Saturday 5 July 2014

13वां हॉकी विश्व कप

                        


    नीदरलैंड में आयोजित हॉकी विश्व कप का 13वां संस्करण आई.पी.एल.टी-20 क्रिकेट के शोर, फ्रेंच ओपन टेनिस के ग्लैमर और फीफा वर्ल्ड कप के रोमांच के बीच कहीं खो सा गया थागत 31 मई से 15 जून 2014 तक नीदरलैंड के हेग के क्योसेरा स्टेडियम में 13वीं हॉकी विश्व कप प्रतियोगिता संपन्न हुई। ये तीसरा मौक़ा था जब ये प्रतियोगिता नीदरलैंड में आयोजित हो रही थी। इससे पूर्व 1973 और 1998 में भी नीदरलैंड इस प्रतियोगिता की मेज़बानी कर चुका है।और इस विश्व कप में भारत का प्रदर्शन भी सन्नाटे में निकल गया। कोई हो हल्ला या लानत मलानत नही हुईं। 
              हॉकी खेल -याद है ना आपको। अरे वही जो हमारा राष्ट्रीय खेल है और जिसमे हम कभी बुलंदी पर होते थे।  पर अब नहीं हैं। उसकी छाया मात्र बन कर रह गए हैं। उन बुलंदियों को फिर से छूने की चाह बरकरार है ,कोशिशें भी हो रहीं हैं। पर पता नहीं क्या बात है ये कोशिशें क़ामयाबी में तब्दील नहीं हो पातीं। जब भी भारतीय हॉकी टीम कोई बड़ा टूर्नामेण्ट खेलने जाती हैं तो भारतीयों की उम्मीदें जवां होने लगती हैं कुछ करिश्मा होने की आस में। पर हाथ कुछ नहीं लगता। फिर-फिर असफलता की कहानी अपने को दोहराती जाती है। हेग में भी ऐसा ही कुछ हुआ
                  इस प्रतियोगिता में 31 मई को भारतीय टीम आठवीं रैंकिंग के साथ शामिल हुई थी  और 15 जून को नौवीं रैंकिंग के साथ वापस लौटी। भारत को विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया,इंग्लैंड,बेल्जियम,स्पेन और मलेशिया के साथ ग्रुप ए में गया था। पहले मैच में भारत बेल्जियम से 2-3 से और दूसरे मैच में इंग्लैंड से 1-2 से हार गया। यहां महत्त्वपूर्ण बात ये है कि भारत के विरुद्ध दोनों मैचों में विजयी गोल अंतिम ३० सेकेंड में हुए। ये हाल के दिनों की भारतीय हॉकी टीम की सबसे बड़ी कमजोरी रही है। टीम अंत तक सस्टेन नहीं कर पाती। अगला मैच स्पेन से ड्रा खेला। प्रतियोगिता की पहली जीत मलेशिया के विरुद्ध मिली जिसे उसने 3-2 से हराया। पर अंतिम मैच में ऑस्ट्रेलिया से 0-4 से हार गई। इस प्रकार अपने ग्रुप में पाँचवें स्थान पर रह्कर प्ले ऑफ मुकाबले में नवें व दसवें स्थान के लिए दक्षिण कोरिया से खेले और इस मैच में उसे 3-0 से हराकर नौवां स्थान प्राप्त किया। 
                        प्रतियोगिता ऑस्ट्रेलिया ने जीती।  उसने पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप के पाँचों मैच जीत कर 15 अंकों के साथ ग्रुप में पहले स्थान पर रही। उसके डॉमिनेशन को इस तथ्य से समझा जा सकता है कि उसने ग्रुप स्टेज में 19 गोल किए और 1 गोल खाया। इस ग्रुप से दूसरी टीम इंग्लैंड की थी जिसने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। दूसरे ग्रुप से मेजबान नीदरलैंड और अर्जेंटीना ने क्वालीफाई किया। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया अर्जेंटीना को 5-1 से और नीदरलैंड इंग्लैंड को 1-0 से हराकर फ़ाइनल में पहुँची। फ़ाइनल में भी ऑस्ट्रेलिया ने अपना शानदार खेल जारी रखा और मेज़बान नीदरलैंड जैसी मज़बूत टीम को 6-1 से रौंदकर लगातार दूसरी बार और कुल मिलाकर तीसरी बार हॉकी का विश्व चैम्पियन बना। अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। अर्जेंटीना ने पहली बार इस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में प्रवेश किया था।
                 विश्व कप में भारत के इस प्रदर्शन पर मैंने भारत के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय हॉकी ख़िलाड़ी और इस समय एयर इंड़िया में ए.जी.एम. सुजीत कुमार से बात की। प्रस्तुत हैं उस बातचीत के कुछ अंश

