Sunday 8 August 2021

टोक्यो ओलंपिक डायरी_16




08 अगस्त 2021

टोक्यो ओलंपिक 

अंतिम दिन

टोक्यो ओलंपिक डायरी


उगते सूरज के देश में ढलती गहराती शाम को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक ने जैसे ही पेरिस के मेयर एनी हिडाल्गो को ओलंपिक ध्वज सौंपा और 32वें ओलंपिक खेलों के समापन की घोषणा की, विश्व के सबसे बड़े खेल रंगमंच का परदा गिर गया, ठीक तीन साल बाद 2024 में पेरिस में फिर से उठाने को। टोक्यो ओलंपिक खेलों का औपचारिक समापन हुआ।

जापान की राजधानी टोक्यो के इस रंगमंच पर 16 दिन तक विश्व के सर्वश्रेष्ठ खेल कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर पूरी दुनिया को चमत्कृत किया और उनका मन मोह लिया। अपने अद्भुत कला कौशल से उन्होंने अविस्मरणीय दृश्य और क्षणों की निर्मिति की और भावनाओं के इंद्रधनुषी रंगों की छटा बिखेरी। अपने सपनों को पाने की चाहत में जी जान लगा दी और वर्षों के परिश्रम से अर्जित अपने कौशल को भी। कुछ के सपने पूरे होकर उनके गलों में तमगों के रूप में लहराने लगे तो बाकी खिलाड़ियों के सपने अगले 4 सालों के लिए उनके सीनों में दफन हो गए। उगते सूरज के इस देश मे कितनों की किस्मत का सूरज उदित हुआ, कितनों का सूरज चमका और कितनों का डूब गया। इन 16 दिनों में आंखें सबकी भीगी। कुछ की मीठे पानी से,कुछ की खारे पानी से। आंखें सबकी बही। कुछ की आंखों से खुशियां टपकी तो कुछ की आंखों से दुख बहे। जीत की मुस्कुराहट से कुछ चेहरे दमके तो  हार की उदासी से कुछ चेहरे कुम्हलाए। यहां प्रतिद्वंद्विताएं हुई, संघर्ष हुए,मुकाबले हुए। अगर कुछ ना हुई तो दुश्मनी ना हुई।  यहां सबने एक दूसरे को खुशी में भी गले लगाया और दुख में भी। आखिर दुनिया तो सबकी साझी है और सबने माना'वर्ल्ड वी शेयर'।

खेल के इस रंगमंच पर अपने कौशल के  प्रदर्शन के लिए भारत के  126 कलाकारों ने अहर्ता प्राप्त की थी। ये अब तक की सबसे बड़ी संख्या थी जिन्हें 18 खेलों की 68 स्पर्धाओं में भाग लेना था। इनमें से कुछ का प्रदर्शन कमाल का रहा। कुछ का फीका।कुछ ने जमा दिया कुछ फिसल गए। कुछ ने देशवासियों को खुशी से खिला दिया कुछ ने निराशा में झुला दिया। कुछ हीरो और बड़े हीरो बन गए। कुछ हीरो ज़ीरो बन कर रह गए। और कुछ ज़ीरो हीरो बन गए।

टोक्यो ओलंपिक में भारत

भारत ने अपने अभियान की शानदार शुरूआत की। मीराबाई चानू ने पहले दिन ही वेटलिफ्टिंग में भारत को रजत पदक दिलाया। ये अब तक की ओलंपिक खेलों की सबसे बेहतरीन शुरुआत थी। लेकिन अगले कई दिनों तक भारत पदक के लिए तरसता रहा। फिर लोवलीना ने मुक्केबाजी में और सिंधु ने बैडमिंटन में दो और कांस्य दिलाए। इस बीच हॉकी में लड़कियों और लड़कों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। लड़कों ने एक और कांसे का पदक दिलाया। अब पहलवान दृश्य पर आए और रवि कुमार दाहिया ने भारत को दूसरा रजत दिलाया। लेकिन भारत ने अपना सर्वश्रेष्ठ आखरी दिन के लिए रखा। पहले गोल्फ में अदिति अशोक केवल एक शॉट से कांस्य चूक गयीं। उसके बाद बजरंग पुनिया ने सेमीफाइनल की हार से उबरते हुए शानदार बाउट लड़ी और भारत को चौथा कांस्य और कुल छठा पदक दिलाया। यहां भारत ने लंदन के प्रदर्शन की बराबरी कर ली और अंत में एक नया इतिहास और इन खेलों का उपसंहार लिखा 23 साल के युवा एथलीट नीरज चोपड़ा ने। उनके हाथों जेवलिन ने स्वर्णिम उड़ान भरी। भारत का टोक्यो का सातवां पदक सोने का हुआ। एथलेटिक्स का पहला पदक और सोने का 2008 के ओलंपिक में अभिनव बिंद्रा के बाद दूसरा। ये चानू द्वारा टोक्यो में भारतीय अभियान के रुपहले आरंभ का सुनहरा समापन था।


