Saturday, 23 February 2019


इस बसंत 
तेरी याद
कभी दहकी
कभी बहकी
कभी महकी
और फिर 
रेत में बूंद सी
जीवन में दुख सी
समा गई।

Thursday, 14 February 2019

ये हरे रंग के समुंदर का देस है



ये हरे रंग के समुंदर का देस है 
----------------------------

लिखे या सुने शब्दों से बनी अवधारणाओं की क्रियात्मक और व्यावहारिक पुष्टि होना आवश्यक है वरना बहुत से भ्रम बने रह सकते हैं।



                अब देखिए ना जो गोवा अब तक केवल खूबसूरत समुद्री किनारों,विदेशी सैलानियों,कसीनो और मादक द्रव्यों की खपत वाला एक ऐसा देस था जो ज़िन्दगी से बेपरवाह लोगों के लिए स्वर्ग है,एक बहुत ही रंगीन देस, उस देस को जब खुद अपनी आंखों से देखा तो पाया कि ये 'रंगीन' नही बल्कि अद्भुत रंगों वाला देस है।मेहनतकश और खुशमिज़ाज लोगों का देस है। रंग यहां की फ़िज़ाओं में बिखरे पड़े हैं। यहां समुंदर का रंग ही हरा नहीं है बल्कि ये पूरी धरती ही हरे रंग का समुंदर लगती है।शायद ये  यहां के घने हरे जंगलों का ही प्रभाव है कि समुंदर ने भी अपना रंग नीले से हरा कर लिया है। यहां ज़मीन में फेरिक ऐलुमिनियम ऑक्साइड है जो ज़मीन का रंग लाल कर देती है। हरे जंगल और लाल ज़मीन एक अद्भुत रंग संयोजन प्रस्तुत करते हैं ।ये दोनों जीवन की प्राथमिक आवश्यकताएं हैं जो समृद्धि का पीला रंग पैदा करते हैं।तभी यहां के सारे भवनों का रंग पीला है।हरे समुंदर व जंगल और लाल ज़मीन के बीच पीले रंग के आशियाने गोवा के जीवन का एक खूबसूरत रूपक बनाते हैं।

        दक्षिण गोवा और पंजिम को जोड़ने वाली सड़क मांडवी नदी के किनारे उसके समानांतर बहती सी लगती है और मुम्बई के मरीन ड्राइव से कहीं खूबसूरत दृश्य बनाती है।मरीन ड्राइव तो अनंत सीमा वाली नीले रंग की एकरसता  पैदा करती है जबकि इस सड़क से मांडवी के चौड़े पाट की अथाह जलराशि,जंगल और अनंत आकाश का अद्भुत सौन्दर्य वाला फ्रेम बनता है।यहां की उतार चढ़ाव और शार्प कर्व वाली खूबसूरत सड़कें ये बयान देती हैं कि ज़िन्दगी के उतार चढ़ाव और अनिश्चित मोड़ ही उसे खूबसूरत बनाते हैं।समुद्र,संगीत और हां फुटबॉल यहां के लोगों के पैशन हैं।समुद्र किनारे बच्चों से लेकर हर उम्र के लोगों को फुटबॉल खेलते देखकर लगता है शायद ये उनके खून में है।आखिर ब्रह्मानंद,ब्रूनो कुटिन्हों,लॉरेंस गोम्ज,रोबेर्टो फर्नान्डीज और मोरेसियो अल्फांसो जैसे खिलाड़ी यूं पैदा नही होते।यहां की अपनी भवन निर्माण शैली है।पूरे पंजिम में इस शैली के भवन दिखाई देते हैं।ये इस देस को एक विशिष्ट चरित्र प्रदान करते हैं। दरअसल प्राचीन परंपराओं और जीवन शैली का निर्वाह करते हुए आधुनिक सोच और दिल दिमाग वाले लोगों का देश है गोवा। जीवंत लोगों का देस है गोवा। खूबसूरत और बेहद दिलकश देस है गोवा। 

--------------
लव यू गोवा।

Wednesday, 6 February 2019

ये अमावस्या की स्याह रात का महा उत्सव है

ये अमावस्या की स्याह रात का महा उत्सव है
--------------------------------------------------

जीवन के प्रति अपने नज़रिए,रीति रिवाज़ों,परम्पराओं और मान्यताओं के कारण हम भारतीय पूरे संसार में यूं ही नहीं अनोखे समझे जाते हैं,अद्भुत समझे जाते हैं। गज़ब का जीवट और धैर्य होता है हम में। हम कई बार अतिवाद के ऊपरी छोर पर पहुँच कर पागलपन की चौहद्दी लांघते से लगते हैं। जीवन के सुख दुःख को इतनी समदृष्टि से देखते हैं कि दुखों का भी खुशियों की तरह उत्सव मनाते हैं। पूर्णिमा की उजली रात की तरह अमावस्या की स्याह रात का भी महा उत्सव रचते हैं।
        इन दिनों प्रयाग में कुम्भ चल रहा है और 4 फरवरी को मौनी अमावस्या थी। इस बार ये सोमवार को थी यानी सोमवती अमावस्या। ये संयोग काफी दिनों में पड़ता है और सरकार,मीडिया और निसंदेह आम जनता भी इसे महा उत्सव की तरह मनाने को आतुर थी और मनाया भी।लेकिन किस तरह !