प्रश्न:-अभी हाल ही में हेग में संपन्न विश्व कप में भारत के प्रदर्शन को आप किस नज़रिये से देखते हैं ?


उत्तर:-देखिए हमेशा परफॉरमेंस ही काउंट की जाती है। अगर परफॉरमेंस ख़राब हुई है तो लोग उसको क्रिटीसाइज करेंगे हीं मतलब हमारी टीम को। लेकिन खिलाड़ी होने के नाते यदि हम देंखे, पूरे टूर्नामेंट के मैच मैंने देखे हैं,तो हमारी टीम में और बाकी टीमों में कोई अंतर नहीं था। सभी टीमें एक बराबर थीं,एक समान थीं। लेकिन फ़र्क़ ये था कि दूसरी टीमों के अनुभवी खिलाड़ी अपने अनुभव का इस्तेमाल करते थे ग्राउंड में,लेकिन हमारे जो खिलाड़ी अनुभवी हैं उनका अनुभव हमारी टीम के लिए कभी भी फायदेमंद साबित नहीं हो रहा था। भई,कोच तो आपको ग्राउंड के बाहर बता देगा,ग्राउंड के अंदर तो बताएगा नहीं। जितने भी मैच उन्होंने हारे हैं या ड्रॉ किए हैं उनमें आखिरी 12 सेकेण्ड या 15 सेकेण्ड में हमारे ऊपर गोल पड़ा। जबकि एक अच्छी टीम के डिफेंडर लास्ट मोमेंट पर,डाइंग मोमेंट पर अपनी टीम को बचाने की कोशिश करते हैं। अगर आगे गोल नहीं हो रहा है तो पीछे भी हमारे ऊपर गोल ना हो और ये सारा का सारा दारोमदार अनुभवी खिलाड़ी के ऊपर निर्भर करता है। अगर आपका अनुभव टीम के लिए काम नहीं आया तो उस अनुभव का क्या फायदा। दूसरी चीज़ हमारी टीम में जीतने की जो ललक है उसमें हमेशा कमी देखी है। उनको जीतने की भूख होनी चाहिए ,उस भूख को जगाना चाहिए। लेकिन हमको लगता है पेट भरा हुआ है,इसलिए किसी को जीत की भूख़ ही नहीं है। मेरा ये मानना है कि हमारी टीम थोड़ी सी चूक की वजह से आज निचले पायदान पर आई है। अगर ये थोड़ा सा सँभल कर खेलते,थोड़ा अनुभव का इस्तेमाल करते और ये सोचते कि डाइंग मोमेंट पर हमारी टीम के ऊपर गोल नहीं होना चाहिए तो हो सकता था कि हमारी टीम सेमीफाइनल में खेलती। वो सेमीफ़ाइनल खेलने वाली टीम थी।


प्रश्न :-कुल मिला कर आप ये कहना चाहते हैं कि टीम का चयन ठीक था। अब दो प्रश्न उठते हैं एक,सरदारा,रघुनाथ,वीरेंदर ये ही तीन चार अनुभवी ख़िलाड़ी टीम में थे  और उनका अनुभव ठीक से काम नहीं आया ? दूसरे,खिलाडियों की फिजिकल फिटनेस अच्छी नहीं थी? वे 70 मिनट खेलने लायक नहीं थे? 

