Monday, 10 June 2019

राफा द गैलक्टिको ऑफ टेनिस




राफा द 'गैलक्टिको' ऑफ टेनिस
--------–----------------------–--

राफेल नडाल के 12 वीं बार 'कूप डी मस्केटीएर' ट्रॉफी जीतने के बाद उनसे हारने वाले युवा थिएम कह रहे थे 'राफा हमारे खेल के लीजेंड हैं और ये (12बार फ्रेंच ओपन जीतना) अवास्तविक(unreal) है , तो राफा को  मस्केटीएर ट्रॉफी प्रदान करने के बाद रॉड लेबर ने ट्वीट किया कि 'ये विश्वास से परे(beyond belief) है।' दरअसल राफा का उस समय वहां होना ही अपने आप मे अविश्वास से परे होना था। वे पीले रंग की टी शर्ट पहने थे। जैसे ही जीते तो पीठ के बल कोर्ट पर लेट गए।और वे जब उठे तो लाल मिट्टी उनकी पीली शर्त पर लिपटी थी। उस समय राफा अस्त होने से ठीक पहले के सूर्य के समान लग रहे थे जिसकी स्वर्णिम आभा दिन भर की ओजपूर्ण परिश्रम के कारण रक्तिम आभा में बदल जाती है। उस रक्तिम आभा वाले सूर्य को उस मैदान में खड़े देखना वास्तव में अविश्वसनीय था जिसके खेल के प्रकाश में टेनिस खेल के आकाश के सारे तारे छुप जाते हैं। बिला शक वे 'किंग ऑफ क्ले' है,मिट्टी की सतह के खेल साम्राज्य के चक्रवर्ती सम्राट जिसकी जीत के अश्वमेध अश्व को पकड़ने की हिम्मत ना तो फेडरर और जोकोविच जैसे पुराने यशश्वी सम्राटों में है और ना थिएम,सितसिपास और ज्वेरेव जैसे युवा राजकुमारों में। ऐसा प्रतीत होता है कि फिलिप कार्टियर मैदान की लाल मिट्टी से उनका इतना  आत्मीय लगाव है की वो भी उनके रक्त की तरह उनमें अतिशय उत्साह की ऑक्सीजन से युक्त कर राफा को अपराजेय बना देती है। भले ही रियल मेड्रिड मेरी सबसे नापसंद टीम रही हो पर उनका एक फ्रेज तो अपने सबसे पसंदीदा खिलाड़ी के लिए उधार लिया ही जा सकता है।दरअसल वे टेनिस के 'गैलेक्टिको' हैं। सबसे अलग। सबसे सुपर।
-----------------

राफा को फ्रेंच ओपन की 12वीं और ग्रैंड स्लैम की कुल 18वीं जीत की बहुत मुबारकां।

Sunday, 9 June 2019

ये मृत्यु का महाउत्सव था



ये मृत्यु का महाउत्सव था
---------------------------

(आज आईएमए द्वारा पासिंग आउट परेड आयोजित की गई जिसका आकाशवाणी देहरादून द्वारा सजीव प्रसारण किया गया। मैं भी आकाशवाणी टीम का सदस्य था और इस महत्वपूर्ण आयोजन को देखने का सुअवसर मिला।इस दौरान कारगिल समेत तमाम युद्धों में वीरगति को प्राप्त होने वाले जवान होंट करते रहे)

किसी भी संस्था के प्रशिक्षुओं का अपनी उपाधि प्राप्त करने या प्रशिक्षण समाप्त करने के बाद खुशी मनाना स्वाभाविक है और उनके नियोक्ताओं द्वारा उन्हें समारोहपूर्वक विदा म भी। सिर्फ इसीलिए नही कि उन्होंने अपना लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया है बल्कि इसलिए भी कि वे एक ऐसी दुनिया में प्रवेश जहां उनके सपने साकार रूप होने जा रहे होते हैं। जहां उनके सपनों को पंख लगने जो हैं और उनकी उड़ान के लिए अनंत आकाश है। वे जीवन को भरपूर जीने जा रहे हैं। वो जीवन का उल्लास है। वे जीवन का उत्सव मनाया रहे होते हैं।

