे सेटों में हराकर भारत को अविस्मरणीय जीत दिला दी।

भारत की इस जीत में एक नाम और लिया जाना बाकी है जिनकी फिनाले में ज़रूरत ही नहीं पड़ी। और वो नाम है एच एस प्रनॉय का। सेमीफाइनल में भारत ने डेनमार्क को 3-2 से हराया था। पहला मैच लक्ष्य सेन हार गए। इसके बाद चिराग और सात्विक की जोड़ी और किदाम्बी ने अपने मैच जीतकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। लेकिन भारत की दूसरी युगल जोड़ी कृष्णा प्रसाद और विष्णुवर्धनमैच हार गए। अब निर्णायक मैच में सारा दारोमदार प्रनॉय पर था। प्रनॉय ने रासमस गेमके को 13 -21,21-9,21-12 से हराकर फाइनल में पहुंचाया। ठीक यही परफॉर्मेंस प्रनॉय ने क्वार्टर फाइनल में दी थी। लक्ष्य और  प्रसाद कृष्णा की जोड़ी अपने मैच हार गए। जबकि किदाम्बी और चिराग सात्विक की जोड़ी ने अपने मैच जीते थे। 2-2 की बराबरी पर प्रनॉय ने निर्णायक मैच लोंग जुन हाओ को 21-13 और 21-08 से हराकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया।

इस प्रतियोगिता में भारत को चीनी ताइपे ,जर्मनी और कनाडा के साथ ग्रुप सी में रखा गया था। ग्रुप स्टेज में भारत ने कनाड़ा और जर्मनी को 5-0 से हराया, जबकि चीनी ताइपे से करीबी मुकाबले में 2-3  से हार गया। इस प्रकार भारत ने अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहकर क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

यदि भारतीय खेलों में टीम गेम की बात की जाए तो हॉकी में ओलंपिक में स्वर्णिम जीत के अलावा उसके खाते में केवल दो अविस्मरणीय जीत हैं। एक,1975 में कुआलालंपुर में फाइनल में एक बेहद संघर्षपूर्ण मैच में पाकिस्तान को 3-2 से हराकर पहली बार हॉकी विश्व कप जीतना। दो, 1983 में लॉर्डस, इंग्लैंड में दो बार की विश्व चैंपियन लगभग अजेय टीम वेस्टइंडीज को 43 रन से हराकर पहली बार क्रिकेट विश्व कप जीतना। अब बॅडमिंटन टीम ने पहली बार थॉमस कप जीतकर 'पहली जीत' की त्रयी की निर्मिति की है।

यदि हॉकी और क्रिकेट में पहली  विश्व कप जीत की बात करें तो जीत के प्रभाव की दृष्टि से ये दोनों जीत भारतीय खेलों के लिए एकदम विपरीत प्रभाव वाली परिघटनाएं सिद्ध हुईं। हॉकी की ये जीत अभी हाल के हॉकी के पुनरुत्थान से पहले की आखरी बड़ी जीत साबित हुई। इस जीत के बाद का भारतीय हॉकी का सफर गर्त में जाने का सफर था। जो  2008 में ओलंपिक में क्वालीफाई ना कर सकने पर पूर्ण हुआ। दूसरी तरफ  क्रिकेट में जीत  भारतीय क्रिकेट की प्रगति और लोकप्रियता के शिखर पर जाने की कहानी है।

तो बैडमिंटन में इस पहली जीत का भारतीय बैडमिंटन में क्या प्रभाव होगा ये देखा जाना रोचक और ज़रूरी होगा। ये इसलिए भी ज़रूरी है कि प्रभाष जोशी के शब्दों में कहें तो 'खेल केवल खेल नहीं होते।' भारत के बैडमिंटन में बढ़ते प्रभाव को अन्य महारथी खेल शक्तियां इसे किस रूप में लेती हैं और आगे खेल नियमों में किस तरह के बदलाव होंगे और भारत किस तरह से इस पर प्रतिक्रिया करेगा,ये सबसे महत्वपूर्ण होगा। हॉकी की तरह या क्रिकेट की तरह।