भारत के दल में सबसे ज़्यादा शूटर थे। कुल मिलाकर 15. इनमें से अधिकतर टॉप रैंकिंग वाले थे। इनसे सबसे ज़्यादा पदकों की उम्मीद थी। पर सबसे निराशाजनक प्रदर्शन निशानेबाजों का ही रहा। सौरभ चौधरी को छोड़कर कोई फाइनल राउंड तक नहीं पहुंचा। मनु भाकर की पिस्टल का स्पर्धा के बीच में खराब हो जाना एक घटना थी। खराब प्रदर्शन के बाद प्रतिभागियों और प्राशिक्षकों के मतभेद चर्चा का कारण बने और भारतीय रायफल असोसिएशन के अध्यक्ष ने खेलव के बाद आमूलचूल परिवर्तन की बात कही। अक्सर जिनसे सबसे ज़्यादा उम्मीद होती है,सबसे ज़्यादा निराश भी वही करते हैं।

तीरंदाजी में भी निराशा हाथ लगी। विश्व नंबर एक दीपिका सहित तीरंदाजों से उम्मीद की जा रही थी। कोई क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ सका।

पहली वरीयता प्राप्त अमित पंघाल सहित सभी पुरुष मुक्केबाजों ने खराब प्रदर्शन किया। लेकिन महिला मुक्केबाज चमकीं। मेरीकॉम, पूजा कुमारी और लोवलीना ने अच्छा प्रदर्शन किया और एक कांस्य दिलाया।

एथलीटों में कमलप्रीत ने डिस्कस थ्रो और नीरज को छोड़कर कोई फाइनल के लिए क्वालीफाई नही कर सका। जेवलिन में अन्नु,डिस्कस में कमलप्रीत और पैदल चाल में प्रियंका अगर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पातीं तो पदक जीत लेती और एम पी जाबिर फाइनल में पहुंचते। पर ऐसा नहीं हो सका। नीरज चोपड़ा ने जेवलिन में इतिहास रचा। हॉकी में लड़के और लड़कियों दोनों ने कोई प्रतिष्ठा को पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया और अदिति अशोक ने दिल जीता। लड़कियां पहली बार हॉकी के सेमीफाइनल में पहुंची तो लड़कों ने 41 साल पदक दिलाया। 200वीं रैंकिंग ने टॉप रैंकिंग वाली खिलाड़ियों को जबरदस्त चुनौती दी और भविष्य की बड़ी संभावना बनकर उभरी।

इस प्रदर्शन ने बताया कि टेलेंट की कमी नहीं है। कमी हमारी तैयारियों की और खिलाड़ियों को दी जा रही मूलभूत समस्याओं की है। सुविधाओं का प्रचार प्रसार करना और उनका हकीकत में होना और खिलाड़ियों तक पहुंचना दो अलग बातें हैं। अभी खेल प्रशासन संवेदनहीन है और गंभीरता का अभाव है। निशानेबाजी में वहां जो कुछ हुआ ये इस बात की ताईद करता है। नीरज के जर्मन कोच भारतीय अधिकारियों के ऊपर आरोप लगाते हैं कि नीरज को उनकी उदासीनता के बाद एक निजी स्पोर्ट्स कंपनी के सहयोग से यूरोप प्रशिक्षण के लिए भेजा जा सका। अगर आप खेलों में महा शक्ति बनना चाहते हैं तो अभी बहुत काम किया जाना  बाकी है।