03 फरवरी 02 बजे 

--------------------

आकाशवाणी को मकर संक्रांति के बाद मौनी अमावस्या स्नान पर्व और शाही स्नान का सजीव आँखों देखा हाल प्रसारित करना था। कमेंट्री से जुड़े लोग पहले ही कुंभ क्षेत्र पहुंच चुके हैं। लगभग डेढ़ बजे हम नौ लोग जिसमें कमेंटेटर और साथी अधिकारी लोग थे,तीन गाड़ियों से मेला क्षेत्र के लिए रवाना होते हैं।दो गाड़ियों पर पास है,एक पर नहीं। हम लोग आशंकित हैं पता नही गाड़ी कहां रोक दी जाय और फिर अपने मेला क्षेत्र स्थित कैम्प तक पहुंचने के लिए कितना पैदल चलना पड़े। आशंका थोड़ी दूर चलते ही सच साबित होती है। हिन्दू होस्टल चौराहे पर बैरिकेड लगे हैं। गाड़ियों को यहां रोका जा रहा है। संगम की यहां से दूरी 6 किलोमीटर से भी ज़्यादा है।यहां से लोगों की पैदल यात्रा शुरू होती है। अब बड़ी संख्या में लोग पैदल जाते दिखाई दिखाई देने लगे हैं। लोग पहले कोशिश करते हैं कि गाड़ियां आगे जा सकें लेकिन असफल होने पर उतर कर पैदल चल पड़ते हैं। एक हल्की सी निराशा की लकीरें उनके चेहरों पर उभरती हैं,पर गंगा दर्शन और उसमें डुबकी लगाने के उत्साह में वे कहीं छिप सी जाती हैं। हमें मीडिया पासधारी होने का लाभ मिलता है। हमारी गाड़ियाँ आगे बढ़ती हैं। जैसे जैसे हम आगे बढ़ते जाते हैं, पैदल स्नानार्थियों की संख्या भी बढ़ती जाती है। सबमें बस एक ही आतुरता परिलक्षित होती है संगम पहुंचने की। बालसन चौराहे पर फिर बेरिकेडिंग है। हम पुलिस से बहस करने से बचने के लिए अल्लापुर का रास्ता पकड़ लेते हैं और बाघम्बरी गद्दी होते हुए दारागंज जाने वाली सड़क पर परेड ग्राउंड प्रवेशद्वार पर पहुंचते हैं। आश्चर्यजनक रूप से यहां पर तैनात पुलिसकर्मी मीडिया पास दिखाने पर सहजता से जाने देते हैं और हम लोग काली सड़क क्रॉसिंग पहुंचते हैं। काली सड़क पूरी तरह से संगम जाने वाले स्नानर्थियों से भरी चल रही है। सड़क पर तिल रखने की जगह नहीं है। हमें इन्हें चीर कर आगे बढ़ना है,लेकिन ये संभव नहीं हो पा रहा है। लोगों का अनवरत  प्रवाह है। उस प्रवाह में एक लय है। सब एक गति से आगे बढ़ रहे हैं। ऐसा लगता है मानो कोई नदी बह रही हो  जिसमें पानी की जगह मानव प्रवाहित हो रहे हैं। उस प्रवाह का गंतव्य संगम स्थल की है जिसमें वे खुद को विलीन कर देना चाहते हैं। हम गाड़ी से उतर कर उस पार खड़े सिपाहियों के पास जाते हैं। उनसे उस पार लगी बेरिकेडिंग हटा कर जाने देने का आग्रह करते हैं। वे सहजता से मान जाते हैं और बड़ी मशक्कत के बाद उस मानव प्रवाह को रोकते हैं और हम आगे बढ़ते हैं। इसके बाद दो और जगह बेरिकेडिंग हैं,किसी तरह हम उन्हें पार करते हैं। अंततः  बांध के नीचे त्रिवेणी सड़क वाली टी पर पहुंचते हैं जहां रास्ता पूरी तरह बंद है। हम लोग गाड़ियां वापस भेज देते हैं। यहां से कैम्प पास ही है।

03 फरवरी रात्रि 08 बजे
--------------------------

रात्रि के आठ बजे हैं। हम 5 साथी अक्षयवट मार्ग स्थित अपने टावर को देखने के बहाने संगम तक घूमने निकलते हैं। ये यमुना का उत्तरी किनारा है। किले से लेकर संगम तक यमुना के उत्तरी किनारे पर लगभग 50 मीटर चौड़ाई में पुआल बिछी है।उस पर कहीं भी तिल रखने की जगह नहीं हैं।गाम गिराम के लोग समूहों में यहां उपस्थित हैं। अधिसंख्य क्या लगभग सभी समाजार्थिक दृष्टि से निम्न निम्न मध्यम वर्ग से हैं। तमाम बैठे बतिया रहे हैं ,बहुत से कंबल रजाई ताने सो रहे हैं।जगह जगह चूल्हे सुलगे हैं। खाना बनाने का उपक्रम हो रहा है। लिट्टी चोखा,दाल भात,खिचड़ी,चूड़ा,कुछ जगह रोटियां भी। जिनके पास बनाने का जुगाड़ नही है वे चना चबैना से काम चला रहे हैं। तो बहुत से लोग घर से ही बनवाकर लाये हैं। ये हाल सिर्फ यमुना किनारे का ही नही है बल्कि सेक्टर 3 और  4 में हर उस जगह का है जहां हुक्मरानों के कारिंदों ने लोगों को ऐसा करने की अनुमति दी है बल्कि यूं कहें कि ऐसा करने से रोका नहीं है।ठंड अपने शबाब पर है। गहराती जाती अमावस की रात में हल्की हल्की सी हवा बहने लगी है जो ठंड से लिपट कर उसकी उपस्थिति के अहसास को तीव्र से तीव्रतर कर रही है। सर के ऊपर केवल आसमान का छावा है और नीचे एक पतली पॉलीथिन का बिछौना या चादर और पुआल मिलकर लोगों को धरती से विलगाने की असफल कोशिश कर रहे हैं। रेत साज़िशन पाला बदल कर ठंड के साथ हो लिया है और ठंड की मारक क्षमता को चाकू की धार की माफिक पैना कर  रहा है,और  तीक्ष्ण बना रहा है। पर क्या ही कमाल है जो उन श्रद्दालुओं पर इस बरसती ठंड और सुविधाओं की शून्य उपस्थिति का जरा भी असर हो रहा हो। वे असीम धैर्य के साथ उस दीर्घ प्रतीक्षित शुभ मुहूर्त का इंतज़ार कर रहे हैं जब वे संगम के पवित्र जल में डुबकी लगाकर अपने जन्म जन्मांतरों के पाप काट देंगे और अपने इहलोक के साथ परलोक को भी साध लेंगे। इस कड़कड़ाती ठंड और विपरीत परिस्थितियों  के बावजूद लोगों के चेहरों पर असंतोष या रोष के भाव की उपस्थिति शून्य है। अगर कुछ है तो उनके चेहरों पर आतुरता है और संतोष का भाव तो छलक छलक जा रहा है। सब खुश हैं। उस कड़ाके की ठंडी रात की कठिनतम परिस्थितियां भी अपने तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी संतुष्टि के स्थायी भाव को विचलित नही कर पा रही हैं । ठीक उनके अपने जीवन की तरह। वे लगातार अभावों,कष्टों के बावजूद बेहतर दिनों की आस नही छोड़ते। अनवरत कर्म में लीन रहते हैं। इस आस में कि बस सुख उनके जीवन में आने वाला है। सुख उनके जीवन से अनुपस्थित हैं तो क्या हुआ, वे साल दर साल दुखों का ही उत्सव मना लेते हैं। आज भी ठीक वैसे ही कठिनतम परिस्थितयों के बीच अमावस की स्याह रात का भी पूर्णिमा की उजली रात की तरह उत्सव मनाने की अदमनीय इच्छा के वशीभूत हैं।
           