पर क्या वास्तव में  जीवन के इस उल्लास का उत्सव आईएमए के ये प्रशिक्षु भी मनाते हैं,वे प्रशिक्षु जो युद्ध के लिए प्रशिक्षित होते हैं,जो युद्ध की रणनीतियों में दक्षता हासिल करते हैं।युद्ध जो विनाश का पर्याय हैं। युद्ध जो मृत्यु का सहोदर है। वे तो नियति से वायदा करते हैं। वायदा किसी भी परिस्थिति में मृत्यु को गले लगाने का। युद्ध को सीखते और उसमें निष्णात होते जाने की प्रक्रिया में वे युद्ध की निस्सारता को समझ रहे होते होंगे और उसी प्रक्रिया में ज़िन्दगी के सबसे बड़े सत्य से भी परिचित हो रहे होते होंगे।वे जान रहे होते होंगे कि जीवन तो मिथ्या है।मृत्यु ही एकमात्र सत्य है। और जब वे प्रशिक्षण के बाद जीवन की कर्मभूमि में उतर रहे जोते हैं तो निश्चित ही जीवन का नही मृत्यु का महा उत्सव मना रहे होते होंगे। बिल्कुल आम भारतीय जैसे।जैसे वो सुख दुख में समदर्शी रहता है। वो दुख में भी सुख की तरह उत्सव मनाता है।वो पूर्णिमा के उजाले की तरह अमावस की स्याह रात का उत्सव भी मनाता हैं। और मृत्यु का मूल राग करुणा का राग है।और जब ये प्रशिक्षु महा उत्सव मना रहे होते हैं तो तमाम उल्लास,हर्ष,उत्साह,खुशियों और मुस्कराहटों के बावजूद एक करुण संगीत नेपथ्य में तैर रहा होता है एक ऐसा करुण संगीत जो हर पल आपको हर जगह मृत्यु की उपस्थिति का एहसास करा रहा होता है। हाँ ये ज़रूर होता है कि आपकी देशप्रेम की अमूर्त भावना वहां उपस्थित स्थूल उपादानों से मिलकर हिलोरें मारने लगती है।
-----------------------------------
क्या युद्ध इतने ज़रूरी होते हैं और उनके बिना भी कोई दुनिया संभव है।


Friday, 17 May 2019

ये रंगों का बयान है


--------------------
टेस्ट मैच क्रिकेट खेल का मूल प्रारूप है। पांच दिन का ये प्रारूप इस खेल का सबसे शांत,उबाऊ और नफासत से भरा है जिसमें खिलाड़ी सफेद कपड़े पहनते हैं। ये रंग खेल के उस प्रारूप का सबसे प्रतिनिधि रंग है। मैदान में घास को छोड़कर सफेद जूतों व कपड़ों और हल्के क्रीम कलर या ऑफ व्हाइट कलर के बल्लों और विकटों के बीच बस एक ही चटख  लाल रंग होता है गेंद का। इस प्रारूप में सफेद रंग के बीच जिस अनुपात में लाल रंग होता है,मैदान में बस उतना ही रोमांच और उत्साह होता है।

 फिर टेस्ट क्रिकेट की नीरसता को तोड़ने के लिए सीमित ओवरों वाला एकदिवसीय प्रारूप आया। अब क्रिकेट में गज़ब के  रोमांच और उत्साह का समावेश हो गया। नफासत की जगह भदेसपन लेने लगा। भद्रजनों का खेल आमजनों का खेल होने लगा। तो इसी के साथ रंगों का अनुपात भी बदल गया। मैदान में रंग बिखरने लगे। सफेद कपड़े रंगीन कपड़ों में बदल गए और बॉल का रंग लाल से सफेद हो गया। अब रंगीन कपड़ों के बीच जिस अनुपात में बॉल का सफेद रंग होता है मैदान में नीरसता की भी बस उतनी ही गुंजाइश बची रह गई।

लेकिन शायद अभी भी एक कमी बाकी थी। इन रंगों में चमक की कमी थी,रंगों में ग्लेज़ नही था क्योंकि खेल के रोमांच और उत्साह में ग्लैमर की कमी थी। तब फटाफट प्रारूप टी ट्वेंटी आया।इसमें रोमांच,जोश,जुनून और गति का विस्फोट हुआ और ग्लैमर का समावेश हुआ तो कपड़ों के थोड़े फीके और कम चमक वाले रंग चटक होने लगे,रंगों की चमक और ग्लेज़ सहसा ही जोश और जुनून के अनुपात में बढ़ गया।
---------------------------
क्या ही कमाल है कि रंग क्रिकेट के क्रमिक  बदलाव के सबसे गाढ़े प्रतीक हैं। निसंदेह ये देखना रोचक होगा कि आगे इसके और छोटे होते प्रारूप पर रंग कैसे अपना बयान बदलेंगे।