खैर इस प्रश्न को भविष्य पर छोड़ देना बेहतर। फिलहाल ये जीत सेलिब्रेट करने का समय है। ये जो पहली जीत की खुश्बू है ,उसका रोमांच है ,उसका रोमान है,उसका नशा है बिल्कुल पहले प्यार का सा होता है।

०००००

तो भारतीय बैडमिंटन टीम को ये पहली जीत,ये रोमांच,ये रोमान और ये नशा बहुत बहुत मुबारक।

बुक मार्क_मारीना

 



'...कोई ऐसा जो मेरे झरते हुए जीवन में वसंत की तरह था...'

एक किताब के भीतर की यात्रा के दौरान जो भी सहायक उपकरण होते हैं,उनमें बुकमार्क मुझे सबसे अहम और आकर्षक  लगता है।
मेरे जाने ये एक अभिनव प्रयोग है। जब आप 'मारीना' पढ़ते हैं तो आपको कहीं बाहर से बुकमार्क नहीं जुगाड़ना पड़ता। ये कहन में 'इन बिल्ट' हैं। ऐसे खूबसूरत बुकमार्क जो पढ़ते हुए शायद ही कभी आपके हाथ लगे हों। ये मारीना की जीवन यात्रा से होकर गुजरने वाले पाठक के लिए ठहरने के ठिकाने हैं। अगले पड़ाव के प्रस्थान स्थल हैं। ये आपको यात्रा के एक हिस्से को पूरा करने का सुकून ही नहीं देते,  बल्कि एक व्यग्रता, एक बेचैनी,छटपटाहट भी पैदा करते हैं और आगे जाने की,ज़ियादा और ज़ियादा  जानने की। ये दिमाग को मथते जाते हैं और दिल को सहलाते भी चलते हैं, एक साथ।
अगर इस किताब में सिर्फ और सिर्फ बुकमार्क होते और कुछ भी ना होता तो भी ये अपने आप में मुकम्मल किताब होती। 
आप पूछेंगे ऐसे खूबसूरत बुकमार्क भी होते हैं क्या? 
मैं कहूंगा मारीना पढ़ो ना।
----------------------------
एक बुकमार्क की इबारत है-
'वापसी शब्द अजीब है। वापसी देह की संभव है,लेकिन वापसी पर सब कुछ वैसा ही हो-जैसा हम छोड़कर गए थे,ऐसा कहां होता है।' मारीना ने अपने कटे हुए बालों की लटों को कान के पीछे अटकाते हुए कहा।
'हां, जीवन की तरह।'बेसाख्ता मेरे मुंह से निकला।
'बिल्कुल।' उसने मेरी और देखते हुए कहा
'जीवन की ही तरह। हम आते हैं एक तरह से ही दुनिया में,लेकिन वापसी तक सबकी अलग अलग यात्रा होती है। जीवन यात्रा।'
'निर्वासन भी यात्रा ही थी।' मैं कहती हूँ। इस कहन में सवाल भी है।
'हां, निर्वासन भी यात्रा रही,कठिन बीहड़ यात्रा,बचपन से निर्वासन,देश से निर्वासन,जीवन से निर्वासन।'
हम दोनों खामोश हो गए। सूरज हमारे सामने ढल रहा था। ढल रहा था हमारे भीतर भी बहुत कुछ।

Sunday, 27 March 2022

जहाँआरा:एक ख्वाब एक हक़ीक़त




प्रो हेरंब चतुर्वेदी जाने माने इतिहासकार हैं और लेखन के क्षेत्र में अति सक्रिय हैं। हाल के वर्षों में इतिहास और इतिहासेतर विषयों पर उनकी अनेक पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं।