 हम लोग वापस कैम्प लौट आये हैं।
  
 3 फरवरी रात्रि 11बजकर 19 मिनट से अमावस शुरू हो गई है। ऐसी उद्घोषणाएं ध्वनि विस्तारक यंत्रो के माध्यम से लगातार प्रसारित की जा रही हैं। हम कैम्प में लेटे इनको सुन रहे हैं। नींद विचारों की भीड़ में गुम हो गई है। अर्धरात्रि के बाद भीड़ का दबाव शायद बढ़ गया है। ऐसा अनुमान हम लोग लेटे लेटे लगा रहे हैं। क्योंकि अब लोगों से अपील की जा रही है कि वे स्नान करके अपने गंतव्यों की और प्रस्थान करें। ये अपील स्वयं डीआईजी और मेलाधिकारी कर रहे हैं। उनके स्वर में व्यग्रता की उपस्थिति महसूस होती है।

04 फरवरी प्रातः 04 बजे
–------------------------
प्रातः चार बजे यमुना पट्टी सड़क पर स्थित हम अपने कैम्प के गेट पर खड़े हैं। ये संगम वापसी मार्ग है।स्नानार्थियों का दबाव बढ़ रहा है। काली मार्ग और यमुना पट्टी क्रॉसिंग पर आने वाले स्नानार्थियों को रोकने के लिए लगे बैरिकेड हटा दिए गए हैं। बहुत से लोगों को जो संगम क्षेत्र में प्रवेश कर गए हैं उन्हें अलग अलग स्थानों पर डाइवर्ट किया जा रहा है।जमुना पट्टी सीधे किला घाट और यमुना किनारे जाती है। लोग वहीं नहाते हैं। संगम पर थोड़ा दबाव काम हो जाता है। मुख्य संगम स्थल वैसे भी कहाँ आम आदमियों के लिए उपलब्ध है। वो अखाड़ों के शाही स्नान के लिए आरक्षित है। इस समय तक यमुना पट्टी पर भी पाँव रखने की जगह नहीं बची है। एक तरफ से लोग संगम जा रहे हैं दूसरी और से वापस जा रहे हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है दो रेलगाड़ियां समानांतर पटरियों पर विपरीत दिशा में जा रही हों। उफ्फ ये क्या !एक अधेड़ दम्पत्ति भीगे कपड़ों में चले आ रहे हैं। वे नहाकर बाहर आए तो उनके वस्त्र गायब थे। प्रातः चार बजे 4 /5 डिग्री तापमान में गीले अधो वस्त्र और धोती ब्लाउज में वे काँप रहे हैं। पर क्या ही कमाल है उनके चहरे पर अफसोस की शिकन नहीं है। वे दयनीय नहीं लग रहे हैं। संगम में स्नान करने से आत्मा की संतृप्ति के भाव उनके चहरे पर इसने प्रबल हैं कि उनके शारीरिक कष्ट का आभास नहीं होता है। वे एसएसपी ऑफिस का पता पूछते हैं और पता पाकर तेज कदमों से आगे बढ़ जाते हैं। पर हमारी देह काँप उठती है।

04 फरवरी प्रातः 05. 30 बजे
-------------------------------
सजीव कमेंटरी के चार स्थलों में से एक काली मार्ग बाँध स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर है। ये कैम्प के सबसे निकट है। यहां पहुँचना सबसे आसान है। इसीलिए हम थोड़ी देर से लगभग साढ़े पांच बजे वहां के लिए निकलते हैं। पांच मिनट बाद हम काली सड़क और जमुना पट्टी के क्रासिंग पर खड़े हैं। भीड़ को वहां रोक दिया है। शायद संगम पर अधिक भीड़ हो गयी है। सामने हमारा गंतव्य दिखाई दे रहा है। लेकिन हमें जाने नहीं दिया जा रहा है। हम चिंतित होते हैं। किसी तरह से सुरक्षा कर्मियों को कन्विंस करते हैं। हमें किनारे से लगे बेरिकेडिंग को लांघ कर जाने को कहा जाता है। किसी तरह से हम उसे पारकर अपने गंतव्य पर पहुंचते हैं। लेकिन इस बीच भीड़ इतनी अधिक हो चुकी है कि उसको संभाल पाना असंभव होता जा रहा है। पीछे से लगातार लोग आ रहे हैं और वहां पर रोक दिया गया है। अब धक्का मुक्की  के हालात हो गए हैं। जैसे पानी को रोकना असंभव होता है। वो अपना रास्ता ढूंढ ही लेता है। ठीक वैसे ही भीड़ को रोकना मुश्किल है। भीड़ ने अब अपना रास्ता ढूंढ लिया है। 
उसने साइड में लगी बेरिकेडिंग तोड़ दी है। लोग उससे हा हा कार करते हुए इस तरह से जा रहे हैं जैसे पानी कोई बांध तोड़ कर हरहराकर बह निकलता है। सुरक्षाकर्मी अपने स्थान पर खड़े असहाय से देख रहे हैं और हम मंदिर की छत से। हम सिहर उठते हैं। पर भीड़ के हिस्सा बने बच्चों,युवाओं,महिलाओं,वृद्धों किसी के भी चहरे पर 'यहां आना गलत हुआ' जैसा कोई भाव नहीं है,कोई शिकन उनके माथे पर नहीं है। अजीब सा पागलपन उनके सिर पर सवार है,एक आतुरता चहरे पर पसरी है। 