Monday, 6 May 2019

कि हमने एक मिथक बनते देखा है






कि हमने एक मिथक बनते देखा है
--------------------------------------
30 जून 2018 को रूस के कजान स्टेडियम में फुटबॉल विश्व कप के दूसरे दौर में ही फ्रांस ने अर्जेंटीना को हराकर बाहर कर दिया। मैच समाप्त होने के बाद एक खिलाड़ी उदास सा धीमे धीमे कदमों से बाहर जा रहा था। उसने एक बार भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। ये लियोनेस मेस्सी थे। दरअसल ये किसी खिलाड़ी का जाना नहीं था बल्कि करोड़ों फुटबॉल प्रेमियों के इष्ट देवता का समय से पूर्व रूठ कर जाने जैसा था। अब आप ही सोचिए अगर कोई गणपत बप्पा को चतुर्थी के दिन अपने घर स्थापित करता है तो फिर अनंत चतुर्दशी के दिन विधि विधान से विसर्जित करता है ना या फिर नवरात्र में दुर्गा की स्थापना करता है तो नवमी की पूजा के बाद ही विसर्जित करते हैं ना। तो फिर मेस्सी 15 जुलाई से पहले बिना जुले रीमे ट्रॉफी के बैगर कैसे जा सकता था। पर ऐसा हुआ। मेस्सी को समय से पहले ही रुखसत होना पड़ा। शायद मेस्सी की अनचाही विदाई के दुख के कारण बहते आंसुओं से ही उस दिन कज़ान के वातावरण में कुछ ज़्यादा नमी रही होगी,कराहों से हवा में सरसराहट कुछ तेज हुई होगी,हार की तिलमिलाहट से सूरज का ताप कुछ अधिक तीखा रहा होगा,दुःख से सूख कर मैदान की घास कुछ ज़्यादा मटमैली हो गयी होगी और कजान एरीना से बाहर काजिंस्का नदी वोल्गा नदी से गले लग कर जार जार रोई होगी।

लेकिन बीते बुधवार को कैम्प नोउ के मैदान में मेस्सी के जादू को देखकर बार्सिलोना में ही नही बल्कि कजान की धूप में भी मुलामियत पसर गई होगी,हवा में मुस्कराहटों का संगीत तैर गया होगा,मैदान की घास फिर से हरी हो गई होगी और हां कजिंस्का नदी फिर वोल्गा के गले लगी होगी और इस बार खुशी के आंसू बहाए होंगे।
दरअसल इस शाम बार्सिलोना एफ सी की टीम अपने मैदान कैम्प नोउ में चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल के पहले चरण के मैच में लिवरपूल की टीम को होस्ट कर रही थी। पिछले विश्व कप की असफलता को भुला कर मेस्सी इस सीजन अपने पूरे रंग में आ चुके थे। और अब मैच दर मैच अपना जादू बिखेरा रहे थे। इस मैच से पहले वे इस सीजन 46गोल कर चुके थे। बार्सिलोना को स्पेनिश लीग का खिताब दिला चुके थे। और....और इस मैच में अपने खेल के जादू से पिछले साल की उपविजेता लिवरपूल की टीम को लगभग बाहर ही नहीं कर रहे थे बल्कि दर्शकों को हिप्नोटाइज़ कर रहे थे और अपने खेल कैरियर का एक और लैंडमार्क स्थापित कर रहे थे। जब 75वें मिनट में अपना पहला और टीम का दूसरा गोल कर रहे थे तो ये अपने क्लब के लिए 599वां गोल था। और उसके बाद 83वें मिनट में मेस्सी का ट्रेडमार्क गोल आया। उनका 600वां गोल दरअसल इससे कम शानदार नहीं ही होना चाहिए था। ये एक फ्री किक थी। वे 35 मीटर दूरी से गोल के लगभग बाएं पोल के सामने से किक ले रहे थे। सामने चार विपक्षी खिलाड़ियों की मजबूत दीवार। गोल पर सबसे महंगे और शानदार गोलकीपर एलिसन मुस्तैद। ये एक असंभव कोण था। लेकिन मेस्सी के लिए नहीं। मेस्सी ने किक ली। बॉल एक तीव्र आर्च बनाती हुए सामने खिलाड़ियों की दीवार के सबसे बाएं खिलाड़ी के ऊपर से गोल पोस्ट के पास जब पहुंची तो एक क्षण को लगा कि बॉल गोलपोस्ट से बाहर। पर ये क्या! बॉल तीक्ष्ण कोण से दांई ओर ड्रिफ्ट हुई और गोल के ऊपरी बाएं कोने से होती हुई जाल में जा धंसी। ये गोल नहीं था। एक खूबसूरत कविता थी जिसे केवल मेस्सी के कलम सरीखे पैर फुटबॉल के शब्दों से विपक्षी गोल के श्यामपट पर लिख सकते थे। दरअसल कोई एक चीज कला और विज्ञान दोनों एक साथ कैसे हो सकती है,इसे मेस्सी के फ्री किक गोलों को देखकर समझा जा सकता है। वे विज्ञान की परफेक्ट एक्यूरेसी के साथ अद्भुत कलात्मकता से अपनी पूर्णता को प्राप्त होते हैं। इस गोल के बाद एक खेल पोर्टल जब ये ट्वीट करता है कि "लिटिल जीनियस डिफाइज लॉजिक" तो आप समझ सकते हैं क्या ही खूबसूरत गोल रहा होगा।और 600 गोल के लैंडमार्क को प्राप्त करने के लिए इससे कम खूबसूरत गोल की दरकार हो सकती है भला।
ओह ! लव यू मेस्सी !
------------------------
दरअसल जब आप मेस्सी को खेलते देख रहे होते हैं तो एक खिलाड़ी को,एक फुटबॉल जीनियस या लीजेंड भर को नहीं देख रहे होते हैं बल्कि भविष्य के एक मिथक को बनते महसूस कर रहे होते हो। जब इस मैच को देखने के बाद गैरी लिनेकर जैसा फुटबॉलर ये कह सकता है कि 'मैं इतना भाग्यशाली हूँ कि अपने ग्रैंड चिल्ड्रेन्स को बता पाऊंगा मैंने मेस्सी को खेलते देखा है" तो आप भी अपने को सौभाग्यशाली मानिए कि आपने मेस्सी को खेलते देखा है,कि फुटबॉल के मैदान में एक मिथक को बनते देखा है।