उत्तर:-देखिए आज की डेट में जो हमारी हॉकी टीम है वो फिट है।आप ये मान के चलिए कि हमारी टीम में फिटनेस की क़ोई कमी नहीं थी। अब आपने जो चार पांच लड़कों के नाम लिए वे अनुभवी थे यानि डिफेंस में हमारे पास अनुभवी खिलाड़ी थे,वो क्या कर रहे थे ?रुपिंदर पाल भी अच्छा ख़िलाड़ी है। मैं उसे बहुत अच्छा खिलाड़ी मानता हूँ। एक और डिफेन्स का अच्छा खिलाड़ी था। अगर आपके पास एक भी डिफेन्स का अच्छा खिलाड़ी है तो वो क्या करता है कि वो अपनी डिफेन्स को खिलाता हैं ,गाइड करता है।  हम ऑवर आल परफॉरमेंस देंखे तो श्रीजेश एक्सीलेंट प्लयेर हैं। जिस हिसाब से उसने खेला,परफॉर्म किया ,अगर वो परफॉर्म नहीं करता तो  हो सकता है इंडिया के ऊपर और गोल पड़ते। पर मेरा ये कहना है कि पूरी टीम अनुभवी नहीं होती। हमेशा एक्सपीरिएंस और यंग को मिलाकर टीम बनती है। यंग का काम होता है अटैक करना और स्पीड़ को बनाए रखना और अनुभवी खिलाड़ियों का काम होता है अपने अनुभव के साथ उन लड़कों को फीडिंग करना,अपने गोल को बचाना और टाइम टू टाइम स्ट्रैटजी चेंज करना।

प्रश्न:-आप ये कहना चाहते हैं कि सीनियर खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा पाए ? 

उत्तर:-बिल्कुल,वो ठीक से नहीं निभा पाए। ख़ास तौर पर हम डिफेंडर्स को बोलेंगे।10 -15 सेकंड का समय बचा है,आप बराबर चल रहे हैं आप जीत नहीं सकते,कम से कम आपके पास एक पॉइन्ट तो होना चाहिए ।10 -15 सेकंड बचा है,आप गोल खा गए,ये कहाँ की तुक हैं। एक दो सिचुएशन तो ऐसी थी कि उनका फॉरवर्ड आ रहा है हमारे दो डिफेंडर उसे टैकल कर रहे हैं। भई एक को टैकल करने देते और आप उनको बैक से कवर करते। अगर उससे बॉल निकलती तो आप टैकल कर लेते। अब एट ए टाइम दोनों प्लयेर चले गए टैकल करने। एक ही बाल पर बीट हो गए दोनों तो गोल हो गया। जो भी सीनियर अनुभवी खिलाड़ी हैं उन्हें सोचना चाहिए कि जो डेंजर ज़ोन है 'डी' उसमें अगर बॉल आती है वो भी डाईंग मोमेंट में जहाँ पर गोल होने के बाद हमारे पास गोल उतारने के लिए समय नहीं रहेगा तो ऐसे मोमेंट में अपने को बड़ा सँभाल के खेलना चाहिए। हम इतने बड़े टूर्नामेंट में जा रहे हैं हमारा एक एक डिसीजन बड़ा वैल्युएबल है।


प्रश्न:-आप कह रहे हैं खिलाड़ी अपने अनुभव का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं?समस्या सिर्फ इतनी सी है या इससे बढ़कर है ?


उत्तर:-सच बात ये है कि हमारी जो अग्रिम पंक्ति थी वो इस लायक नहीं थी वो बड़े टूर्नामेंट में चैलेंज पेश कर सके।


प्रश्न:-अगर बार बार गलती हो रही है तो क्या इसके लिए कोच को भी जिम्मेदार माना जाना चाहिए या सिर्फ खिलाड़ी ही जिम्मेदार हैं ?