04 फरवरी प्रातः 10 बजे
--------------------------
प्रातः साढ़े पांच बजे से दस बजे तक मंदिर की छत से,जहां से हम सजीव आँखों देखा हाल प्रसारित कर रहे थे,संगम की ओर उमड़ते जन सैलाब को देख रहे थे। शहर में दक्षिण और पच्छिम  दिशाओं से आने वाले यात्रियों के लिए परेड क्षेत्र से होकर आने वाला काली मार्ग संगम क्षेत्र में प्रवेश का मुख्य मार्ग है तो दूसरी और उत्तर से शहर में प्रवेश करने वाले यात्रियों के लिए दारागंज से होकर बाँध के नीचे वाला समानांतर मार्ग है जो बाँध के ठीक नीचे काली सड़क से मिलता है। हम इसे मंदिर से साफ़ साफ़ देख पा रहे हैं। दोनों तरफ से अनवरत जन प्रवाह आ रहा है। जो हमारे सामने मिलकर जनसैलाब का रूप धारण कर रहा है। चारों तरफ नरमुंड ही नरमुंड चमक रहे हैं। ये बिलकुल गंगा यमुना के संगम सा दृश्य प्रस्तुत करता सा प्रतीत होता है। उत्तर दिशा से दारागंज से आता जनप्रवाह मानो गंगा हो जिसमें  दक्षिण दिशा से परेड होकर काली मार्ग से आता यमुना जैसा अपेक्षाकृत बड़ा जनप्रवाह बाँध के नीचे दारागंज से आने वाले जनप्रवाह में मिलकर एक विशाल जनप्रवाह का निर्माण करता है। दस बजे हमारी कमेंट्री ख़त्म होती है। अपना सामान समेट कर हम भी उस जन प्रवाह का हिस्सा बन जाते हैं। 
 यूँ तो काली मार्ग मुख्यतः संगम जाने का मार्ग है लेकिन हम सुबह से ही देख रहे थे कि इसी से बहुत से वापस भी जा रहे हैं। आने जाने वालों ने बड़ी ही ईमानदारी से आधा आधा मार्ग बाँट लिया है। हम संगम से आने वाले जनप्रवाह की विपरीत दिशा से जाने का प्रयास करते हैं क्यूँकि हमारा कैम्प मंदिर से संगम की और पड़ता है। बहाव के विरुद्ध तैरना हमेशा कठिन और कष्टप्रद होता है। यहां इसे हमने यथार्थ में घटित होते महसूसा। हम दो लोग भीड़ द्वारा संगम जाने वाले जनप्रवाह में धकिया दिए गए जबकि हमारे पांच साथी साइड के बेरिकेड को पार करने की फिराक में हैं। इस प्रयास में हमारे वरिष्ठ कमेंटेटर काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो राम मोहन पाठक बेहोश होते होते बचे। उनकी खराब होती हालत देखकर सुरक्षाकर्मियों ने आनन फानन में उन्हें साइड बेरिकेडिंग से उस तरफ कर दिया। उसी के साथ बाकी चार लोग भी उस तरफ कूद गए और अपनी जान बचाई। उधर हम दो लोग भीड़ में बिना किसीअपनी ऊर्जा खर्च किये आगे की और धकेले जा रहे हैं। बार बार भगदड़ के आसार बन रहे हैं। उस धक्का मुक्की में छूटे जूते चप्पल उस भयावहता के सबसे मुखर बयान लग रहे हैं। हमारे मुख भय से पीले हो गए हैं पर लोग हैं कि इस भयावह स्थिति में संगम में डुबकी लगाने की आतुरता से गीले हो रहे हैं। एक अजीबअधीरता से सबके चेहरे लाल  हैं। 
----------------------------------------
मुझे सिर्फ एक ही अहसास होता है कि कुम्भ मेला भारतीयों की धार्मिक आस्था और विश्वास  का,उनके हर्ष, उल्लास,उनकी सामूहिकता,विश्व बंधुत्व की भावना का शाहाकार ही नहीं है बल्कि उनकी अतिवादिता का,जो पागलपन की सीमा को छू छू जाती है का भी उदाहरण है। ये एक ऐसा बयान है जो उस भारतीय मानसिकता को निदर्शित करता है जिसमें वे दुःख और अभावों के इस कदर आदी हो जाते हैं कि सुख के अभाव में दुखों का भी उत्सव गान करते हैं और  पूर्णिमा की उजली रात की तरह अमावस की स्याह रात का भी उत्सव राग बुनते हैं। 




Sunday, 6 January 2019

खेल बनाम खेल




खेल बनाम खेल
-----------------

यूँ तो समय के पंख होते हैं। पल गुज़रा नहीं कि इतिहास बन गया। तो साल 2018 को गुज़रे 6 दिन होने को आए हैं और अब वो भी बीती बात लगता है। पर अभी इतना भी नहीं बीता कि उसकी बात ही ना हो या वो याद ही ना आए। दरअसल स्मृतियों के रेत में समय के कुछ पग इतने गहरे धंसे होते हैं कि उनके चिह्न मिटाए नहीं मिटते और उन पदचापों की अनुगूँज बहुत लम्बे समय तक स्मृतियों में गूंजती रहती हैं। इस बीते साल हमारे खिलाड़ियों ने भी मैदान के भीतर और बाहर भी बहुत कुछ ऐसा किया जिनकी अनुगूंजें स्मृतियों पर लम्बे समय तक दस्तक देती रहेंगी। फिर वो मैरी कॉम द्वारा 6 विश्व खिताब जीतना हो,पंकज आडवाणी का 21 विश्व खिताब जीतना हो,सिंधु का डब्ल्यूटीए प्रतियोगिता जीतना हो,हिमा दास का जूनियर विश्व एथेलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीतना हो,स्वप्ना का एशियाड में हेप्टाथलन में जीत हो,युवा क्रिकेटरों द्वारा चौथी बार जूनियर विश्व कप जीतना हो या युवा पृथ्वी शॉ का शानदार प्रदर्शन हो, ये सब 2018 के खेल पृष्ठ की ऐसी इबारतें हैं जो आसानी से नहीं मिट पाएंगी। लेकिन मेरे तईं खेल के मैदान से सबसे महत्वपूर्ण घटना 'मिताली-पोवार विवाद' है।
          दरअसल भारत में  खिलाड़ियों के साथ पक्षपात,भेदभाव और अन्याय कोई नयी या अजूबी चीज नहीं है। इस तरह की खबरें आम हैं। और ये स्थानीय स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक एक सी है। महिला खिलाड़ियों के साथ सेक्सुअल उत्पीड़न की खबरें भी इसमें शामिल हैं। लेकिन दुःख की बात ये है कि अन्याय और भेदभाव की खबरें जितनी आम हैं,उनके प्रतिकार की खबरें उतनी ही कम। इस तरह के भेदभाव या अन्याय के खिलाफ आवाज़ यदा कदा ही सुनाई देती हैं। अगर कोई आवाज़ उठी भी तो वो अंज़ाम तक पहुंची हो ऐसा उदाहरण बिरला ही होगा। और ये विवाद एक ऐसा ही बिरला उदहारण है।