Friday, 3 May 2019

भोर

   

ये तो तय है कि दिन के सारे निश्चय जो सांझ की संभावनाओं में डूब रहे हैं,वे अंततः रात्रि की अनिश्चितताओं में घुल जाएंगे।बस देखना ये है कि उम्मीद के जुगनू,तारे और एक चाँद सारे मिल के अनिश्चितताओं का भार भोर के नए स्वप्नों के उगने तक ढो पाते हैं कि नहीं।
----------------------------------------------
"चल ए नज़ीर इस तरह से कारवाँ के साथ।
जब तू न चल सके तो तेरी दास्ताँ चले।"
                                           नज़ीर
----------------------------------------------
तो ये भी तय रहा कि सकारात्मक सोच हमें मानुस बनाए रखेगी।





Wednesday, 1 May 2019

साक्षात्कार _1



   
साक्षात्कार_1
--------------
थ्रीश कपूर देश के जाने माने छायाकार हैं। प्रकृति के सबसे कोमल और सुकुमार चितेरे सुमित्रा नंदन पंत की जन्मभूमि कौसानी उनकी जन्म और कर्मस्थली दोनों है। शायद  ये उस धरती का ही कमाल है कि वे भी प्रकृति को अपने कैमरे में उतनी ही खूबसूरती से पकड़ते हैं। वे खुद  हिमालय के प्रेम में दीख पड़ते हैं।
                                       

वे हिमालय में और हिमालय उनमें घुल गया है। उन्होंने हिमालय की और उसके जीवन की अद्भुत छटा को किसी कुशल चित्रकार की तरह अपने कैमरे के माध्यम से उकेरा है। इसके लिए उन्होंने हिमालय की लंबी लंबी यात्राएं की,उसके हर रंग को कैमरे की नज़र से देखा और फिर उसे  संजोया है। उनके चित्र हिमालय के सौंदर्य और उसके जीवन के जीवंत दस्तावेज हैं। उस पर कमाल ये कि वे जितने बड़े कैमरे के उस्ताद  हैं उतने ही सहज और सरल इंसान। उनसे मुलाकात एक उपलब्धि की तरह है।