उत्तर:-कोच  की तो  बहुत लोग आलोचना कर रहे हैं कि विदेशी कोच आया हैं। उसको इतना पैसा दे रहे हैं नौ नौ लाख रुपया और इंडियन कोच को पैसा नहीं देते। जब टीम जीतती है तो सब एक सुर में बोलते हैं कोच बहुत अच्छा था। जब टीम हारती है तो एक सुर में बोलते हैं कोच बेकार है यार। देखिए जो कोचेज़ हैं वे वर्ल्ड के बेस्ट कोचेज हैं। लेकिन कोच कभी भी अपने खिलाड़ियों को घोल के नहीं पिलाता।ट्रेनिंग सेशन में वो सब कुछ बताएगा। लेकिन मैदान में सीनियर खिलाड़ी मह्त्वपूर्ण है। अगर हम सीनियर हैं और अपने अनुभव का इस्तेमाल नहीं कर सकते तो लानत है ऐसे 200-300 मैच खेलने पर। मेरा ये मानना है कि जो सीनियर प्लयेर खेल रहे थे उन्होंने अपने अनुभव का इस्तेमाल नही किया। दूसरे जो यंग प्लेयर खेल रहे थे वे बॉल प्रॉपर रिसीव नहीं कर पा रहे थे। इनको चाहिए कि जो यंग प्लयेर हैँ उनको ज्यादा से ज्यादा खिलाएं ,उनको ज्यादा एक्सपोज़र दें ताकि उनको ये पता लग सके कि हॉकी इंडिया लीग खेलना अलग चीज़ हैं और वर्ल्ड कप,ओलम्पिक,एशियाड खेलना अलग चीज़ है। उन्हें ये पता होना चाहिए कि हॉकी इंडिया लीग हिन्दुस्तान में होती है और वर्ल्ड कप,ओलंपिक विदेशों में खेलते हैं। जब आप विश्व की टॉप टीमों के विरुद्ध खेलते हैं तो इसके लिए आपको इतना एक्सपीरिएंस होना चाहिए,गेम की इतनी नॉलेज होनी चाहिए कि कब आपको बॉल रिसीव करना करना है,कहाँ करना है और कब कहाँ पास देना है
                                       सबसे बड़ी चीज़ है कि हॉकी बहुत तेज़ हो गयी है। फार्मेशन लगातार चेंज करते जा रहे हैं। हमारे पास आज की तारीख़ में एक भी ऐसा खिलाड़ी नहीं है जो विपक्षी को स्पीड़ में बीट कर सके। अब यूरोपियन ड्रिब्लिंग करके प्लेयर को बीट कर रहे हैं,डॉज मार रहे हैं। लेकिन हमारे एक भी खिलाड़ी में ये क्वालिटी नहीं है जो वन बाई वन एक भी ख़िलाड़ी को  बीट कर सके डॉज देकर। फिर हर खिलाड़ी में एक ना एक क्वालिटी ऐसी होती है जिसकी वज़ह से वो जाना जाता है राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर। हमारे बहुत से ऐसे खिलाड़ी हैं जो हॉकी इंडिया लीग तो खेलते हैं लेकिन बाहर खेलने का अनुभव उन्हें नहीं है।

प्रश्न:-पहले हम गोल्ड की बात करते थे। फिर हम मेडल की बात करने लगे। इस बार जब कोच से भारतीय टीम के बारे में पूछा गया तो तो उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य पहले 6 स्थानों पर आने का है। ये हॉकी में निरन्तर गिरावट की और संकेत करता है। आप इसे किस नज़रिये से देखते हैं ?

उत्तर:-देखिये कोच को अपनी टीम की काबिलियत पर भरोसा नहीं है। इसलिए वो ये तो नहीं कहेगा कि टीम मैडल लाएगी। लेकिन मैं मानता हूँ कि टीम में इतनी खूबी थी कि कभी भी किसी भी मैच का पासा पलट सकती थी। प्रॉब्लम हमारी टीम में ये कि कन्सिस्टेंसी नहीं है। हमारी टीम आज अच्छा खेलेगी ,कल बुरा खेल जाएगी। कभी एक ही मैच में पैचेज में अच्छा खेलते हैं पता चला 10 मिनट अच्छा खेले 15 मिनट खराब खेले। अच्छी टीम वो होती है जो लगातार अच्छा खेलती है।हर किसी का ऑफ डे होता है।  बड़ी बड़ी टीमों का भी। हॉलैंड ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से 6 गोल खा लिए क्योंकि उस दिन उनका ऑफ डे था। लेकिन जो टीम पैचेज में अच्छा खेलती है वो ज्यादा समय तक सस्टेन नहीं करती है। 

प्रश्न:-तो फिर समस्या का समाधान क्या है ?