           वेस्टइंडीज में नवम्बर में खेले गए आई सी सी टी20 विश्व कप में मिताली भारतीय टीम की एक महत्वपूर्ण सदस्य थीं। वे पहले तीन मैचों में प्लेइंग इलेवन में थीं। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले मैच में बल्लेबाज़ी का उनका नम्बर नहीं आया। उसके बाद पकिस्तान और आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैचों में अर्ध शतक लगाए। तीन मैच जीतकर भारत का सेमीफाइनल में स्थान पक्का हो गया था। इसलिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम लीग मैच में उनको ड्राप कर दिया गया। यहां तक तो ठीक था,पर अगला मैच इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में भी उनको नही खिलाया गया। संयोग से ये मैच भारत हार गया। इसके तुरंत बाद सोशल मीडिया में उनकी मैनेजर  की तरफ से उनके साथ  भेदभाव के आरोप लगाए गए और इस तरह से मामले ने तूल पकड़ा। अंततः बीसीसीआई ने मामले का संज्ञान लिया। मिताली ने अपने खिलाफ लगातार उपेक्षा और भेदभाव किए जाने को तर्कपूर्ण ढंग से पेश किया। पोवार का कोच के रूप में कॉन्ट्रैक्ट आगे ना बढ़ाने का निर्णय लिया गया और डब्ल्यू वी रमन को नया कोच नियुक्त कर दिया। मिताली को एकदिवसीय टीम का और हरमनप्रीत को टी20 टीम का कप्तान बनाए रखा गया।एक प्रतिकार अपने अंजाम तक पहुंचा।  
                  दरअसल इस विवाद के कई कोण हैं एक कोण डायना एडुल्जी का है। एक दूसरा कोण हरमनप्रीत कौर का है। यही वो कोण है जिसकी वजह से ये विवाद इतना महत्वपूर्ण समझ में आता है। ये विवाद हरमनप्रीत और मिताली के बीच मनमुटाव का भी था जिसमें कोच पोवार और एडुल्जी ने हरमनकौर का साथ दिया। हरमन कौर और मिताली समकालीन भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सबसे चमकती स्टार हैं। दोनों का भारतीय क्रिकेट को महत्वपूर्ण योगदान है। दोनों दो टीमों की कप्तान हैं। अतः ये दो बड़े व्यक्तित्वों की टकराहट है। दो बड़े खिलाड़ियों के अहम की टकराहट है। दो विपरीत मिज़ाजों के खिलाड़ियों की टकराहट है। मिताली अपेक्षाकृत बड़े फॉरमेट वाले क्रिकेट की सम्पूर्ण खिलाड़ी हैं।वे बहुत ही एलिगेंट बैट्समैन हैं। वे क्रिकेट की शास्त्रीय और इलीट परम्परा की सबसे बड़ी खिलाड़ी हैं।वे अपनी बैकग्राउंड से,अपने पहनावे,आचरण,हाव भाव,चहरे मोहरे और खेल सभी से इलीट क्लास की प्रतिनिधि खिलाड़ी हैं। जबकि हरमनप्रीत कौर अपेक्षाकृत छोटे फॉरमेट की सबसे बड़ी खिलाड़ी हैं। दरअसल वे अपने सम्पूर्ण व्यक्तित्व  और खेल से क्रिकेट के जनसाधारण स्वरुप की सबसे प्रतिनिधि खिलाड़ी हैं। वे दोनों महिला क्रिकेट की सुनील गावस्कर और कपिल देव हैं। हरमनप्रीत कौर और मिताली के बीच टकराव  80 के दशक में गावस्कर और कपिल देव के बीच की टकराहट की याद दिलाती है। जिस तरह से क्रिकेट के जन साधारण स्वरुप ने अभिजात्य स्वरुप को रिप्लेस कर दिया और गावस्कर और कपिल देव इस प्रक्रिया के एक रूपक की तरह हैं जहां अंततः कपिल ने गावस्कर से बागडोर कपिल देव के हाथ में आई।ठीक वैसे ही  जल्द ही हरमनप्रीत कौर मिताली को रिप्लेस  देंगी। गावस्कर और कपिल देव की तरह ही मिताली और हरमनप्रीत कौर महिला क्रिकेट की दो सबसे महत्वपूर्ण बिंदु हैं। कपिल देव ने ठीक वहां से शुरू किया था जहाँ गावस्कर ने छोड़ा था। इसी तरह हरमनप्रीत कौर ठीक वहीं से शुरू कर रही हैं जहां मिताली अपनी पारी ख़त्म कर रही हैं। दो समकालीन व्यक्तित्वों में टकराहट नई नहीं है। हम गावस्कर-कपिल देव के बीच द्वन्द को जानते ही हैं। अभी हाल ही में बैडमिंटन में साइना-सिंधु के बीच टकराव को भी जानते हैं। लेकिन ये टकराव कहीं भी खेल के विकास में बाधक नहीं बनता बल्कि दोनों के द्वन्द से खेल आगे बढ़ता है। साइना भारतीय महिला बैडमिंटन को एक ऊंचाई प्रदान करती हैं और सिंधु उसे शिखर पर पहुंचा देती हैं।  दरअसल ये नए और पुराने का द्वन्द है। ये एक ही खेल के दो अलग अलग स्वरूपों के माहिरों का द्वन्द है जिससे खेल नए आयाम ग्रहण करता है और नयी भूमि भी। हमें उम्मीद रखनी चाहिए मिताली और हरमनप्रीत कौर के बीच ये द्वन्द भी भारतीय महिला क्रिकेट को नए आयाम प्रदान करेगा। अस्तु !  


















Thursday, 3 January 2019

अलविदा पितामह !


अलविदा पितामह !
--------------------
भारतीय क्रिकेट के पितामह रमाकांत आचरेकर  का अंतिम प्रयाण निसंदेह भारतीय क्रिकेट जगत के लिए एक बड़े दुःख की घड़ी है। लेकिन क्या ही संयोग है कि इस दुःख की बेला में ही भारतीय गुरु शिष्य परम्परा के खूबसूरत और मार्मिक दृश्य संभव हो पाते हैं। दरअसल ईश्वर मानव की अपनी कृति है जिसे वो अपनी कल्पना में इस मंशा से रचता है कि इहलौकिक जीवन से आगे पारलौकिक जीवन को सुखी और निरापद बना सके। लेकिन आचरेकर ने एक कदम और आगे जाकर एक वास्तविक ईश्वर को गढ़ा। शायद इस उम्मीद के साथ कि जब वो इस दुनिया से प्रयाण करेंगे तो वो ईश्वर उनके  पार्थिव शरीर को कंधा देकर जीवन  की अनंत यात्रा को सहज,सरल और निरापद बनाएगा। और जब उस ईश्वर ने अपने रचनाकार के पार्थिव शरीर का बोझ अपने काँधे धरा होगा तो उस अप्रतिम रचनाकार की आत्मा की आँखों से नेह की अमृत बूँदें बरस रही होंगी और वो अपार संतोष की अनुभूति से बादलों की तरह हलका महसूसते हुए अनंत में विलीन हो गयी होगी।
-------------------------------------------
अलविदा पितामह रमाकांत आचरेकर !  