2013 में उनकी एक पुस्तक प्रकाशित हुई थी 'दास्तान मुग़ल महिलाओं की'। इसे नया ज्ञानोदय और बीबीसी ने उस साल की सबसे चर्चित पुस्तकों में शामिल किया था। ये पुस्तक अपने कथ्य में इस दृष्टि से विशिष्ट थी कि ये मुग़ल राजपरिवार की कम चर्चित महिलाओं पर केंद्रित थी। ऐसे मध्यकालीन समाज में जब महिलाओं की स्थिति किसी 'ऑब्जेक्ट' से इतर कुछ नहीं हो और मुग़ल इतिहास में भी जिन महिलाओं का नाम मुग़ल नामावली को पूरा करने भर के लिए शामिल किया जाता रहा हो,इस पुस्तक में उसी काल की छह ऐसी ही बहुत कम चर्चित या अचर्चित महिलाओं के मुग़ल इतिहास में महत्वपूर्ण हस्तक्षेप को रेखांकित करने का प्रयास किया गया था। कहन की दृष्टि से ये इसलिए अलग थी कि ये इतिहास का शुष्क  इतिवृत्तात्मक वर्णन ना होकर कथा कहानी के रूप में बहुत ही रोचक और सरस बयान थी।

अब इसी विषय पर उनकी एक और पुस्तक आयी है 'जहाँआरा:एक ख़्वाब एक हक़ीक़त'। एक तरह से इसे पहली पुस्तक का विस्तार  माना जाना चाहिए। इस पुस्तक में भी उन्होंने एक अन्य मुग़ल महिला 'जहाँआरा' के अपने समय, इतिहास और व्यक्तियों के जीवन में उसके हस्तक्षेप और उसकी भूमिका को रेखांकित करने का प्रयास किया है। भिन्नता केवल आकार की दृष्टि से है। जहां पहली पुस्तक के 183 पृष्ठों में छह कहानियों में छह मुग़ल महिलाओं का ज़िंदगीनामा है,वहाँ इस पुस्तक के 308 पृष्ठों में केवल एक मुग़ल महिला का आत्मकथ्य शैली में औपन्यासिक रोज़नामचा।

ये स्वाभाविक और ज़रूरी भी था। मुग़ल बादशाह शाहजहां की बेटी और दारा शिकोह व औरंगजेब की बहन जहाँआरा का कृतित्व और व्यक्तित्व है ही इतना विराट कि किसी कहानी/अध्याय में वो समा ही नहीं सकता था। उसे एक औपन्यासिक कृति की ही ज़रूरत थी जिसे प्रो चतुर्वेदी ने पूरा किया।

 जहाँआरा अपनी नानी और बादशाह जहांगीर की सबसे प्रिय बेग़म नूरजहां के बाद मुग़ल इतिहास की दूसरी सबसे प्रभावशाली महिला हैं। लेकिन वो अपनी नानी नूरजहां से कहीं अधिक पढ़ी लिखी,समझदार,विचारवान और शालीन व्यक्तित्व की स्वामिनी हैं। नूरजहां ने मुग़ल इतिहास को बहुत गहरे से प्रभावित किया, लेकिन उसका ये प्रभाव मुख्यतः राजनीतिक और नकारात्मक है। इसके विपरीत जहाँआरा ने अपने समय के हर क्षेत्र में दखल दिया और सकारात्मक रूप से प्रभावित किया। और इस दृष्टि से वो नूरजहां से भी ज़्यादा प्रभावी और बड़ा व्यक्तित्व दिख पड़ती हैं। वो नेपथ्य में रहकर अपनी भूमिका का निर्वहन करती हैं और अपने समय की ना केवल राजनीति में बल्कि समाज,अर्थ,साहित्य और संस्कृति सभी क्षेत्रों में समान रूप से सकारात्मक हस्तक्षेप करती हैं। 