उत्तर:- देखिये समस्या सॉल्व करने का एक ही तरीका है कि हमारी हॉकी की जो खामी हैं वो है 'लेक ऑफ़ क्वांटिटी' . क्रिकेट को देख लीजिए एक कैंप लगता है तो 5000 बच्चे आ जाते हैं,हॉकी का लगता है तो 250 बच्चे भी नहीं आते। अगर आपके पास क्वांटिटी नहीं है तो क्वालिटी कहाँ से जनरेट करेंगे।पर जो सबसे अच्छी चीज़ है वो है हॉकी इंडिया लीग। वो बेहतरीन हो रही है। आगे आने वाले चार पाँच सालों में इसके रिजल्ट मिलने शुरु हो जाऐंगे। लेकिन ग्रास रुट लेवल पर कुछ काम नहीं हो रहा है जिसकी जरूरत है। 

प्रश्न:-आपने थोड़ी देर पहले कहा कि भारतीय टीम में जीत की ललक नहीं है। हॉकी लीग से प्लेयर्स को अच्छा पैसा मिल रहा है। ऐसा तो नहीं कि ख़िलाड़ी इससे संतुष्ट  हो ?कहीं लीग का ये दूसरा पक्ष तो नहीं ?

उत्तर:-नहीं,नहीं हॉकी लीग से लड़कों को पैसा मिल रहा है अच्छी बात हैं। और भी ज्यादा मिलना चाहिए। आप जिन को रोल मॉडल मानते हैं उनको अवार्ड मिल् रहा हैं तो आपके दिल में ये बात आती है जब इनको इतना पैसा मिल रहा है,टी वी पर आ रहे हैं ,अवार्ड मिल रहा है अगर हम भी मेहनत से खेलेंगे तो हो सकता है हम भी इनकी तरह हो जाएं। तो लड़कों में एक जागरूकता आती है,उत्साह जगता है।

प्रश्न:-भारतीय हॉकी में गलत क्या हो रहा है ?

उत्तर:-आज  हमारे देश में ग्रास रुट लेवल पर काम नहीं हो रहा है। आज दुनिया में सबसे ज्यादा हॉकी हॉलैंड और ऑस्ट्रेलिया में खेली जाती है। पूरे हॉलैंड में 600 से  ज्यादा एस्ट्रो टर्फ हैं। क्या हमारे हिन्दुस्तान में हैं। मेरे ख़्याल से भारत में 100 भी नहीं मिलेंगे। विदेशों में बच्चे को शुरू से ही एस्ट्रो टर्फ पर खिलाते हैं,शुरू से ही बच्चों के पास वैसी ही हॉकी होती है,वैसे ही टर्फ के शूज़ होते है,वैसी ही टैक्टिस अडॉप्ट करते हैं स्किल्सकी। हमारे यहां सारे बच्चे तो घास पर खेलते हैं। हमारे यहाँ एक और प्रॉब्लम है ओवर ऐज की अग़र 14 साल का टूर्नामेंट है और उसमें 16 साल का लड़का खेलेगा तो अच्छी परफॉर्म कर लेगा लेकिन ऐसे में 14 साल के लड़के का क्या होगा। तीसरी बात ये है कि हमारे हिन्दुस्तान में कोचेज़ की क्वालिटी ही इतनी गिरी हुई है तो वे बच्चों क्या सिखाएंगे ?

प्रश्न:-तो फिर ?

उत्तर:-तो ग्रास रूट लेवल पर बहुत काम करने की जरूरत है। उसमें ऐज को चैक करने की बहुत जरूरत है। फिर अच्छा एटमॉस्फियर देने की जरूरत है। अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर हो। बच्चों के पास टर्फ हो। इसका कारण ये है कि आपके पास 500 बच्चें हैं। उन्हें सेलेक्ट कर के इंडिया भेज दिया। उनका रिप्लेसमेंट कौन आएगा। आप एक लड़के को सेलेक्ट कर रहे हैं वो कितने साल इंडिया खेलेगा। पांच साल सात साल। तब उसको कोई रिप्लेस भी तो करेगा। अगर कोई रिप्लेस करेगा तो बच्चा आएगा कहाँ से। वो बच्चा तैयार कैसे होगा ? इन सब बातों पर सोचना होगा।

प्रश्न:-इस समय इण्डिया टीम में कौन से उदीयमान खिलाड़ी हैं जो वर्ल्ड क्लास बन सकते हैं ?