बात आज के मुकाबलों के परिणामों की

महिला वॉलीबाल में अमेरिका ने पिछली चैंपियन ब्राज़ील को सीधे सेटों में 3-0 से हरा कर ओलंपिक के पहला गोल्ड जीत लिया। इस स्पर्धा को ओलंपिक में 1964 में शामिल किया गया था। इससे पहले 2008 और 2012 में अमेरिका फाइनल में ब्राज़ील से ही हारी थी। जबकि रियो के सेमीफाइनल सर्बिया से हार गई थी। कांस्य पदक सर्बिया ने दक्षिण कोरिया को 3-0 से हराकर जीता।

वॉलीबाल के साथ ही अमेरिका ने महिला बास्केटबॉल का स्वर्ण पदक भी मेजबान जापान को 90-75अंकों से हराकर जीत लिया है। अमेरिका ने लगातार सातवीं बार इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता है। अमेरिका की 40 वर्षीया बर्ड और 39 वर्षीया तौरासी लगातार पांच स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली दो खिलाड़ी बन गई हैं।

महिलाओं का हैंडबॉल का स्वर्ण पदक फ्रांस ने रूस को 30-25 गोल से हराकर जीता। ये इस स्पर्धा का फ्रांस के पहला स्वर्ण पदक है।

आज पुरुषों की मैराथन दौड़ लगातार दूसरी बार केन्या के ई किपचोगे ने जीतकर अपना नाम महान एथलीटों में दर्ज करा लिया। उन्होंने 2 घंटे 8 मिनट और 38 सेकंड का समय लिया। रजत पदक नीदरलैंड के ए.नागिये ने अऊर्ज कांस्य बेल्जियम के बी.आब्दी ने जीता।

इस बार लयबद्ध जिम्नास्टिक में रूस का दबदबा खत्म हुआ। व्यक्तिगत आल राउंड स्पर्धा में इस्राइल ने स्वर्ण जीता तो आज सम्पन्न हुए आल राउंड टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक बुल्गारिया ने जीता। रजत रूस और कांस्य इटली ने जीता।