उनकी केवल दर्शन और सूफीवाद में ही रुचि नहीं है,बल्कि साहित्य, इतिहास, चिकित्सा, गणित, राजनीति सभी विषयों में गति है। वो मल्लिका के रूप में ना केवल हरम का प्रबंधन करती हैं बल्कि राजनीति में भी हस्तक्षेप करती हैं। उन्हें एक तरफ मुग़ल राजवंश की उसकी प्रतिष्ठा का ख़्याल है तो दूसरी तरफ अपनी रियाया,अपने अधीनस्थों और अपने परिवार की परवाह भी है। वो जितना अध्ययन में डूबती हैं,उतनी ही प्रकृति के साहचर्य में जाती हैं। वो जितनी रुचि बाग बगीचों और नहरों के निर्माण में लेती हैं उतनी ही स्थापत्य में भी। ये कमाल ही है कि हरम और राज दरबार के लौकिक षडयंत्रकारी शुष्क जीवन के बीच भी वो अपने भीतर आध्यात्मिक और नैतिकता की नमी को बनाये रखती हैं। अपनी पुस्तक में प्रो चतुर्वेदी मध्यकालीन समय की ऐसी गरिमामय मुग़ल शहज़ादी जहाँआरा के  बेहद खूबसूरत व्यक्तित्व का खूबसूरत चित्र अपनी कलम से उकेरते हैं।

ऐतिहासिक कथ्य को कहने की अपनी दिक्कतें हैं। जब ऐतिहासिक तथ्यों पर ज़ोर दिया जाता है तो कथ्य शुष्क और इतिवृत्तात्मक होता जाता है और कहन पर ज़ोर दिया जाता है तो ऐतिहासिक तथ्य से समझौता करना पड़ता है। तमाम ऐतिहासिक कृतियों में ऐतिहासिक तथ्यों को गलत रूप के प्रस्तुत किया गया है। इससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। ऐतिहासिक कृति को पढ़ते हुए चाहे आप जितना सजग रहें कि आप इतिहास नहीं साहित्यिक कृति पढ़ रहे हैं, पर अवचेतन में इतिहास हावी रहता है और आपके दिमाग में एक गलत इतिहास की निर्मिति होती ही है।

लेकिन प्रो चतुर्वेदी एक मंजे हुए इतिहासकार तो हैं ही, एक हुनरमंद कवि भी हैं। भाषा पर उनकी गज़ब की पकड़ है। उनकी भाषा में बहते पानी की गति है और गज़ब का लालित्य भी। इसीलिए उन्हें अपने कहन में रोचकता के लिए ऐतिहासिक तथ्यों से समझौते की ज़रूरत नहीं पड़ती। वो खुद ब खूब चली आती है। वे लिख इतिहास ही रहे होते हैं। शोधपरक प्रामाणिक इतिहास। लेकिन वे इसे कविता में लिख रहे होते हैं। दरअसल जब हम उनकी ऐतिहासिक कृति को पढ़ रहे होते हैं तो इतिहास को कविता के माध्यम से पढ़ रहे होते हैं। और ये भी कि हम व्यक्ति और घटनाओं के रूप में नीरस इतिवृत नहीं पढ़ रहे होते बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण और घटनाओं की निर्मिति के पीछे की परिस्थितियों का गंभीर विश्लेषण पढ़ रहे होते हैं।