उत्तर:-निसंदेह सरदारा सिंह बेस्ट प्लयेर हैं 

प्रश्न:-उनके अलावा ?

उत्तर:-एक लड़का है रुपिंदर पाल सिंह। वो बहुत अच्छा है। क्योंकि जो डिफेंडर होता है उसकी पहली क्वालिटी होती है टैकलिंग-फॉरवर्ड प्लेयर हमको बीट करके ना जाए। पेनाल्टी कार्नर उसकी एडिशनल स्किल है। रुपिंदर पाल में क्वालिटी हैं,अच्छी टैकलिंग है,अच्छी हाइट है,अच्छी रीच है और अच्छा ड्रैग फ्लिकर है। हमको ऐसे ही प्लेयर चाहिए। गुरबाज सिंह भी बहुत अच्छा प्लेयर हैं।  उसमें गेम सेंस बहुत है। रघुनाथ ठीक है लेकिन उसको टैकलिंग की आदत होनी चाहिए। कोचेज को डिफेन्स पे कंसन्ट्रेट करना चाहिए।  

प्रश्न:-फॉरवर्ड में कोई बेहतरीन प्लयेर दिखाई देता है। आकाशदीप सिंह के बारे  आपके क्या विचार हैं ?

 उत्तर:-हमारे फॉरवर्ड में इस समय कोई ऐसा प्लेयर नहीं है जिसको आप बोल सकते हैं कि आने वाले समय में वो वर्ल्ड क्लास बन जाएगा। वर्ल्ड क्लास बनने की कई क्वालिटी होती हैं। एक दो क्वालिटी ऐसी होती हैं जिसमें आपका परफेक्शन होता है जैसे मोहम्मद शाहिद थे। मो. शाहिद वर्ल्ड के ऐसे प्लेयर थे जिनका दुनिया लोहा मानती थी। उनके पास स्किल था विथ स्पीड। आज की डेट में दो एक ऐसे प्लयेर हो जाएं तो हिंदुस्तान के वारे न्यारे हो जाएंगे क्योंकि अभी हमारे पास  एक भी ऐसा प्लेयर नहीं है जो ड्रिबल करके एक प्लयेर को बीट कर सके। 

प्रश्न:-इस समय देश में हॉकी की जो गतिविधियाँ चल रही, हॉकी को जो चलाने वाले जो लोग हैं- हॉकी इंडिया और हॉकी फेडरेशन के बीच  आज भी लड़ाई चल रही है। क्या इसका फर्क पड़ता है हॉकी पर?

उत्तर:-देखिए अब कोई फ़र्क नहीं पड़ रहा है क्योंकि मि. नरेंद्र बत्रा जो काम कर रहे हैं वो हॉकी के प्रमोशन के लिए बहुत  बड़ी चीज हैं। नरेंद्र बत्रा अकेले इतना बड़ा काम कर रहे हैं। और हिन्दुस्तान में एक नरेंद्र बत्रा नहीं चाहिए बल्कि पचासों नरेंद्र बत्रा चाहिएँ जो डिफरेंट एरिया में,डिफरेंट जोन में हॉकी के लिए काम करें। नरेंद्र बत्रा अकेले काम कर रहे हैं,उनको चाहिए सौ हाथ काम करने के लिए। नरेंद्र बत्रा ने जो काम कर दिया है वो हॉकी फेडरेशन कभी नहीं कर सकी। मेरा ये मानना है कि नरेंद्र बहुत अच्छा काम कर रहे हैं जिसके रिजल्ट एक दो साल में मिलना शुरू हो जाएंगे। लेकिन एट दी सेम टाइम नरेंद्र बत्रा को इस बात पर कंसन्ट्रेट करना चाहिए कि हम ग्रास रुट लेवल पर कैसे लड़के तैयार करें। कैसे हम लोगों से मैनेज करें। लोगों से बात करें। हर स्टेट में जितने भी बड़े खिलाड़ी हैं,ओलम्पियंस हैं उनको बुलाकर सुझाव लें। होता ये है जो चापलूसी करते हैं वे ऑफिसियल बन जाते हैं। नरेंद्र बत्रा को मालूम होना चाहिए कौन उनके काम का है और कौन बेकार है। वो जिस हिसाब की हॉकी करा रहे हैं ऑफिसियल भी उसी कैलिबर का होना चाहिए।  

प्रश्न-आप इलाहाबाद से हैं। इलाहबाद में हॉकी की लम्बी परंपरा है।न केवल स्कूल स्तर पर बल्कि विश्वविद्यालय स्तर पर भी इलाहाबाद का क़ाफी नाम था। एल्बर्ट कैलब,सुजीत,दानिश और अब मुज़्तबा। अब इलाहाबाद में हॉकी ख़त्म हो रही है ?आप क्या सोचते हैं?