Saturday, 29 December 2018

आर्ची शिलर के बहाने


आर्ची शिलर के बहाने
-----------------------

आज जब समय खुद आवारा और बदचलन हो गया हो,दुष्टता उसके स्वभाव में रच बस गयी हो,वो खुद ही अच्छाई को मिटाने में व्यस्त हो और अच्छाई की आत्मा पर  दुःख के फफोले उगाकर फिर उन्हीं को अपनी बेहयाई के तीक्ष्ण नखों से फोड़कर तिल तिल तड़पा रहा हो और उसकी कराह पर खुश हो रहा हो,ऐसे में भी बहुत कुछ ऐसा होता है जो अच्छाई की आत्मा के घावों पर मलहम ही नहीं बल्कि उसके लिए संजीवनी बूटी होता है जिसके सहारे अच्छाई गिर गिरकर संभलती,खड़ी होती है और प्रकाश की तरह दिलों में उजास भर जाती है।

    और फिर अच्छाई का 'खेल' से बड़ा कौन साथी हो सकता है।खेल जो खुद ही सकारात्मकता का पर्याय है।खेल जो उत्साह,उमंग,उल्लास का प्रतीक हो।अब देखिए ना क्रिकेट मैदान पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से ज़्यादा आक्रामक,घमंडी और बददिमाग कौन हो सकते हैं।मार्च में दक्षिण अफ्रीका के दौरे के तीसरे टेस्ट के दौरान उनके द्वारा की गई बॉल टेम्परिंग बताती है कि वे जीत के लिए किस हद तक जा सकते हैं।लेकिन वे खिलाड़ी केवल नौ महीने बाद ही बॉक्सिंग डे पर एक ऐसा अनोखा मार्मिक दृश्य रचते हैं जो बेहद खूबसूरत बन पड़ता है और बताता कि अच्छी मर नहीं सकती,खुद समय ही क्यों ना चाह ले।वे दिल के असाध्य रोग से पीड़ित सात साल  के  आर्ची शिलर की, जिसके कि अब तक 13 ऑपरेशन हो चुके हैं, ऑस्ट्रेलिया का कप्तान बनने की इच्छा को पूरा करने के लिए उसे अपना मानद सह कप्तान बनाते हैं और बाकायदा उसे 12वां खिलाड़ी बनाते हैं।

                कल दिन में भारत ये मैच जीत चुका होगा या जीतने के करीब होगा।ये जीत आर्ची की इच्छा के बहाने दुनिया भर के घोर अभावों और मुश्किलों में जी रहे बच्चों की इच्छा और जिजीविषा को समर्पित करना चाहिए।अगर ये टेस्ट भारत हार भी जाता तो कोई मलाल न होता।ऐसी दृश्य संरचना पर तो कई जीत कुर्बान की जा सकती हैं।। 
-------–-–------------
दरअसल साल बीतते  बीतते भी एक ऐसा खूबसूरत दृश्य रचकर आश्वस्त करने की कोशिश करता है कि खुद पर और समय पर भरोसा करो। 


Sunday, 23 December 2018

खेल 2018





खेल 2018 
-----------
समय साल भर चलते चलते दिसम्बर तक आते आते  ठहरा सा प्रतीत होता है। और निसंदेह ये ठहराव हमें इस बात का मौक़ा देता है कि हम भी समय के इस प्रवाह में कुछ पल रुकें, पीछे मुड़ें और देखें कि इस बीते एक साल में दुनिया के खेल और खेलों की दुनिया कैसी रही। दुनिया के खेल की बात फिर कभी। आज बात खेलों की दुनिया की।