अभी वे दून में थे। मैंने अपने कार्यक्रम के लिए उनसे एक बातचीत रिकॉर्ड की। उनसे बातचीत की है हमारे साथी अनिल भारती जी ने। इस बातचीत का प्रसारण होगा शनिवार 4 मई को प्रातः साढ़े आठ बजे आकाशवाणी देहरादून एफ एम 100.5 मेगाहर्ट्ज़ पर।


उम्मीद है ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और अपने दो बहुत ही पंसदीदा छायाकारों से आपकी मुलाकात की कोशिश रहेगी। जिस तरह थ्रीश हिमालय के छायाकार हैं डॉ सुनील उमराव संगम के छायाकार हैं। वे गंगा,और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम स्थली के तपस्वी हैं। उनमें संगम क्षेत्र के हर क्षण,हर रंग,हर रूप को अपने कैमरे में समा लेने की दीवानगी है तो दूसरी ओर  सर नॉस्टेल्जिया के छायाकार हैं। 'हर बीत रही चीज़' को पहचानने और कैमरे से पकड़ने की उनमें गज़ब की योग्यता और ललक है। निसंदेह उनके फोटो तमाम बीती चीजों के ऐसे प्रामाणिक दस्तावेज होंगे जिनसे इतिहास लिखा जा सकेगा।

-
-------------------------------------
दोनों का भी दून घाटी में इंतज़ार।

Sunday, 21 April 2019

ये महासू की धरती है



ये महासू की धरती है

-----------------------

देहरादून आए एक माह से ज़्यादा बीत चुका है ।लेकिन एक खास किस्म का खालीपन अभी भी मन में पसरा पड़ा है। जब भी किसी एक जगह से विस्थापित होकर दूसरी जगह स्थापित होते हैं तो आपको अपने लिए जगह बनाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ती है। आपको अपने लिए एक स्पेस क्रिएट करना होता है। ये स्पेस आपको यूं ही सहजता से नहीं मिल जाता। लोग आपको या तो स्पेस देते नहीं हैं या फिर देते हैं तो इतना कम कि वो खाँचा आपके लिए बहुत छोटा है। उसमें आप फिट नहीं हो पाते। अपनी काबिलियत से,मेहनत से अपने लायक स्पेस बनाना पड़ता हैं ।आपको खुद को साबित करना पड़ता है। तब जाकर आपकी उपस्तिथि दर्ज होती है। इसीलिए किसी भी नई जगह बनाने में एक लंबा अरसा बीत जाता है। आप हमेशा संघर्षरत रहते हैं। समय कब बीत जाता है पता ही नहीं चलता।आप एक भराव में रहते हैं हमेशा।

     पर दून की बात कुछ और है। यहां स्पेस की कोई समस्या ही नहीं है। स्पेस लोगों के दिलों में भी और बाहर भी खूब है। लोग कुछ और जगहों की तरह तंग दिल जो नहीं हैं।
यहां लोग आपको आपकी क़ाबिलियत से ज़्यादा स्पेस देते हैं। खुद उनके दिलों में जो स्पेस है। दरअसल वे प्रकृति पुत्र हैं। उन्होंने देना सीखा है और खूब खूब देना सीखा है।अब ये आपके ऊपर है जो ज़्यादा स्पेस मिला है तो उसको आपको खुद कैसे भरना है। ये शिवालिक पहाड़ियों की तलहटी में बसा शहर है। चारों और पहाड़ियां हैं। वे अक्सर धूसर रंग की दिखाई  देती हैं। ऐसा महसूस होता है मानो इन पहाड़ों पर पड़ने वाली शुभ्र बर्फ पिघलकर यहां के लोगों के मन को साफ कर निष्कलुष कर देती है और बदले में मन की सारी कलुषता सोख कर खुद को धूसर कर लेती है। क्या ही संयोग है कि ये शिवालिक पहाड़ियां महासु (महाशिव) का निवास स्थल है और ये बात शायद उसी परंपरा से आती है। ठीक वैसे ही जैसे शिव दुनिया को बचाने के लिए विष पी लेते हैं और नीलकंठी हो जाते हैं।
------------------------------
देहरादून प्रवास डायरी_एक






एक प्रतिद्वंदिता:दो विदाई

  एक कशमकश है कि अब इख़्तिताम पज़ीर हुआ चाहती है। एक द्वंद्व है जो विराम लिया चाहता है। एक प्रतिद्वंदिता है जो अनिर्णीत समाप्त हुआ चाहती है। द...