टोक्यो ओलंपिक में बहुत कुछ विशिष्ट घटा जाएगा जिसके लिए इसे याद रखा जाएगा।

  • क्रिस्टीना सिमेनोस्काया ने अपने साथी खिलाड़ियों के साथ अपने देश वापस जाने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि अगर वे अपने द्वह जाएंगी तो उन्हें जेल में डाल दिया जाएगा। इस घटना ने शीत युद्ध के समय की याद दिलाई। वे पोलैंड से शरण मांगी है।
  • उधर अमेरिका की स्टार जिम्नास्ट सिमोन बाइल्स ने टीम स्पर्धा के बीच में ही नाम वापस लेकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया और खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य को चर्चा का विषय बना दिया और 'ट्विस्टीज' शब्द चर्चा में आया। ये एक ऐसी मानसिक अवस्था है जिसमें जिम्नास्ट अपनी लैंडिंग को कंट्रोल नहीं कर पाते।
  •  पहली बार औपचारिक रूप से ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों को आधिकारिक मान्यता मिली और कनाडा महिला फुटबॉल टीम की सदस्य क्विन पहली आधिकारिक रूप से भाग लेने वाली और पदक जीतने वाली खिलाड़ी बनीं।
  • इस बार बहुत ज़्यादा रिकॉर्ड टूटे। इटली की कंपनी ने जो ट्रैक बनाया था। उससे  खिलाड़ियों के प्रदर्शन में दो प्रतिशत तक बढ़ने का दावा किया गया था। ये भी संयोग था कि इटली ने ट्रैक पर शानदार प्रदर्शन किया और  5 गोल्ड जीते जिसमें पुरुषों की 4×100 मीटर रिले रेस भी शामिल है।
  • एमा मेकॉन ने इस बार स्विमिंग में सात पदक जीते और कुल 11 पदक जीतकर ऑस्ट्रेलिया की सर्वश्रेष्ठ एथलीट बन गईं। परन्तु तैराकी में अमेरिका का दबदबा बना रहा। अमेरिका की टीम  1996 के बाद पहली बार माइकेल फेल्प्स के पूल में थी पर सेलेब ड्रेसेल ने  उनकी कमी नहीं खलने दी। उन्होंने कुल 5 जवर्ण पदक जीते। अमेरिका ने तैराकी में कुल 30 पदक जीत कर अपना वर्चस्व कायम रखा।
  • ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें कड़ी टक्कर दे 9 स्वर्ण सहित 21 पदक जीतकर अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।
  • इस बार रूस प्रतिबंध के कारण भाग नहीं ले सकता था। लेकिन उसके खिलाड़ियों ने रूस ओलंपिक कमेटी के नाम से भाग लिया।
  • और सबसे बड़ी बात ये पहला ओलंपिक था जिसे एक साल के लिए स्थगित किया गया कोविड महामारी के कारण।इससे पहले के ओलंपिक स्थगित नहीं किए गए बल्कि रद्द किए गए थे। और ये भी कि ये ओलंपिक के इतिहास में पहली बार हो रहा था बिना दर्शकों के आयोजित किए गए। हांलांकि ज़्यादातर जापानी इसके आयोजन के पक्ष में नहीं थे।लेकिन इसमें उन्होंने बहुत रुचि ली। भले ही स्टेडियमों के दरवाजे  दर्शकों के लिए बंद हों लेकिन आउटडोर मुकाबलों को देखने टोक्यो में इमरजेंसी घोषित होने के बावजूद बड़ी संख्या में देखने आए।

पदक तालिका 

 अंतिम दिन अमेरिका फिर चीन को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुँच गया। अमेरिका 39 स्वर्ण,41 रजत और 33 कांस्य पदक सहित  कुल 113 पदक जीत कर पहले स्थान पर,चीन 38 स्वर्ण  पदक,32 रजत और  और 18 कांस्य सहित कुल 88 पदक लेकर दूसरे पर और जापान 27 स्वर्ण पदक, 14 रजत और 17 कांस्य पदक सहित कुल 58 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रहा। भारत 01 स्वर्ण 02 रजत और 04 कांस्य सहित कुल 07 पदकों के साथ पदक तालिका में अब 48वें स्थान पर रहा।

-----------------

इस तरह 16 दिनों की जद्दोजहद के बाद 32वें ओलंपिक खेल पूर्ण हुए। पूर्णता शब्द सकारात्मक होते हुए भी इस मायने में नकारात्मक ध्वनि उत्पन्न करता है कि ये आपको खालीपन के अहसास भर देता है। जो पूर्ण होता है उससे बिछोह करता है। अब दुनिया के कोने कोने से आए 10 हज़ार से भी ज़्यादा खिलाड़ी 'सिटीअस, अल्टीअस,फोर्टिअस' के महायज्ञ में अपने अपने हिस्से की यज्ञाहुति करके एक दूसरे से विदा हो रहे थे। उनकी आंखों विदा होने की उदासी थी लेकिन सुनहरे भविष्य के सपनों चमक भी थी। मानो वे कह रहे हो ये विदाई बिछड़ने के लिए नहीं है बल्कि फिर से मिलने के लिए है। कि वे कह रहे थे इस बीच 'और अधिक तेज और अधिक ऊंचा और अधिक शक्तिशाली बनने के लिए अभ्यास करना है, तुम भी करना। वे कह रहे थे कि फिर मिलेंगे इस बार सपनों के शहर पेरिस में अपने नए सपनों के साथ,सपनों को पूरा करने के लिए। विदा दोस्तों।




No comments:

Post a Comment

ये हार भारतीय क्रिकेट का 'माराकांजो' है।

आप चाहे जितना कहें कि खेल खेल होते हैं और खेल में हार जीत लगी रहती है। इसमें खुशी कैसी और ग़म कैसा। लेकिन सच ये हैं कि अपनी टीम की जीत आपको ...