उत्तर:-इलाहाबाद में भी हॉकी की दयनीय स्थिति है। मैं कर्नलगंज इंटर कॉलेज का प्रोडक्ट हूँ। जिस समय हम हॉकी खेलते थे उस समय सी.आई.सी.;एम.आई.सी.; एम.वाए.एम.ए. ये दो तीन कॉलेज बड़े अच्छे थे। इसके अलावा ए.बी.आई.सी. में और जमुना क्रिश्चियन में भी हॉकी होती थी। इलाहाबाद में दो तीन गेम हीं चलते थे-फुटबॉल,हॉकी,क्रिकेट और टेनिस भी। हॉकी में तो इलाहाबाद का वर्चस्व हमेशा से बना रहा। लेकिन मैं वही कह रहा हूँ ना कि इंटरेस्ट कौन लेगा। इंटरेस्ट किसी ना किसी को लेना ही पड़ेगा। किसी को आगे आना ही पड़ेगा। अब खेल निदेशालय एडहॉक कोच रख लेता है आठ दस हज़ार मिल जाता है। वो मस्ती में आते हैं सुबह और चले जाते हैं। एस्ट्रो टर्फ हैं नहीं इलाहाबाद वाराणसी गोरखपुऱ  ये सब गढ़ होते थे हॉकी के। वहां पर टर्फ होनी चाहिए। वाराणसी में तो चलिए टर्फ है इलाहाबाद में नही है,गोरखपुर में नहीं है। ये सब तो पॉकेट्स थीं होखी की। दोबारा रिवाइव करने  लिए इनको इंफ्रास्ट्रक्चर भी देना होगा। अगर हम कहते हैं कि बच्चे तैयार नहीं हो रहे हैं तो तैयार करेगा कौन। अच्छे कोच भी तो लाने पडेंगे ,अच्छी ग्राउंड भी तो होनी चाहिए। 
              अभी एक दिन यूनिवर्सिटी ग्राउंड पर गया था देख़ा खेल हो रहा था। अभी सीनियर हॉकी प्लेयर जो इस समय इलाहाबाद के कमिश्नर भी हैं,से बात हो रही थी उन्होंने कहा सुजीत हम यूनिवर्सिटी मे एस्ट्रो टर्फ लगवाना चाहते हैं हमने कहा "मोस्ट वेलकम ". इलाहाबाद में एस्ट्रो टर्फ होइ चाहिए। इलाहाबाद हॉकी का गढ़ था,एकदम ख़त्म हो गया है। तो उसको किसी तरह से रिवाइव करना चाहिए। अब रिवाइव करना है तो रिवाइवल प्लान होना चाहिए आपके पास। रिवाइवल प्लान कौन बनाएगा ?खेल निदेशालय के अधिकारी बनाएंगे। वो इस तरह से प्लान बनाए कि इलाहाबाद की जो अंतर्राष्ट्रिय खिलाङी हैं उन्हें इनवॉल्व करें कि वे ग्राउंड में जाएँ। उनको जो भी पैसा देना है दीजिये। अरे भई यहाँ जो एडहॉक कोच हैं एकदम बेकार हैं। जो आठ दस हज़ार उन्हें दे रहे ये पैसा अपने शहर के अंतर्राष्ट्रीय खिलाडियों को दीजिए वे कोचिंग देंगे ग्राउंड में आकर। 






No comments:

Post a Comment

ये हार भारतीय क्रिकेट का 'माराकांजो' है।

आप चाहे जितना कहें कि खेल खेल होते हैं और खेल में हार जीत लगी रहती है। इसमें खुशी कैसी और ग़म कैसा। लेकिन सच ये हैं कि अपनी टीम की जीत आपको ...