जहाँआरा अपनी रियाया और विशेष तौर पर किसानों के हितों का ध्यान रखने की बात करती हैं। वो इस बात का उल्लेख करती है कि अकबर सहित तमाम बादशाह समय समय पर किसानों के हितों से संबंधित आदेश जारी करते रहे हैं। पुस्तक के 157 पृष्ठ पर उल्लिखित इस संदर्भ का उल्लेख आदरणीय असगर वज़ाहत साहब ने किया है और इसे अभी हाल के किसान आंदोलन से जोड़ते हुए वे कहते हैं कि तब और अब के शासकों की सोच  में किसान हित को लेकर कितना अन्तर है। दरअसल ये अंतर सोच का नहीं बल्कि कथनी और करनी का है। किसान हित की बात प्राचीन काल से होती आयी है। लेकिन इस संबंध में धरातल पर शायद ही कभी कुछ हुआ हो। किसान आत्महत्या के लिए हमेशा मजबूर होते आये हैं। कल भी आज भी। इसी पुस्तक में एक जगह संदर्भ है कि जहाँआरा अपनी प्रिय सेविका फिदा के कहने पर कश्मीर की अपनी जागीर के किसानों का लगान  किसानों की परेशानी को देखते हुए 50 फीसद से 40 फीसद कर देती हैं। इसके अलावा किसानों को अपने जागीरदारों को जो समय समय पर अन्य कर और नज़राने देने पड़ते,वे अलग से। विचारणीय प्रश्न ये है कि 50 फीसद लगान के बाद किसान कितना सुखी हो सकता था। सारे अध्ययन अभी तक यही बताते हैं किसी भी काल में किसान सुखी नहीं थे। यानि कथनी और करनी का अंतर हर काल में रहा है,जो आज तक जारी है।

मानव की मूल प्रवृति और विचार हर युग में एक से होते हैं। एक संदर्भ आता है कि  जहाँआरा  स्वयं अपना समुद्री व्यापार शुरू करती हैं। इसके लिए वो अपनी बचत और साथ ही अपनी परिचारिकाओं की बचत का निवेश अपने इस व्यापार में लाभ के लिए करती हैं। इससे लाभ होता है और हरम की बाकी दासियाँ और महिलाएं भी इससे प्रेरित होकर अपनी बचत को व्यापार में निवेशित करने को उद्धत होती हैं। यानि बचत, निवेश और लाभ की प्रवृति हर काल और स्थान पर समान हैं। जहाँआरा ना केवल अपना व्यापार शुरू करती हैं बल्कि उसके लिए एक पानी का जहाज 'साहिबी' का निर्माण भी करवाती हैं। हम आज के समय में तमाम सफल 'महिला उद्यमियों' की बात करते हैं। मध्यकाल में भी सफल महिला उद्यमी हुआ करती थीं।

इस पुस्तक की शुरुआत भी 'दास्तान...'की तरह शुष्क सी होती है। उस पुस्तक में ये शुष्कता कथ्य की भौगोलिक पृष्ठभूमि के कारण होती है तो यहां पर कथ्य की भूमिका तैयार करने की ज़रूरत से। इस पुस्तक के कुछ पृष्ठ उस भूमिका के निर्माण हेतु तत्कालीन समय और परिस्थितियों के वर्णन में खर्च होते हैं जिसमें जहाँआरा जैसे व्यक्तित्व का आविर्भाव होता है। लेकिन जैसे जहाँआरा का व्यक्तित्व परिदृश्य पर नमूदार होता हैं और उनके आत्मकथ्य शब्दों में पृष्ठ पर अवतरित होने लगते हैं,शुष्क इतिवृत कविता में तब्दील होता जाता है।

------------------------

'जहाँआरा:एक ख्वाब एक हक़ीक़त'दरअसल ख्वाब के हक़ीक़त में तब्दील होने के बजाय हक़ीक़त के ख्वाब में बदल जाने की बात है। ये इतिहास की किताब से शुरू होकर महाकाव्य में बदल जाने की बात है।

०००००

दरअसल ये किताब जहाँआरा के बहुमुखी व्यक्तित्व के अलग अलग पहलुओं की खूबसूरत गज़लों का एक निहायत संजीदा दीवान है। ये एक व्यक्ति के चरित्र को समझने का प्रयास भर नहीं है बल्कि उसके माध्यम से तत्कालीन इतिहास,राजनीति,समाज और जीवन को समझने की युक्ति भी है।

सब्र का फल मीठा होता है

ये 14 सितंबर 2020 की तारीख थी। न्यूयॉर्क के फ्लशिंग मीडोज पर यूएस ओपन का पुरुष एकल फाइनल जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव और ऑस्ट्रिया के डोमिनि...