 बीते साल का सबसे बड़ा खेल आयोजन रहा विश्व के सबसे लोकप्रिय खेल की सबसे लोकप्रिय प्रतियोगिता यानि विश्व कप फुटबॉल का। ये बहुत ही सफल आयोजन था जिसमें पहले दिन से आख़िरी दिन तक कड़ी प्रतिस्पर्धा और रोमांच बना रहा। प्रतिबंधित दवाईयों के सेवन और अपने खिलाड़ियों पर प्रतिबन्ध के चलते विश्वसनीयता के संकट से और कुछ हद तक आर्थिक संकट से जूझते रूस ने इस प्रतियोगिता का सबसे सफल आयोजन ही नहीं किया बल्कि अपने शानदार खेल से भी सबको चकित किया। एक तरफ बड़ी-बड़ी दिग्गज टीमें एक के बाद एक ढेर होती रहीं,तो दूसरी ओर कम जानी मानी टीमों क्रोशिया और रूस ने शानदार खेल दिखाया। रूस का ड्रीम रन अंततः क्वार्टर फाइनल में क्रोशिया ने ख़त्म किया और क्रोशिया का स्वप्न सरीखा सफर फाइनल में फ्रांस ने 4-2 से हराकर ख़त्म किया। क्रोशिया के कप्तान और मिडफील्डर लूका मौद्रिच ने शानदार खेल से  अपनी टीम को फाइनल तक ही नहीं पहुँचाया,बल्कि बाद में 'बैलन डी ओर' खिताब भी जीता। इसे जीत कर उन्होंने पिछले दस सालों से इस खिताब पर चले आ रहे रोनाल्डो और मैसी के एकाधिकार को ही ख़त्म नहीं किया बल्कि उससे उत्पन्न एकरसता को भी तोड़ा।उधर 
टेनिस में फेबुलस फॉर में से तीन फेडरर,नडाल और जोकोविच का जलवा इस साल भी कायम रहा।जबकि एंडी मरे चोट के चलते कुछ खास नहीं कर सके। ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर फेडरर ने अपने ग्रैंड स्लैम खिताबों की संख्या अविश्वसनीय 20 तक पहुंचाई तो नडाल के  लाल बजरी पर 11वां खिताब जीतने के अश्वमेध यज्ञ को कोई नहीं रोक सका। उसके बाद विम्बलडन और अमेरिकन ओपन खिताब जीतकर जोकोविच ने शानदार वापसी की। महिलाओं में किसी का एकाधिकार नहीं रहा।ऑस्ट्रेलियन ओपन कैरोलिना वोज़नियाकी,फ्रेंच ओपन सिमोना हालेप,विम्बलडन अंजलीक करबर और अमेरिकन ओपन ओसाका ने जीता। वेटेरन सेरेना की अमेरिकन ओपन से वापसी हुई । फाइनल में जापान की नोआमी ओसाका के हाथों हार और इस मैच में सेरेना का रैफरी से विवाद महिला टेनिस की इस साल की सबसे बड़ी सुर्खियां रहीं। हॉकी में विश्व को नया चैम्पियन मिला। भुबनेश्वर में आयोजित विश्व कप में बेल्जियम ने ऑस्ट्रेलिया की चुनौती को ध्वस्त किया। 
इस साल दो और बड़ी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में 21वें राष्ट्रमंडलीय खेल संपन्न हुए। इसमें भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया और मेज़बान ऑस्ट्रेलिया तथा इंगलैंड के बाद तीसरा स्थान प्राप्त किया। उसने कुल 66 पदक जीते जिसमें 26 स्वर्ण,20 रजत और इतने ही कांस्य पदक शामिल थे। यहां पर भारतीय खिलाड़ियों ने टेबिल टेनिस,बैडमिंटन,शूटिंग,वेटलिफ्टिंग और कुश्ती में शानदार प्रदर्शन किया।
ओलम्पिक के बाद सबसे बड़ी प्रतियोगिता एशियाई खेल इस बार इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता और पालेमबांग में संपन्न हुए। ये इन खेलों का 18 वां संस्करण था। इसमें चीन का दबदबा कायम रहा। भारत कुल 69 पदक जीत कर आठवें स्थान पर रहा। इसमें 15 स्वर्ण,24 रजत और 30 कांसे के तमगे शामिल थे।  इन खेलों का भारत का ये अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इससे पूर्व सर्वाधिक 65 पदक इंचियोन में जीते थे। यहां पर सबसे शानदार प्रदर्शन किया भारतीय एथलीटों ने। उन्होंने भारत के लिए 7स्वर्ण,10रजत और 2 कांसे के पदक जीते। तमाम प्रयासों के बावजूद पुरुष हॉकी में राष्ट्रमंडलीय खेलों वाला लचर प्रदर्शन यहां भी जारी रहा और केवल कांसे का  पदक जीत सके। हाँ महिलाओं ने रजत पदक जीत कर कुछ लाज रखी।भारत को सबसे बड़ा झटका कबड्डी में लगा। ईरान और कोरिया ने भारत की बादशाहत ख़त्म की। पुरुष टीम को कांसे और महिला टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।  16 साल के सौरभ चौधरी से लेकर 60 साल के प्रणब बर्धन ने पदक जीतकर बताया कि सफलता उम्र की मोहताज नहीं होती। 

राष्ट्रीय खेल हॉकी के पुराने गौरव को पाने के प्रयास इस साल भी परवान नहीं चढ़े । विदेशी कोच के स्थान पर देसी कोच हरेन्दर सिंह भी कोई करिश्मा नहीं दिखा सके। ब्रेडा, हालैंड में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी में फाइनल तक पहुँच कुछ उम्मीदें ज़रूर जगाई थीं, लेकिन राष्ट्रमंडलीय और एशियाई खेलों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दिसम्बर में भुबनेश्वर में आयोजित विश्व कप में क्वार्टर फाइनल में हॉलैंड के हाथों हार ने उम्मीदों को नाउम्मीदी में बदल दिया। मेज़बान होने के नाते 43 साल बाद विश्व कप जीतने की उम्मीद मृग मरीचिका साबित हुई। फुटबॉल में कोई नयी ज़मीन नहीं मिली। बस ये संतोष किया जा सकता है कि फीफा रैंकिंग 100  के अंदर बनी रही। 
ये साल क्रिकेट में कुछ घटनाओं के लिए विशेष रूप से याद किया जाएगा। एक, ऑस्ट्रेलिया द्वारा इस साल मार्च में साउथ अफ्रीका के दौरे के तीसरे टेस्ट मैच में की गयी बॉल टेंपरिंग के लिए। यूँ तो क्रिकेट में बॉल से छेड़खानी कोई नई बात नहीं है। पर इस बार इस विवाद ने तूल पकड़ा। ऑस्ट्रेलिआई तेज गेंदबाज़ कैमरून बेनक्राफ्ट को सैंड पेपर से गेंद को रगड़ते हुए कमरे ने पकड़ लिया। अंतत इसके लिए बेनक्राफ्ट के अलावा कप्तान स्मिथ और उपकप्तान  वार्नर को दोषी पाया गया। बेन पर नौ महीने का व स्मिथ तथा वार्नर पर एक साल का प्रतिबन्ध लगा। कोच डेरेन लेहमन ने भी इस्तीफा दिया।दो, मेहमान टीम वेस्टइंडीज़ के खिलाफ नवंबर में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने टीम में एक भी तेज गेंदबाज़ को शामिल नहीं किया और चार स्पिन गेंदबाज़ों के साथ मैदान में उतरी। कई लोगों ने कहा ये तेज गेंदबाज़ी का अवसान का आरम्भ है। तीन,ये साल आतंकवाद से जूझ रहे अफगानिस्तान के उभार के लिए जाना जाएगा। अफगानिस्तान टीम ने  अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में जानदार प्रदर्शन किया। उसके खिलाड़ी आईपीएल में भी खूब चमके। उसे टेस्ट टीम का दर्ज़ा मिला और भारत के साथ अपना पहला टेस्ट मैच खेला। हांलांकि उस मैच में उसका प्रदर्शन बहुत साधारण रहा और तीन दिन में ही पारी से हार गई। भारत में ये साल निसंदेह कोहली के नाम रहा।उन्होंने मैदान में शानदार  प्रदर्शन किया,पर उससे कहीं अधिक चर्चा में अपने ट्वीट के कारण रहे। एक फैन के ट्वीट 'कोहली से ज़्यादा विदेशी खिलाडियों का खेल देखने में आनंद आता है' के जवाब में कहा 'ऐसे लोगों को देश छोड़ चाहिए। कुल मिलाकर भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा। साल का आरम्भ में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका दौरे से किया। टेस्ट सीरीज 2 -1  से हारी पर एक दिवसीय सीरीज 5 -1 से और टी-20 सीरीज 2-1 जीती। इसके बाद श्रीलंका में त्रिकोणीय टी-20 सीरीज जीती। भारत ने इंग्लैंड दौरे का भी टी-20 सीरीज 2-1 से जीतकर शानदार आग़ाज़ किया पर लय बरकरार नहीं रख सके और एक दिवसीय 1-2 से और टेस्ट सीरीज 1-4 से हार गए। इधर ऑस्ट्रेलिया का दौरा भी पहला टेस्ट जीतकर किया हालांकि दूसरा टेस्ट हार गए। युवाओं ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर चौथी बार अंडर 19 विश्वकप जीता तो महिलाओं ने वेस्ट इंडीज में आयोजित टी 20 विश्व कप में सेमीफाइनल तक का सफर तय कर अच्छे भविष्य के संकेत दिए। यहीं पर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 51 गेंदों में 103 बनाकर किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा टी-20  का पहला और कुल तीसरा शतक  लगाया। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों पराजय और इस  मिताली राज को बाहर रखने से टीम के कोच पोवार और मिताली का विवाद शुरू हुआ जिसका पटाक्षेप पोवार की जगह डब्ल्यू वी रमन को कोच बनाए जाने से हुआ।भारतीय क्रिकेट भी 'मी टू ' अभियान से अछूता नहीं रहा और बीसीसीआई के सीईओ  राहुल जौहरी इसकी जद में आए। भारतीय खेलों का सर्वोच्च पुरस्कार 'राजीव गाँधी खेल रत्न पुरस्कार' इस बार विराट कोहली और भारोत्तोलक एस मीराबाई चानू को मिला। इस बार भी ये विवाद से परे नहीं रहे। पहलवान बजरंग पूनिया इस के सबसे प्रबल दावेदार थे पर उन्हें नहीं मिला और इसकी कई हलकों से विरोध की आवाज़ उठी। 
निसंदेह, ये साल भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों का रहा जिन्होंने साल भर शानदार प्रदर्शन कर चीन जापान इंडोनेशिया कर कोरियाई खिलाड़ियों को ज़ोरदार टक्कर ही नहीं दी बल्कि उनके वर्चस्व में सेंध भी लगाई। जूनियर खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जूनियर एशियाई चैम्पियनशिप जीती और विश्व कप में उपविजेता रहे। पी वी सिंधु और साइना नेहवाल ने शानदार खेल दिखाया। साइना ने कामनवेल्थ में गोल्ड और एशियाड में ब्रॉन्ज़ मैडल जीता तो सिंधु ने विश्व चैंपियनशिप के अलावा कामनवेल्थ और एशियाड खेलों,मलेशिया ओपन और इंडियन ओपन के फाइनल तक पहुंची। साल का अंत उन्होंने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर में नोजोमी ओकुहारा को हराकर किया। इसमें विश्व के श्रेष्ठ आठ खिलाड़ी भाग लेते हैं। ये टूर्नामेंट जीतने वाली वे पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। दरअसल साइना नेहवाल और पीवी सिंधु एक ही शृंखला की दो कड़ी हैं। साइना ने भारतीय महिला बैडमिंटन को जिन उंचाईयों तक पहुंचाया उसे सिंधु पूर्णता दे रही हैं। इस प्रतियोगिता में पुरुषों में समीर वर्मा प्रतिनिधित्व कर रहे थे और उन्होंने भी यहां शानदार खेल दिखाया और सेमी फाइनल तक का सफर तय किया। साल के अंत में दो महत्वपूर्ण खिलाड़ियों ने खेल को अलविदा कहा।
तीन सौ से ज़्यादा अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाले दुनिया के सर्वश्रेष्ठ मिडफीडर और सेंटर हाफ माने जाने वाले सरदार सिंह ने हॉकी को अलविदा कहा तो बहुत ही शानदार बांये हत्थे आरंभिक बल्लेबाज़ गौतम गंभीर ने क्रिकेट को अलविदा कहा।कई विदेशी खिलाड़ियों ने भी खेल को अलविदा कहा।निसंदेह क्रिकेट प्रेमी ए बी डीविलियर्स और एलिस्टर कुक के बल्ले की करामात देखने से वंचित हुए तो फुटबॉल प्रेमी आंद्रेज़ इनेस्ता के पैरों के जादू से महरूम। गति के दीवाने फर्नांडो अलोंसो ने फार्मूला वन से विदाई ली तो जलपरी मिसी फ्रैंकलिन तरणताल से बाहर आ गयी।निसंदेह आने वाले साल में इन खिलाड़ियों की मैदान में बहुत कमी खलेगी।

क्रिकेट हॉकी बैडमिंटन जैसे लोकप्रिय खेलों की चमक में कुछ खिलाड़ियों की बड़ी उपलब्धियां भी सुर्खियां नहीं बटोर पातीं। पंकज आडवाणी की उपलब्धियां बिलकुल ऐसी ही हैं। उन्होंने इस साल बर्मा में आयोजित बिलियर्ड्स चैम्पियन में दो फॉर्मेट में विश्व चैंपियनशिप जीत कर अपने विश्व खिताबों की संख्या 21 तक पहुंचाई। खेलों की कोई भी बात मैरी कॉम की उपलब्धियों के उल्लेख के बिना अधूरी रहेगी। तीन बच्चों की माँ और 35 साल की मैरी कॉम ने इस साल ना केवल कामनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीता बल्कि दिल्ली में आयोजित विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में अपना छठा स्वर्ण और कुल मिलाकर सातवां पदक जीता।वे अभी भी आगामी ओलम्पिक में भाग लेने के प्रति आश्वस्त हैं। उन्होंने दिखाया कि जिस उम्र में अपने पारिवारिक ज़िम्मेदारियों के चलते अपनी इच्छाओं और योग्यताओं को महिलाएं घर की किसी खूंटी पर टांग देती हैं उस उम्र में भी इच्छा शक्ति और मेहनत के बल पर दुनिया जीती जा सकती है। 
--------------------------------------
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि हॉकी फुटबॉल जैसे दो एक खेलों को छोड़कर खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन बढ़िया रहा और 2018 का प्रदर्शन 2019 के लिए  जगाता है। 



























एक प्रतिद्वंदिता:दो विदाई

  एक कशमकश है कि अब इख़्तिताम पज़ीर हुआ चाहती है। एक द्वंद्व है जो विराम लिया चाहता है। एक प्रतिद्वंदिता है जो अनिर्णीत समाप्त हुआ चाहती है। द...